सुहागरात में ही पति ने पत्नी की कर दी हत्या
पति ने सुहागरात में ही पत्नी की हत्या कर दी। घटना साहिबगंज के कोदरजन्ना गांव की है।
जागरण संवाददाता, साहिबगंज। मुफस्सिल थानाक्षेत्र के छोटी कोदरजन्ना गांव में सुहागरात में ही पत्नी की हत्या उसके पति ने कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने हत्यारोपी पति शेख सलाम व उसके दो भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने अनुसार शेख सलाम का कई महीनों से गांव की ही युवती रूबैदा से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही लड़की के परिजन निकाह के लिए दबाव बनाने लगे। लेकिन शेख सलाम अक्सर आनाकानी करता था। यह मामला समाज के सामने आया। ग्रामीणों ने शुक्रवार को पंचायती कर रात लगभग नौ बजे दोनों का निकाह कराया। मृतका के परिजनों ने बताया कि निकाह के बाद लड़की को ससुराल भेज दिया गया। रात लगभग दो बजे किसी बात पर इन दोनों में विवाद हुआ। इसी बीच, शेख सलाम ने रुबैदा का गला तकिया से दबाया और लात-घूसों से पिटाई कर जान से मार डाला।
हो हल्ला सुनकर समीप ही रहने वाले युवती के परिजन मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों के सहयोग से शेख सलाम को पकड़ लिया। फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी शेख सलाम के साथ उसके दो भाइयों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो शेख सलाम इस युवती से विवाह नहीं करना चाहता था। उसका कहना था कि उसका उससे कोई संबंध नहीं है। समाज के दबाव में उसने निकाह किया था। मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि मृतका के चाचा मुजफ्फर के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।