विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 06, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

असीमानंद के दो साल पुराने साक्षात्कार पर छिड़ा घमासान

By Edited By:
Published: Thu, 06 Feb 2014 11:53 AM (IST)Updated: Thu, 06 Feb 2014 10:04 PM (IST)

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। आतंकी गतिविधियों को हरी झंडी देने के आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के खिलाफ असीमानंद के कथित ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। आतंकी गतिविधियों को हरी झंडी देने के आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के खिलाफ असीमानंद के कथित खुलासे पर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस, बसपा और लोजपा ने इस खुलासे को गंभीर बताते हुए जांच की मांग की है। वहीं भाजपा, आरएसएस और शिवसेना ने असीमानंद के साक्षात्कार पर सवालिया निशान लगाते हुए इसे चुनाव के पहले असली मुद्दे से ध्यान हटाने की सरकार की साजिश करार दिया है। असीमानंद समझौता एक्सप्रेस, अजमेर शरीफ और मालेगांव में बम विस्फोट का आरोपी है और पिछले कई सालों से जेल में बंद है।

गौरतलब है कि एक पत्रिका ने दो साल पहले लिए गए असीमानंद के एक साक्षात्कार में आतंकी हमलों के लिए संघ प्रमुख मोहन भागवत की हरी झंडी मिलने का दावा किया है। बम विस्फोटों के पीछे मोहन भागवत का नाम आते ही राजनीतिक पार्टियों ने भाजपा और संघ पर हमला तेज कर दिया।

विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद और संसदीय कार्य राज्यमंत्री राजीव शुक्ला ने असीमानंद के आरोपों को गंभीर बताते हुए इसकी सच्चाई सामने लाने की मांग की। वहीं बसपा प्रमुख मायावती ने इसकी सीबीआइ से जांच की जरूरत बताई। गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि यदि असीमानंद ने कुछ खुलासा किया है, तो वह सही हो सकता है।

पढ़ें: बड़े नेताओं पर फैसला ले सकता है संघ

वहीं भाजपा, शिवसेना और आरएसएस ने असीमानंद के साक्षात्कार पर ही सवाल उठा दिया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कथित खुलासे को बकवास करार देते हुए कहा कि असीमानंद के वकील ने ऐसे किसी साक्षात्कार से इन्कार किया है। दो साल पहले लिए साक्षात्कार के खुलासे के समय से इसके उद्देश्य का संकेत मिल जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का डर्टी ट्रिक्स डिपार्टमेंट चुनाव के पहले ऐसे झूठे खुलासे कर जनता का ध्यान असली मुद्दों से हटाने से कोशिश कर रहा है। वहीं आरएसएस के वरिष्ठ नेता राम माधव ने असीमानंद के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर