विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 04, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बाप ने लूटा कोयला, बेटे ने बालू: अमित शाह

By manoj yadavEdited By:
Published: Thu, 04 Dec 2014 04:44 PM (IST)Updated: Thu, 04 Dec 2014 06:50 PM (IST)

'चुहार विद्रोह' [अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ स्थानीय आदिवासियों का हुआ आंदोलन] की धरा पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गुरुवार को विरोधियों पर गरजते-बरसते रहे। झारखंड में सियासी बदलाव का संगीत रचते शाह के निशाने पर बाप-बेटे(शिबू सोरेन-हेमंत सोरेन) फिर आए। कहा, कांग्रेस ने लूट के लिए गुरुजी को

News Article Hero Image

माधव, नीमडीह [सरायकेला-खरसावां]। 'चुहार विद्रोह' [अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ स्थानीय आदिवासियों का हुआ आंदोलन] की धरा पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गुरुवार को विरोधियों पर गरजते-बरसते रहे। झारखंड में सियासी बदलाव का संगीत रचते शाह के निशाने पर बाप-बेटे(शिबू सोरेन-हेमंत सोरेन) फिर आए। कहा, कांग्रेस ने लूट के लिए गुरुजी को पकड़ा। पहले बाप से कोयला लुटवाया, फिर बेटे से बालू।

कांग्रेस ने झारखंड में किसी सरकार को स्थिर नहीं रहने दिया। एक समय ऐसा आया, जब अर्जुन मुंडा की सरकार गिरवाकर निर्दल विधायक को सूबे की कमान थमा दी। मुंडा सरकार नहीं गिरती तो मधु कोड़ा चार हजार करोड़ का घोटाला नहीं कर पाते। अमित शाह नीमडीह के लुपुंगडीह में ईचागढ़ से भाजपा प्रत्याशी साधुचरण महतो के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। शाह ने कहा, कांग्रेस ने देश को केवल लूटा। सोनिया-राहुल हमसे पांच महीने के कामकाज का हिसाब मांगते हैं। हम 2019 में जनता को अपने काम का पूरा ब्योरा देंगे, अभी तो कांग्रेस अपने 60 साल का जवाब दे।

राहुल के पिता-नाना को छोड़ दें, कांग्रेस ने बीते 10 सालों में ही कितने घोटाले कर डाले। टूजी, हेलीकॉप्टर, टैंक, विमान, कॉमनवेल्थ, कोयला आदि-आदि। और तो और शहीदों की विधवा के लिए बनने वाले फ्लैट(आदर्श सोसाइटी) तक को बेच खाए। भाजपा अध्यक्ष ने सभा में मौजूद महिलाओं से बोलवाया, कोयला तो घर के बाहर रखा होता है कि नहीं। जवाब आया-हां। फिर कहा कोयला तो चोर भी चोरी नहीं करता।

यूपीए के शासनकाल में कोयला में भी लूट हो गई। कांग्रेस ने झारखंड के 55 लाख करोड़ रुपये के कोयले की चोरी की। भाई-भतीजों में खदान बांटे। झारखंड में भी एक नेता ने अपने भतीजे को खदान दिलवाया। शाह ने भीड़ से पूछा, जानते हो, झारखंड का वह नेता कौन है। आवाज आयी-सुबोधकांत सहाय। शाह ने कहा, सुप्रीम कोर्ट ने ऐसे सारे कोयले खदान के आवंटन रद कर दिए हैं। केंद्र सरकार ने अब खदानों के आवंटन को पारदर्शी नीति बनायी है। जो सबसे ज्यादा बोली लगाएगा, कोयला खान उसकी झोली में जाएगा। झारखंड की किस्मत में अब तक रॉयल्टी के सिवा कुछ नहीं था। अब कोयले की नीलामी से झारखंड के हिस्से ढाई लाख करोड़ रुपये आएंगे लेकिन ये पैसे बाप-बेटे की सरकार के पास आ गए तो फिर किसी की रांची और किसी की दिल्ली में कोठी बनेगी। इससे जनता का भला नहीं होगा।

शाह ने कहा, आज देश से कांग्रेस गायब हो रही है। वह झारखंड को लेकर अपने कुछ दोस्तों के आकलन से चिंतित थे। पता नहीं, झारखंड में भाजपा को बहुमत मिल पाएगा या नहीं लेकिन जब राहुल बाबा झारखंड के दौरे पर पहुंचे तो वह निश्चिंत हो गए। झारखंड में भाजपा की सरकार बननी तय हो गई। राहुल बाबा कांग्रेस के चुनाव प्रचार को जहां-जहां गए, वहां कांग्रेस की लुटिया डूब गई। गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र से लेकर हरियाणा तक कांग्रेस औंधे मुंह गिरी। उन्होंने झामुमो, झाविमो, राजद व कांग्रेस के अलग-अलग चुनावी मैदान में होने पर जनता को सावधान किया। कहा, अभी सभी अलग-अलग वेष में हैं लेकिन चुनाव खत्म होते ही अस्थिर सरकार बनाने को एकजुट हो जाएंगे। सब एक ही थैली के चट्टे-बट्टे हैं। इसलिए ऐसे दलों से सचेत रहें।

शाह ने जनता को उम्मीदों के वसंत भी दिखाए। उन्होंने कहा, इस बार झारखंड में भाजपा को पूर्ण बहुमत दिलाएं। आपको बिजली मिलेगी, गांवों में सड़कें होगी, एंबुलेंस की सुविधा मिलेगी, हर तहसील में कॉलेज होंगे। झारखंड अलग राज्य की स्थापना के समय तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी ने यही सपना देखा था। दुर्भाग्य कि झारखंड गठन से 2014 तक जितने मुख्यमंत्री हुए, जो भी विधायक बने, उनका विकास हुआ किंतु आमलोगों के जीवन में कोई परिवर्तन नहीं आया।

अमित शाह ने जनता से भारत माता के जयकारे लगाए। आवाज दबी आयी तो कहा, इतने जोर से लगाओ कि दिल्ली में सोनिया जी को सुनाई पड़े। फिर ईचागढ़ की जनता को संकल्पित करवाया। बोले-भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनवाओगे? मोदी को झारखंड को विकास करने दोगे? मोदी के हाथ मजबूत करोगे? हां-हां की आवाज आती रही। कहा ईवीएम का बटन इतनी जोर से दबाना कि झटके इटली तक लगें। लगा, अमित शाह का भीड़ पर जादू चल गया।

पढ़ें: झारखंड में कांग्रेस ने बाप से कोयला तो बेटे से बालू लूटा: शाह

अब झारखंड से भी हो जाएगा कांग्रेस का सफाया: शाह

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।