यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 28, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मनीष सिसोदिया के लिए तैयार हो रहा फ्लैट!
पूर्वी दिल्ली [सुधीर कुमार]। आप के महत्वपूर्ण नेता और दिल्ली के भावी मंत्री मनीष सिसोदिया के लिए मयूर विहार फेज-दो ...और पढ़ें

पूर्वी दिल्ली [सुधीर कुमार]। आप के महत्वपूर्ण नेता और दिल्ली के भावी मंत्री मनीष सिसोदिया के लिए मयूर विहार फेज-दो में दो सरकारी फ्लैट तैयार किए जा रहे हैं। हालांकि सिसोदिया के कार्यालय द्वारा इससे इन्कार किया जा रहा है। खुद सिसोदिया अभी इस बारे में कुछ नहीं कह रहे हैं। लेकिन दो फ्लैटों में रंग-रोगन से लेकर पत्थर की घिसाई और खिड़कियों में जाली लगाने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी दबी जुबान में मान रहे हैं कि फ्लैट सिसोदिया के लिए ही तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा यहां रहने वाले लोग भी यह कह रहे हैं कि सिसोदिया के लिए ही फ्लैट तैयार हो रहा है। मंत्री महोदय के पड़ोसी बनने की संभावना को लेकर यहां रहने वाले लोग उत्साहित हैं। लोगों का कहना है कि उन्हें खुशी होगी कि अगर वह यहां आते हैं।
पढ़ें : दिल्ली सरकार में कौन-कौन होंगे केजरीवाल के सिपहसालार
माना जा रहा है कि सरकार के विश्वास मत हासिल करने के बाद सिसोदिया यहां आ सकते हैं। अधिकारियों की मानें तो सिसोदिया फ्लैट में रहने आ सकते हैं। हाल ही में आप नेताओं का यह बयान आया था कि मंत्री बनने के बाद आप नेता बड़े सरकारी बंगले नहीं लेंगे। इसका निहितार्थ यही निकला कि वह सरकारी फ्लैट ले सकते हैं। जिससे आम जनता उन तक आसानी से पहुंच सके। मयूर विहार फेज-दो में डीडीए फ्लैट बने हुए हैं। इनमें निजी फ्लैटों के अलावा सरकारी फ्लैट भी हैं।
पॉकेट बी में कई सरकारी फ्लैट हैं। टाइप चार के यह फ्लैट दिल्ली सरकार के अधिकारियों के लिए बने हैं। एक फ्लैट में तीन कमरों के अलावा बड़ा सा ड्राइंग रूम और और बड़ी बालकनी हैं। पॉकेट बी के फ्लैट संख्या 46 ए और 49 ए दो फ्लैटों में पिछले कुछ दिनों से युद्धस्तर पर काम चल रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी यहां के फ्लैट में हो रहे फिनिशिंग कार्यो का लगातार जायजा ले रहे हैं।
आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि दोनों फ्लैट मनीष सिसोदिया के लिए तैयार कराए जा रहे हैं। अगर वह यहां रहने की इच्छा जाहिर करते हैं तो फ्लैट पूरी तरह से तैयार मिलेगा। एक फ्लैट उनके रहने के लिए तैयार कराया जा रहा है और दूसरा कार्यालय के लिए तैयार हो रहा है। भूतल पर स्थित दोनों फ्लैट आमने सामने हैं और कार्नर के हैं। चूंकि यह फ्लैट सिसोदिया के विधानसभा क्षेत्र में पड़ता है। इस वजह से यहां रहने में उन्हें परेशानी नहीं होगी। हालांकि मनीष सिसोदिया को कई बार फोन करने और इस मामले की जानकारी देने के बाद भी उनका जवाब नहीं आया।
सिसोदिया के कार्यालय से यही कहा गया कि अभी फ्लैट में रहने या कार्यालय खोलने का कोई विचार नहीं है।
गौरतलब है कि सिसोदिया का घर पांडव नगर में डी-59 में द्वितीय मंजिल पर है। जहां वह पिछले कुछ समय से रह रहे हैं। उनका परिवार गाजियाबाद के वसुंधरा स्थित वार्तालोक सोसायटी में रहता है। बृहस्पतिवार को सिसोदिया का विधायक कार्यालय पांडव नगर ई-59 के प्रथम मंजिल पर खुला है। विधायक कार्यालय के लिए जगह किराए पर ली गई है। दोनों ही जगह आम लोगों के पहुंचने के हिसाब से तकलीफदेह हैं। यहां पार्किंग से लेकर कई तरह की समस्याएं हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
