यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 23, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रियल एस्टेट में निवेश करवा 200 करोड़ ठगे, बुजुर्ग आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली [जासं]। आर्थिक अपराध शाखा के एंटी लैंड एंड बिल्डिंग रैकेट सेक्शन ने एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

नई दिल्ली [जासं]। आर्थिक अपराध शाखा के एंटी लैंड एंड बिल्डिंग रैकेट सेक्शन ने एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। ठग लोगों को रियल एस्टेट में निवेश करवा उन्हें मोटी रकम वापस करने का झांसा देकर ठगी करता था। सैकड़ों लोगों से वह करीब 200 करोड़ रुपये की ठगी कर चुका है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 60 वर्षीय विजय दीक्षित के रूप में हुई है। इसके खिलाफ 30 से अधिक मामले दर्ज हैं। 12 मामलों में कोर्ट ने इसे भगोड़ा घोषित कर रखा था। आर्थिक अपराध शाखा ने इस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।
पुलिस के मुताबिक विजय दीक्षित शांति निकेतन, दिल्ली का रहने वाला है। इसके उम्र दराज होने के कारण लोगों को इस पर शक भी नहीं होता था। लोग आंख मूंदकर इसके बताए अनुसार प्रोजेक्टों में पैसा फंसा देते थे। आर्थिक अपराध शाखा के संयुक्त पुलिस आयुक्त प्रवीर रंजन के मुताबिक विजय दीक्षित ने एमएस सीनियर बिल्डर लि. और एमएस सीनियर पावर प्रोजेक्ट्स लि. नाम की कंपनी बना रखी थी। वह खुद को बड़ा बिल्डर, डेवलपर और आर्थिक सलाहकार बता लोगों को झांसे में लेता था। उसने आवासीय अपार्टमेंट बनाने के नाम पर कई लोगों से करोड़ों रुपये निवेश करवा बाद में अपना ऑफिस बंद कर फरार हो गया था।
पढ़ें : आंसुओं की स्याही, ठगी की इबारत
नोएडा की रहने वाली डॉ. मंजुला पाठक को शॉपिंग मॉल में दुकान दिलाने के बहाने उनसे 1.70 करोड़ रुपये ठग लिए थे, जिस जगह पर विजय दीक्षित ने शॉपिंग मॉल बनाने की बात कही थी। नोएडा प्राधिकरण में जाकर पता करने पर वह प्लान रद पाया गया। कई शिकायत मिलने पर पुलिस ने महिपालपुर स्थित एक फार्म हाउस से विजय दीक्षित को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। यह वहां कई साल से पहचान छिपाकर रह रहा था।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
