यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 11, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अफगानिस्तान के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है भारत: विदेश मंत्री
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि अफगानिस्तान के लोगों के साथ भारत कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।

नई दिल्ली, जेएनएन। अफगानिस्तान के विदेश मंत्री सलाउद्दीन रब्बानी अपनी दो दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। रब्बानी ने सोमवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात की। दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की मौजूदगी में इंडिया अफगानिस्तान स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप काउंसलिंग के तहत प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई। इस वार्ता के बाद दोनों देशों ने एक्सचेंज ऑफ एग्रीमेंट का आदान-प्रदान किया। साझा प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि अफगानिस्तान के लोगों के साथ भारत कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा। हम सीमा पार से होने वाली आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ एकजुट रहते हैं।
सुषमा ने कहा 'ईरान के साथ त्रिपक्षीय सहयोग से चाबहार बंदरगाह के विकास को तेज कर रहे हैं। हम आने वाले हफ्तों में अफगानिस्तान को गेहूं की सप्लाई करेंगे।'
वहीं अफगानिस्तान के विदेश मंत्री ने कहा 'दोनों देश आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद से प्रभावित हैं। जो हमारे क्षेत्र की स्थिरता के लिए खतरा है। मैं यह अवश्य कहना चाहूंगा कि भारत या फिर किसी दूसरे देश के साथ हमारी दोस्ती का मतलब किसी दूसरे देश या पड़ोसी के साथ शत्रुता नहीं है। अफगानिस्तान मजबूती और खुले तौर पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता का समर्थन करता है।'
अफगानिस्तान के विदेश मंत्री रब्बानी का पीएम मोदी से उनके निवास स्थान सात कल्याण मार्ग पर मिलने का कार्यक्रम है। दोनों नेता शाम के साढ़े चार बजे मिलेंगे। पीएम मोदी से मुलाकात के बाद रब्बनी अपने देश अफगानिस्तान के लिए उड़ान भरेंगे।
