यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 17, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
15 माह की बच्ची के साथ दरिंदगी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के वसंत विहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम 15 माह की बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला ...और पढ़ें

जागरण संवादाता, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के वसंत विहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम 15 माह की बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। शंकर विहार में आर्मी के ग्रुप कैप्टन के सर्वेट क्वार्टर में रहने वाली बच्ची के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म किया गया। उसे गंभीर हालत में सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां सर्जरी करने वाले डॉक्टर भी उसके जख्म देख सिहर उठे। पुलिस ने ग्रुप कैप्टन के घर में काम करने वाले 30 वर्षीय नौकर जगदीश को गिरफ्तार किया है। रासायनिक जांच में उसके हाथों में खून लगा मिला है।
पढ़ें: मासूम बच्ची से रेप
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित बच्ची माता-पिता के साथ शंकर विहार में रहती है। उसके पिता सफाई कर्मचारी हैं, जबकि मां कैप्टन के यहां साफ-सफाई का काम करती है। कैप्टन के घर बरेली, उत्तर प्रदेश निवासी नौकर जगदीश पहले से काम करता है। शुक्रवार को बच्ची के पिता घर के बाहर थे। शाम करीब सवा चार बजे बच्ची सो रही थी तो मां आगे से ताला लगाकर पास में रहने वाली ननद के घर कपड़े धुलवाने चली गई। इसी दौरान बच्ची के साथ दरिंदगी की गई। पौने घंटे बाद उसकी मां वापस आई तो उसे बेहोश व लहूलुहान देख चिल्ला उठी। मासूम की मां के बयान पर पुलिस ने दुष्कर्म व पॉक्सो के तहत मामला दर्ज किया है।
पीड़िता की सर्जरी करने वाले डॉक्टरों का कहना है कि उसकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है। बच्ची के आंतरिक अंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। डॉक्टरों को आशंका है कि बच्ची के आंतरिक अंग में कोई वस्तु डाली गई है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
