यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 15, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जंग की बात करने वालों को मोर्चे पर भेजो
अभिनेता ने कहा, 'जो जंग का आदेश देते हैं, उनके हाथों में बंदूक थमा देनी चाहिए। ऐसा होते ही यह 'जंग' एक दिन में खत्म हो जाएगी।

मुंबई, आइएएनएस। बॉलीवुड स्टार सलमान खान ने जंग के हिमायती लोगों को बंदूकें थमा कर मोर्चे पर भेजने की सलाह दी है। बीते कुछ महीनों में भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। ऐसे में कई नेता पाकिस्तान के साथ युद्ध की बातें कर रहे हैं। सलमान ने बुधवार को ऐसे ही नेताओं पर निशाना साधा। मौका था उनकी अपनी आगामी फिल्म के प्रमोशन का।
अभिनेता ने कहा, 'जो जंग का आदेश देते हैं, उनके हाथों में बंदूक थमा देनी चाहिए। ऐसा होते ही यह 'जंग' एक दिन में खत्म हो जाएगी। उनके हाथ-पैर कांपने लगेंगे..जंग थम जाएगी। वे सीधे वार्ता की मेज पर बातचीत के लिए पहुंच जाएंगे।' सलमान ने कहा कि युद्ध समस्या का समाधान नहीं है। कोई भी मसला बातचीत से ही सुलझ सकता है। सलमान की नई फिल्म 'ट्यूबलाइट' की पृष्ठभूमि में भी युद्ध है। फिल्म की कहानी 1962 में हुए भारत-चीन युद्ध के आसपास गढ़ी गई है। सलमान ने कहा, 'हमने फिल्म में सिर्फ इस बिंदु को छुआ है कि जंग जल्द खत्म होनी चाहिए ताकि हमारे सैनिक अपने घर और उनके सैनिक उनके घर जा सकें।
सोहेल ने भी दिया साथ : सोहेल खान
ने भी अपने भाई सलमान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा, 'अगर आप किसी से भी पूछें तो कोई भी इसे सही नहीं ठहराएगा। जो भी विवाद है, मेज पर हल होना चाहिए।
यह भी पढ़ें: संजय दत्त पर जेल विभाग ने अभी नहीं दिया जवाब