यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 16, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जो परफॉर्म करेगा, वही करेगा शासन
शाह शुक्रवार को रिम्स आडिटोरियम में 'दीनदयाल उपाध्याय संपूर्ण वांग्मयÓ के लोकार्पण सह प्रबुद्ध जन सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

रांची, राज्य ब्यूरो। राज्यसभा सांसद सह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि केंद्र या राज्यों में जो पार्टियां परफॉर्म करेंगी और राज्य और देश को सम्मान दिलाएंगी, वे ही शासन करेंगी। भाजपा एक परफॉर्मर पार्टी के रूप में उभरी है। केंद्र हो या भाजपा शासित अन्य राज्य, सभी जगहों पर विकास की गाड़ी तेजी से आगे बढ़ी है।
शाह शुक्रवार को रिम्स आडिटोरियम में 'दीनदयाल उपाध्याय संपूर्ण वांग्मयÓ के लोकार्पण सह प्रबुद्ध जन सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश की राजनीति में नासूर बन चुके परिवारवाद, जातिवाद तथा तुष्टीकरण को खत्म करने का काम किया है। देश में रिफार्म नहीं, आमूलचूल परिवर्तन करने की दिशा में काम किया है। सोचने का स्केल बदलने का काम किया है।
शाह ने कहा कि बिहार में बीच में विकास की गाड़ी जरूर पंक्चर हो गई थी, लेकिन अब राज्य एक बार फिर विकास के रास्ते पर चल पड़ा है। शाह ने आंतरिक लोकतंत्र, सिद्धांत तथा ट्रैक रिकार्ड पर भाजपा की तुलना दूसरी पार्टियों से करने का अनुरोध प्रबुद्ध जनों से किया। कहा, सिर्फ कम्युनिस्ट पार्टी व भाजपा के पास ही आंतरिक लोकतंत्र है। लेकिन कम्युनिस्ट पार्टी की प्रासंगिकता अब नहीं रह गई है।
भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगना गर्व की बात
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमें इस बात पर गर्व है कि झारखंड में रघुवर दास की सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है। यह निर्णय लेनेवाली और स्थायित्व देनेवाली सरकार के रूप में काम कर रही है।
आज आदिवासी परिवार संग भोजन करेंगे शाह
शाह शनिवार को आदिवासी परिवार संग दोपहर का भोजन करेंगे। वे हरमू टुंगरीटोली जाएंगे। वे वहां अनिल उरांव के घर भोजन करेंगे।
अनिल उरांव भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष समीर उरांव के भाई हैं। भोजन का आयोजन पार्टी की अनुसूचित जनजाति इकाई ने किया है। भाजपा शासन में विकसित राज्यों में बदल गए बीमारू राज्य शाह ने पूर्व की सरकारों से वर्तमान सरकार की तुलना करते हुए कहा कि बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य कहलाते थे। इन सभी राज्यों में भाजपा की सरकार आने केबाद विकास की दिशा ही बदल गई।
सोनिया, लालू व गुरुजी के बाद पार्टी कौन चलाएगा सबको मालूम
अमित शाह ने सवाल उठाया कि सोनिया गांधी, लालू यादव, गुरुजी (शिबू सोरेन) के बाद पार्टी कौन चलाएगा, सब जानते हैं, लेकिन कोई यह नहीं बता सकता कि अमित शाह के बाद भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन बनेगा। भाजपा में किसी खास घराने में जन्म लेने की अर्हता के आधार पर पार्टी संभालने की जिम्मेदारी सौंपी नहीं जाती। यहां मेहनत, विजन, क्षमता और देश को आगे ले जाने का जज्बा देखा जाता है। ाभी तो भाजपा में चाय बेचनेवाला देश का प्रधानमंत्री बन जाता है।
पाठ्यक्रम में शामिल होगी पंडित दीनदयाल की जीवनी : सीएम
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जीवनी को सरकारी स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल करेगी ताकि उनकी विचारधारा जन-जन तक पहुंच सके।
दीनदयाल वांग्मय पुस्तक सभी स्कूलों, कॉलेजों, लाइब्रेरी में रखी जाएगी। झारखंड सरकार भी दीनदयाल के अंत्योदय की अवधारणा पर काम करते हुए राज्य को आगे ले जाने का काम करेगी।
दुनिया देख रही झारखंड में विकास की गति
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने झारखंड में रघुवर सरकार की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री इस पिछड़े राज्य को आगे ले जाने में दिन-रात लगे हैं। 'इज आफ डूइंग बिजनेसÓ में झारखंड के 36वें से तीसरे स्थान पर आने तथा विकास दर में अभूतपूर्व वृद्धि का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां भी तेजी से विकास के कार्य हो रहे हैं। झारखंड के विकास की गति पूरी दुनिया देख रही है।
