यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 17, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बोकारो में भाकपा माओवादियों ने पुलिस मुखबिरों को दी धमकी
भाकपा माओवादियों ने पुलिस मुखबिर जब्बार व मोहन से जन अदालत में हिसाब लेने की धमकी दी है।

बोकारो, जेएनएन। बोकारो जिले के उग्रवाद प्रभावित ऊपरघाट में भाकपा माओवादियों ने पुलिस मुखबिरों के खिलाफ पोस्टर लगा कर सनसनी फैला दी है। माओवादियों ने पहली बार कथित पुलिस मुखबिर जब्बार और मोहन को नाम उजागर करते हुए धमकी दी है।
हस्तलिखित पोस्टर में कहा गया है कि पुलिस मुखबिर जब्बार व मोहन से जन अदालत में हिसाब लिया जाएगा। बताया जाता है कि मोहन ऊपरघाट के हरलाडीह का रहने वाला है ओर जब्बार निमियाघाट थाना क्षेत्र के बलथरिया गांव का रहने वाला है। जब्बार ऊपरघाट के नारायणपुर में अपनी ससुराल में रहता है। सूत्र बताते हैं कि कथित दोनों युवक बाइक से कोयला का धंधा करते हैं।
धंधे को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए ये दोनों धंधे में जुडे़ अन्य धंधेबाजों से वसूली कर महीना पुलिस को पहुंचाते हैं। बहरहाल, पोस्टरबाजी से ऊपरघाट में दहशत व्याप्त है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पोस्टर हटा दिया। मामले की जांच की जा रही है। माओवादियों ने अधिकांश पोस्टर में जब्बार और मोहन को जनता कि आदालत में सजा कि बात लिखी है।
