यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 21, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गांधी को 'आप' ने निपटाया मान बने लोकसभा में नेता
प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव के निष्कासन का विरोध करने वाले धर्मवीर गांधी को भी आम आदमी पार्टी में किनारे ...और पढ़ें

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव के निष्कासन का विरोध करने वाले धर्मवीर गांधी को भी आम आदमी पार्टी में किनारे लगा दिया गया। लोकसभा में पार्टी के चार सांसदों का नेतृत्व धर्मवीर गांधी के बजाय हास्य कलाकार भगवंत मान करेंगे।
पंजाब के पटियाला से सांसद धर्मवीर गांधी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव को पार्टी के अहम पदों से हटाए जाने का खुल कर विरोध किया था। पूरी तरह से अरविंद केजरीवाल की हो चुकी आम आदमी पार्टी में अब गांधी को भी ठिकाने लगा ही दिया गया। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की तरफ से लोकसभा अध्यक्ष को भेजी गई चिट्ठी में गांधी की जगह भगवंत मान को पार्टी का नेता बनाने की अनुशंसा की गई है, जिसे लोकसभा अध्यक्ष ने स्वीकार कर लिया है।
दरअसल, आम आदमी पार्टी के सूत्रों का कहना है कि गांधी के विरोध को बगावत मानने के बावजूद पार्टी उन्हें निष्कासित नहीं करेगी क्योंकि पार्टी से निष्कासन के बावजूद उनकी संसद की सदस्यता बनी रहेगी और वे पार्टी के अनुशासन या व्हिप से बंधे नहीं रहेंगे। यहां तक कि वे विभिन्न मामलों में संसद में पार्टी की नीतियों के खिलाफ बोलने और वोट देने को स्वतंत्र होंगे। जबकि, पार्टी में बने रहने के बाद इसकी व्हिप का पालन नहीं करने पर उनकी सदस्यता जा सकती है। इससे पहले गांधी ने पार्टी को पत्र लिख कर भी अपने खिलाफ साजिश की शिकायत की थी।
