यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 13, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नहीं रहे आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह, शोक में आधा झुका रहेगा राष्ट्रीय ध्वज
सरकार के कैबिनेट मंत्री कर्ण सिंह के निधन पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। सरकार ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।

कुल्लू, [जागरण संवाददाता] आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह का वीरवार देर रात दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वह कुछ दिन से एम्स में दाखिल थे और उन्हें सांस में तकलीफ होने के चलते वहां भर्ती किया गया था।
हालांकि बीच-बीच में उनकी तबीयत में सुधार हो भी रहा था, लेकिन हालत अधिक खराब होने के चलते कर्ण सिंह को आइसीयू में वेंटीलेटर पर रखा गया था। बीमारी से लड़ते हुए उन्होंने वीरवार देर रात करीब तीन बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन से कुल्लू में शोक की लहर है और लोगों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। कर्ण सिंह कुल्लू राज परिवार से होने के बावजूद अत्यंत मृदुभाषी व मिलनसार स्वभाव के थे, जिससे यहां की जनता शोक में डूब गई और दिनभर कुल्लू बाजार भी बंद रहा।
शुक्रवार दोपहर बाद करीब तीन बजे उनकी पार्थिव देह को हेलीकॉप्टर से भुंतर एयरपोर्ट लाया गया, जहां से सड़क मार्ग से पार्थिव देह को उनके पैतृक घर राजा रूपी पैलेस में पहुंचाया गया। यहां पर पारिवारिक सदस्यों व अन्य ने उन्हें अंतिम विदाई दी। कुल्लू में ब्यास व सरवरी के संगम स्थल स्थित श्मशानघाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके पुत्र आदित्य विक्रम सिंह ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी।

इस दौरान परिवहन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री जीएस बाली, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिल शर्मा सहित कर्ण सिंह के भाई एवं कुल्लू से भाजपा विधायक महेश्वर सिंह , आनी के विधायक खूबराम आनंद, मनाली के विधायक गो¨वद ठाकुर, पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर, पूर्व मंत्री खीमी राम, मंडी के मंडल आयुक्त अक्षय सूद, उपायुक्त यूनुस, आयुर्वेद विभाग के निदेशक आरके पुर्थी, एसपी पदम चंद, एसी टू डीसी अमित गुलेरिया, एडीसी राकेश शर्मा, डीएसपी शिव चौधरी मौजूद रहे।
शोक में आधा झुका रहेगा राष्ट्रीय ध्वज:
सरकार के कैबिनेट मंत्री कर्ण सिंह के निधन पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। सरकार ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। मुख्य सचिव वीसी फारका के छुट्टी पर होने के कारण उनकी जिम्मेदारी संभाल रहे तरुण श्रीधर ने यह अधिसूचना जारी की है। राजधानी शिमला व कुल्लू में सरकारी स्तर पर मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होंगे। राज्यपाल के नाम से जारी शोक संदेश में दिवंगत आयुर्वेद मंत्री कर्ण की पत्नी शिवानी व परिवार के सदस्यों से संवेदना जताई गई है।