विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 27, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

झारखंड में 66 हजार पदों पर इस साल होगी नई बहाली

By Sachin MishraEdited By:
Published: Sun, 27 Aug 2017 11:09 AM (IST)Updated: Sun, 27 Aug 2017 04:20 PM (IST)

झारखंड में इस साल 66 हजार पदों पर बहाली होगी।

झारखंड में 66 हजार पदों पर इस साल होगी नई बहाली
झारखंड में 66 हजार पदों पर इस साल होगी नई बहाली

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड सरकार ने इस साल 66 हजार पदों पर बहाली का लक्ष्य रखा है। इनमें से लगभग तीस हजार पदों पर नियुक्ति की अनुशंसा झारखंड लोक सेवा आयोग या झारखंड कर्मचारी चयन आयोग को भेजी जा चुकी है। आधे से अधिक पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू भी हो गई है। लगभग बीस हजार पदों पर नियुक्ति की अनुशंसा भेजी जानी है।

सबसे अधिक नियुक्ति विभिन्न श्रेणी के स्कूलों व कॉलेजों में शिक्षकों की होगी। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग को प्लस टू स्कूलों के लिए 3,080 स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति की अनुशंसा हाल ही में भेजी है। इन पदों में 50 फीसद पदों पर सीधी नियुक्ति होगी, जबकि आधे पद हाई स्कूल शिक्षकों से भरे जाएंगे। दोनों पदों पर एक कॉमन परीक्षा के माध्यम से नियुक्ति होगी। वहीं, इस आयोग द्वारा ही हाई स्कूलों के 17,572 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी गई है।

नवंबर-दिसंबर में इसकी परीक्षा आयोजित की जानी है। विभाग ने मॉडल स्कूलों में 979 शिक्षकों की नियुक्ति की भी अनुशंसा कार्मिक विभाग को भेज दी है। झारखंड लोक सेवा आयोग से अपग्रेडेड हाई स्कूलों में हेडमास्टर के 668 पदों पर भी नियुक्ति होनी है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन मंगा लिए गए हैं। राज्य सरकार ने पांचों विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 865 पदों पर नियुक्ति की अनुशंसा भी झारखंड लोक सेवा आयोग को भेज दी है।

राज्य सरकार पुलिस प्रशासन में भी बड़े पैमाने पर नियुक्ति कर रही है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने पुलिस में रेडियो ऑपरेटरों के 692 पदों पर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इंडिया रिजर्व बटालियन में सामान्य आरक्षी के 2,810 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है। आयोग ने पुलिस अवर निरीक्षक के 3,019 पदों पर नियुक्ति के लिए प्रारंभिक परीक्षा भी शुरू कर दी है। इन पदों में 2,483 पद जिला इकाई के हैं, जबकि 488 विशेष शाखा तथा 48 पद जिला इकाई के अवर निरीक्षक परिचारी (सार्जेट) के पद हैं।

सिविल सेवा से 326 पदों पर नियुक्ति:

झारखंड लोक सेवा आयोग ने संयुक्त सिविल प्रतियोगिता प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। शीघ्र ही इसकी मुख्य परीक्षा शुरू होगी। इसके माध्यम से कुल 326 पदों में प्रशासनिक सेवा के 143, वित्त सेवा के 104, शिक्षा सेवा के 36, सहकारिता सेवा के 09, सामाजिक सुरक्षा सेवा के 03, सूचना सेवा के 07, पुलिस सेवा के 06 तथा योजना सेवा के 18 पद शामिल हैं।

पद सृजित हुए, होगी नियुक्ति:

राज्य सरकार ने इसी साल स्थापित होनेवाले 11 महिला कॉलेजों, 12 मॉडल कॉलेजों तथा 07 डिग्री कॉलेजों में शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों का पद सृजित कर दिया है। इसके तहत कुल 1,024 पद सृजित किए गए हैं। प्रशासकीय पदवर्ग समिति ने पदों के सृजन पर स्वीकृति दे दी। कुल पदों में प्राचार्य के 30, एसोसिएट प्रोफेसर के 90, असिस्टेंट प्रोफेसर के 437 पद शामिल हैं। शेष पद तृतीय तथा चतुर्थ वर्ग के हैं। इस तरह शैक्षणिक संवर्ग के कुल 557 तथा गैर शैक्षणिक संवर्ग के 467 पद सृजित किए गए हैं।

इंटर स्तरीय 765 पदों पर नियुक्ति

राज्य में इंटर स्तरीय कुल 765 पदों पर बहाली होगी। इनमें राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अंतर्गत राजस्व कर्मचारी तथा अमीन, योजना सह वित्त विभाग के अंतर्गत कनीय क्षेत्रीय अन्वेषक तथा कृषि-पशुपालन विभाग के अंतर्गत पशु गणक के पद शामिल हैं। विभागों से अनुशंसा मिलने के बाद झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने इन पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इन पदों पर हो चुकी है अनुशंसा

वनरक्षियों के रिक्त 2,204 पदों के विरुद्ध 2,186 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा वन एवं पर्यावरण विभाग को की है। इनमें नियुक्ति हो गई है।

यह भी पढ़ेंः हादसे में बाल-बाल बचे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा

यह भी पढ़ेंः एमजीएम में 30 दिन में 60 बच्चों की मौत, अनशन करेंगे कांग्रेसी