विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 28, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पटना में हुंकार रैली से पहले धमाके, छह की मौत

By Edited By:
Published: Mon, 28 Oct 2013 02:32 AM (IST)Updated: Mon, 28 Oct 2013 02:33 AM (IST)

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की रविवार को हुंकार रैली के दौरान पटना में रेलवे स्टेशन और ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, पटना। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की रविवार को हुंकार रैली के दौरान पटना में रेलवे स्टेशन और गांधी मैदान के निकट सिलसिलेवार सात बम धमाके हुए। इन धमाकों में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 लोग घायल हुए हैं। धमाके में इस्तेमाल सभी बम कम ताकत वाले थे और उनमें टाइमर लगे हुए थे। घायलों को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धमाकों के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से फोन पर बात की। मुख्यमंत्री ने अपना मुंगेर दौरा रद कर दिया और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। पुलिस ने साजिश में शामिल एक युवक समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। धमाकों की प्रकृति का अध्ययन करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) की टीम पटना पहुंच गई है।

पढ़ें: नमो ने चुकाया नीतीश से हिसाब

पहला धमाका रैली में आ रहे लोगों के बीच पटना जंक्शन पर हुआ। वहां गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की बाद में मौत हो गई। पटना जंक्शन पर बाथरूम में तीन बम लगाए गए थे। दो बम फटने से पहले ही बरामद कर लिए गए। इनमें से एक बम डिफ्यूज करने के दौरान फट गया जिसमें नवीन कुमार साह नामक बम डिस्पोजल स्क्वाड का सदस्य घायल हो गया। दोपहर 12.45 बजे तक पटना में कुल सात धमाके हो चुके थे। इन धमाकों में एक पटना, एक गोपालगंज और एक कैमूर निवासी व्यक्ति की मौत हुई है। दो मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। ये धमाके जिस समय हुए, उस समय गांधी मैदान में भाजपा की रैली चल रही थी। पांच धमाके तो गांधी मैदान के नजदीक हुए जिनमें दर्जनों लोग घायल हुए। इसके अतिरिक्त कई स्थानों से पुलिस ने बिना फटे बम भी बरामद किए हैं।

48 घंटे में तस्वीर साफ होने का दावा

रेलवे स्टेशन पर बम विस्फोट के बाद पुलिस ने इम्तियाज नाम के युवक को पकड़ा है। उसने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस उसे लेकर अब छापेमारी कर रही है। एक घायल पर बम रखने का संदेह है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसके अतिरिक्त दो और लोगों को हिरासत में लिया गया है। वारदात में कुल पांच लोगों के शामिल होने की जानकारी फिलहाल मिली है। वारदात में इंडियन मुजाहिदीन के शामिल होने के सबूत मिल रहे हैं। संदिग्धों से मिली जानकारी के आधार पर प्रदेश के डीजीपी अभयानंद ने दावा किया है कि 48 घंटे में गुनहगारों की तस्वीर साफ हो जाएगी।

मनमोहन व मोदी ने दुख जताया

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने बम धमाकों की निंदा की है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। इसी प्रकार से नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके धमाकों के शिकार लोगों के प्रति दुख व्यक्त किया है। परिजनों से धैर्य रखने की अपील करते हुए उन्होंने लोगों से शांत रहने के लिए कहा है।

यहां हुए धमाके

बम धमाकों की टाइम लाइन

-पहला धमाका- 9.30 बजे- पटना जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 10 के वाशरूम में

-दूसरा धमाका-11.40 बजे- उद्योग भवन गांधी मैदान में

-तीसरा धमाका- 12.05 बजे- रीजेंट सिनेमा के पास

-चौथा धमाका- 12.10 बजे- गांधी मैदान में बापू की पुरानी प्रतिमा के पास

-पांचवां धमाका- 12.15 बजे- गांधी मैदान के दक्षिणी हिस्से में ट्विन टावर के पास

-छठवां धमाका-12.20 बजे- गांधी मैदान के पश्चिमी हिस्से में स्टेट बैंक के पास

-सातवां धमाका-12.45 बजे- गांधी मैदान के समीप चिल्ड्रेन पार्क के करीब।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।