विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 17, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पश्चिम की तरह विकसित होगा पूर्वी भारत: अमित शाह

By Sachin MishraEdited By:
Published: Sun, 17 Sep 2017 09:47 AM (IST)Updated: Sun, 17 Sep 2017 09:56 AM (IST)

अमित शाह ने कहा है कि भाजपा की सरकार सत्ता में आई तो पश्चिम भारत की तरह पूर्वी राज्यों का विकास होगा।

पश्चिम की तरह विकसित होगा पूर्वी भारत: अमित शाह
पश्चिम की तरह विकसित होगा पूर्वी भारत: अमित शाह

राज्य ब्यूरो, रांची। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि 2014 के चुनावी दौरे के दौरान नरेंद्र मोदी ने पूर्वी भारत की दुर्दशा देखी थी। तब उन्होंने कहा था कि भारत का पूर्वी हिस्सा विकास से अछूता रह गया है। अगर भाजपा की सरकार सत्ता में आती है तो पश्चिम भारत की तरह पूर्वी राज्यों का विकास उनकी प्राथमिकता होगी। विगत तीन वर्षो से प्रगति पथ पर लगातार अग्रसर झारखंड को देखकर सुकून मिल रहा है। झारखंड की तरह अन्य पूर्वी राज्यों को पश्चिम भारत की तरह विकसित किया जाएगा।

शाह ने कहा कि विकास के सभी मोर्चो पर मोदी सरकार ने जबरदस्त सफलता हासिल की है। महंगाई दर विगत 15 वर्षो में सबसे निचले पायदान पर है। पूरी दुनिया मान रही है कि भारत की अर्थव्यवस्था तेज गति से आगे बढ़ रही है। जबकि अमेरिका में बैठकर राहुल बाबा भारत के विकास की बात पूछते हैं। शनिवार को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से मुखातिब शाह ने केंद्र व राज्य सरकार के कार्यो की खूब प्रशंसा की। वहीं हरमू मैदान में आयोजित गरीब कल्याण मेला को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड बनाया, अब नरेंद्र मोदी उसे संवार रहे हैं।

प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस देश से परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति को उखाड़ फेंका है। आजादी के बाद 19 हजार गांवों में बिजली नहीं थी, 14000 गांवों तक बिजली पहुंचाई गई। मई, 2018 तक देश के हर गांव और 2022 तक हर घर तक बिजली पहुंचाई जाएगी।

अमेरिका के बाद सर्जिकल स्ट्राइक करने वाला पहला देश भारत

प्रदेश भाजपा मुख्यालय में अमित शाह ने कहा कि आज देश के हर नागरिक को दृढ़ विश्वास है कि भारत सही रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की बेदाग छवि की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि तीन साल में हमारे विरोधी भी सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा सके। जबकि पूर्व की संप्रग सरकार में 12 लाख करोड़ रुपये के घपले-घोटाले हुए थे। सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सीमा की सुरक्षा के लिए हम किसी भी हद तक जा सकते हैं। अमेरिका के बाद सर्जिकल स्ट्राइक करने वाला पहला देश भारत बना है।

जीडीपी में गुजरात के बाद दूसरे पायदान पर झारखंड

हरमू मैदान में आयोजित गरीब कल्याण मेला को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जीडीपी के मामले में 15वें से 20वें पायदान पर रहने वाला झारखंड गुजरात के बाद दूसरे स्थान पर है। पहले राज्य समृद्ध था और लोग गरीब, अब दोनों समृद्धि की ओर अग्रसर हैं।

राहुल बाबा बताएं, 50 साल में झारखंड के लिए कांग्रेस ने क्या किया

शाह ने गरीब मेला में शिरकत कर रही भीड़ की ओर इशारा करते हुए कहा कि कांग्रेस ने जितना झारखंड को दिया उसका तिगुना भाजपा ने दिया। जब राहुल बाबा झारखंड आएं तो आपलोग उनसे पूछना, 50 साल में उनकी सरकार ने देश और झारखंड को क्या दिया।

भारत को अपनी सीमा के अंदर विकास कार्य करने का अधिकार

विदेश नीति से संबंधित मसलों पर भी अमित शाह ने अपनी राय दी। उन्होंने देश के पूर्वोत्तर राज्यो में विकास को लेकर जापान की रुचि पर चीन द्वारा आपत्ति जताए जाने को दरकिनार किया। उन्होंने कहा कि भारत को अपनी सीमा के भीतर विकास का कार्य करने का अधिकार है।

कारगिल शहीद की विधवा ने परोसा शाह को भोजन

अमित शाह को झारखंड के परंपरागत व्यंजनों में शुमार धुसका का स्वाद भा गया। उन्होंने छिलका रोटी की भी जमकर तारीफ की। यहां तक कि छिलका रोटी दोबारा मांगकर खाई। उन्होंने छोटे से कमरे में चादर पर बैठकर हरी पत्तियों के पत्तल में परोसा गया खाना चाव से खाया। शाह शनिवार को अनिल उरांव (भाजपा नेता समीर उरांव के भाई) के हरमू स्थित घर में भोजन के लिए आमंत्रित थे। यहां कारगिल युद्ध में शहीद हुए हवलदार बिरसा उरांव की विधवा मीला उरांव ने उन्हें अपने हाथों से भोजन परोस कर खिलाया।

यह भी पढ़ेंः जो परफॉर्म करेगा, वही करेगा शासन

झारखंड की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें