यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 28, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बाबाओं ने राम का नाम बदनाम किया, आचरण का रखें ध्यानः रामदेव
बाबा रामदेव ने कहा है कि बाबाओं ने राम का नाम बदनाम किया है।

जागरण संवाददाता, रांची। बाबा रामदेव ने रविवार को सीएम रघुवर दास से मुलाकात की। मुख्यमंत्री से मिलने के बाद बाबा रामदेव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बाबाओं ने राम का नाम बदनाम किया है। हर दो तीन साल में देश में बाबा कांड हो जा रहा है।
इससे हमारी धर्म और संस्कृति की बदनामी होती है। आज जो बाबा शिखर पर हैं, उन्हें अपने आचरण का ध्यान रखना चाहिए। बाबा रामदेव ने कहा कि मैं भी एक संन्यासी हूं। हजारों सालों की परंपरा का वाहक हूं। हमारा गैरिक वस्त्र महज एक कपड़ा नहीं है। इसमें लोगों की आस्था जुड़ी है। हम ऐसे बाबाओं से यह अपेक्षा करते हैं।
बाबा ने कहा कि झारखंड में योग, उद्योग और शिक्षा के क्षेत्र में काम करेंगे। यह एक सपना था। अगले साल तक आयुर्वेद, एजुकेशन, योग केंद्र तैयार हो जाएगा।
सितंबर में आचार्यकुलम का शिलान्यास करेंगे बाबा रामदेव
बाबा रामदेव सितंबर में नामकुम में आचार्यकुलम एवं पतंजलि योगपीठ का शिलान्यास करेंगे। रविवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास से मुलाकात के दौरान उन्होंने यह भरोसा दिलाया। पिछली बार बाबा रामदेव ने आचार्यकुलम की स्थापना को लेकर मोरहाबादी मैदान में शिविर का भी आयोजन किया था। अब उसे जमीन पर उतारने की कवायद शुरू हो गई है। ये 15 एकड़ में स्थापित किया जा रहा है।
बाबा रामदेव ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से भी शिष्टाचार भेंट की। बाब रामदेव ने मुख्यमंत्री से कहा कि गेतलसूद फूड पार्क के पतंजलि के प्लांट के काम में भी तेजी लाई जाएगी। इससे पूर्व एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में बाबा रामदेव ने कहा कि बहुत दिनों से यहां शिक्षा संस्थान बनाने का जो सपना था उसकी शुरुआत सितंबर में हो जाएगी। कहा कि मेरा सपना है कि झारखंड के हर जिले में एक आचार्यकुलम खुले। कहा, स्वदेशी उद्योग और योग सेवा के साथ यहां शिक्षा की सेवा में भी पंतजलि योगपीठ बड़ी भूमिका निभाएगा। कहा कि पतंजलि योगपीठ का भी सितंबर में ही शिलान्यास किया जाएगा।
रविवार को रांची पहुंचे बाबा रामदेव ने पतंजलि उत्पाद को लेकर बिजनेस मीट की। जिसमें राज्य भर से प्रतिनिधि आए थे। बाबा रामदेव योगदा सतसंग आश्रम भी गए और वहां स्वामी श्रद्धानंद निगमानंद और निष्ठानंद से भी मुलाकात की। सतसंग की गतिविधियों की जानकारी ली। बाबा रामदेव ने कहा कि मैंने योगी कथामृत बचपन में पढ़ी थी। बता दें कि बाबा रामदेव द्वारा स्थापित होने वाले आचार्यकुलम में पारंपरिक ज्ञान (योग, वेद, उपनिषद् आदि) के साथ आधुनिक ज्ञान का समावेश होगा।
पतंजलि के डीलरों के साथ की बैठक
रांची के एक निजी होटल में बाबा रामदेव ने पतंजलि के डीलरों के साथ बैठक की। बैठक में राज्य भर से आए डीलरों के अलावा भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के प्रांत प्रभारी भाई संजय, राज्य कोषाध्यक्ष लक्ष्मीलाल, किसान राज्य प्रभारी करम, राज्य महिला प्रभारी सुधा, पतंजलि जिला प्रभारी गंगा प्रसाद, महिला जिला प्रभारी सपना, मृत्युंजय, युवा प्रभारी रणधीर, मुकेश, मनोज, रंजना शामिल थे। सभी कार्यो का मार्गदर्शन राज्य संरक्षक छवि विरमानी ने किया।
