कभी था बेटियों का 'दुश्मन', अब लाडलियों ने ही बदली फिजां
मानुषी छिल्लर के मिस वर्ल्ड बनने के बाद हरियाणा की बेटियों की कामयाबियाें ने लोगों का ध्यान खींचा है। बेटियों से भेदभाव के लिए बदनाम हरियाणा को बे ...और पढ़ें

चंडीगढ़, [अनुराग अग्रवाल]। बेटियों के प्रति भेदभाव और कन्या भ्रूण हत्या के लिए बदनाम रहे हरियाणा की बेटियां वर्षों से कामयाबी के झंडे लहराती रही हैं। इस ओर देश और दुनिया का ध्यान तो गया, पर राज्य की छवि नहीं बदली। लेकिन, पिछले कुछ समय से बेटियों के शानदार सफलताआें से अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फलक पर हरियाणा की तस्वीर पूरी तरह से बदल चुकी है।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फलक पर पूरी तरह से बदल चुकी अब हरियाणा की तस्वीर
विश्व सुंदरी का खिताब जीतकर पूरी दुनिया में हरियाणा का नाम रोशन करने वाली मानुषी छिल्लर सरीखी बेटियाें ने उसे नई बुलंदी दी है। अंतरिक्ष परी कल्पना चावला सहित प्रदेश की कई बेटियां ऐसी हैं, जिन्होंने अपने हुनर के बूते देश और दुनिया में राज्य को नई पहचान दिलाई है। खेल और राजनीति हो या अंतरिक्ष विज्ञान या फिल्म व सौंदर्य हर जगह हरियाणा की बेटियों ने शानदार सफलता हासिल की है।
मानुषी को सरकार बैठाएगी सिर माथे
विश्व सुंदरी का खिताब जीतते ही मानुषी छिल्लर को पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर की विवादास्पद टिप्पणी का सामना करना पड़ा है। थरूर ने कहा था कि नोटबंदी के इस दौर में हमारी चिल्लर (छिल्लर) भी मिस वर्ल्ड बन गई। बाद में हालांकि थरूर को माफी मांगनी पड़ी, लेकिन मानुषी ने इसे मजाक बताकर न केवल थरूर को माफ कर दिया बल्कि अपने बड़प्पन का अहसास भी कराया है।
यह भी पढ़ें: विदेश जाने के लिए कहीं आप भी ऐसे एजेंटों के जाल में नहीं फंस रहे...?
हरियाणा में भाजपा के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के संयोजक राजीव जैन के अनुसार सरकार अब मानुषी को इस अभियान के लिए ब्रांड अंबेसडर बनाने पर विचार कर सकती है। इसके लिए मानुषी से बातचीत होगी। मानुषी से पहले फिल्म अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा और साक्षी मलिक भी हरियाणा की ब्रांड अंबेसडर हैं। इनके अलावा छोटे पर्दे की अम्मा जी सोनीपत की मेघना मलिक हैं। उन्हें चुनाव आयोग अपना ब्रांड अंबेसडर बना चुका है।
राजनीति में चमकीं सुचेता कृपलानी और सुषमा स्वराज

हरियाणा की दो बेटियां ऐसी हैं जो अन्य प्रदेशों की मुख्यमंत्री बनीं। देश के किसी भी प्रदेश की पहली मुख्यमंत्री सुचेता कृपलानी थीं। 25 जून 1908 को अंबाला में जन्मीं सुचेता कृपलानी 1963 से 1967 तक उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रहीं। वह भारत की पहली महिला मुख्यमंत्री थीं। मौजूदा विदेश मंत्री भी अंबाला की बेटी हैं और दिल्ली की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं।
ट्विटर पर हमेशा सक्रिय रहने वाली सुषमा ने राजनीति में बड़ा मुकाम हासिल किया। वह राज्य में सबसे कम उम्र की विधायक और मंत्री बनीं। ग्रेजुएशन की पढ़ाई भी यहीं से की। सुषमा स्वराज 19 77 से 1982 और फिर 1987 से 1990 तक हरियाणा विधानसभा की सदस्य रह चुकी हैं।
हर दिल में बसी हैं अंतरिक्ष परी की यादें

कल्पना चावला को कौन नहीं जानता। उनका जज्बा आज भी बेटियों के लिए प्रेरणा स्रोत है। करनाल के टैगोर बाल निकेतन स्कूल की छात्राएं हर साल कल्पना चावला के प्रयासों से नासा की सैर करने जाती हैं। कल्पना का जन्म करनाल में हुआ था। वह भारतीय मूल की पहली महिला थी जो अंतरिक्ष में गई थी। उन्होंने अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई चंडीगढ़ में पूरी की और फिर टेक्सास में एयरोस्पेस इंजीनियरिंग का अध्ययन करने के लिए चली गई थीं।
कल्पना मार्च 1995 में नासा के अंतरिक्ष यात्री कोर में शामिल हुई। उन्हें 1998 में अपनी पहली उड़ान के लिए चुना गया था। 2003 में कल्पना सात क्रू सदस्यों में से एक थी जिन्होंने कोलंबिया स्पेस शटल घटना में अपनी जान गंवा दी थी। कल्पना को कांग्रेशनल अंतरिक्ष पदक सम्मान के साथ सम्मानित किया जा चुका है।
निराली हैं इन बेटियों की उड़ान
हरियाणा की बेटियों की उड़ान निराली है। उनमें छलांग लगाकर आसमान छूने का हौसला और गजब का हुनर है। हरियाणा की की लड़कियों ने खेल के मैदान में भी भारत का सिर गर्व से ऊंचा किया है। रोहतक की साक्षी मलिक हो या भिवानी की फौगाट बहनें, महिला कुश्ती के क्षेत्र में यह बेटियां भारत के अनमोल रत्नों में शामिल हैं।
साक्षी मलिक ने कुश्ती में रियो ओलंपिक 2016 में कांस्य पदक, कॉमनवेल्थ खेल 2014 में रजत पदक जीता तो गीता, बबिता और विनेश फौगाट बहनों ने कुश्ती में कॉमनवेल्थ खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किया । 2016 की आमिर ख़ान की फिल्म 'दंगल' भी फ़ोगट बहनों के जीवन पर आधारित है, जिसका डायलाग म्हारी छौरियां छोरो से कम हैं के आज बच्चे-बच्चे की जुबान पर है।
हाकी में दुनिया की बेस्ट गोलकीपर हमारी सविता

महिला हाकी में दुनिया की बेस्ट गोलकीपर सविता पूनिया हिसार की हैं। अभी हाल ही में चीन में उसने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को सोना दिलाया था। मौजूदा भारतीय महिला टीम की कप्तान कुरुक्षेत्र(शाहाबाद) की रानी रामपाल सहित सात हरियाणवी बेटियां शामिल हैं। रोहतक की ममता खरब भारत की महिला हॉकी की कप्तान रह चुकी हैं। ममता ने 2002 कॉमनवेल्थ खेलों में विजयी गोल कर भारत को स्वर्ण पदक दिलाया था। फिल्म 'चक दे इंडिया' में कोमल चौटाला का किरदार ममता खरब पर ही आधारित था।
भारत की झोली में साक्षी ने रियो ओलंपिक में डाला पहला पदक
.jpg)
रियो ओलंपिक में कांस्य पदक हासिल कर इतिहास रचने वाली रोहतक की साक्षी मलिक ओलंपिक में भारत के लिए पदक जीतने वाली पहली महिला पहलवान हैं। साक्षी मलिक ने राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक भी जीता है। ओलंपिक खेलों में उनकी जीत ने हरियाणा की कई लड़कियों को खेलों में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया है। हाल ही में उन्होंने एक मेडल और जीतकर साबित कर दिया कि मुकाम हासिल करने के लिए हौसला बेहद जरूरी है।
फौगाट बहनों ने दी महिला कुश्ती को पहचान
.jpg)
भारत में महिला कुश्ती की पहचान फौगाट बहनों से ही बनी है। इसका श्रेय उनकी मेहनत को तो जाता ही है, साथ ही उनके पिता पहलवान महाबीर फौगाट के संघर्ष को नहीं भूला जा सकता। भिवानी के रहने वाले महाबीर फौगाट ने छह बेटियों को कुश्ती में तराशा और प्रशिक्षित कर अखाड़े में उतारा। उनमें से तीन-गीता, बबिता और विनेश ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीते हैं। 2016 में रिलीज हुई आमिर खान की फिल्म 'दंगल' इन बहनों की जिंदगी पर आधारित हैं।
पर्वतों की ऊंची चाेटियों को भी म्हारी छोरियां ने जीता

रेवाड़ी में जन्मी संतोष यादव दुनिया की पहली महिला हैं, जिन्होंने दो बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की। इसके अलावा वह कांगसुंग की तरफ से माउंट एवरेस्ट पर विजय हासिल करनेवाली विश्व की पहली महिला भी बनीं। 2000 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया और अब वह इंडो-तिब्बती सीमा पुलिस में कार्यरत हैं। इनके अलावा कैथल जिले की ममता सौदा ने भी दुनिया में हरियाणा का नाम रोशन किया है। इसी तरह हिसार की बेटी अनीता कुंडू माउंट एवरेस्ट को नेपाल और चीन दोनों तरफ से फतह कर चुकी हैं।
यह भी पढ़ें: इलाहाबाद गए न बिहार, अमान्य डिग्री पर मरीजों को दे रहे बीमारियों का उपहार
सुपर मॉम को हरा चुकी है हमारी बेटी
हिसार की बॉक्सर बेटी पिंकी जांगड़ा मैरीकाम को हरा चुकी हैं। सुपर मॉम कही जानेवाली मैरीकाम पर जीत ने प्रीति को सुर्खियों में ला दिया। हिसार की स्वीटी बूरा, भिवानी की कविता चहल और सोनिया कटारिया और रोहतक की पूजा रानी के पंच से प्रतिस्पर्धी परास्त हो जाते हैं। कविता चहल हरियाणा की पहली अर्जुन अवॉर्डी महिला बॉक्सर हैं।
बैडमिंटन में साइना नेहवाल हैं बड़ी स्टार

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल का जन्म हरियाणा के हिसार में हुआ था। साइना नेहवाल ने 10 सुपर सीरीज़ खिताब सहित 21 अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिताब जीते हैं। उन्होंने 2012 के लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक भी जीता है। वह पहली भारतीय महिला और प्रकाश पदुकोण के बाद दूसरी भारतीय हैं जिन्होंने इस खेल में विश्व की नंबर एक रैंकिंग हासिल की है।
फिल्मों में भी हमारी बेटियों का जलवा
हरियाणा की बेटियों ने फिल्मों में भी अपनी दमदार पहचान बनाई है। अभिनेत्री जूही चावला का जन्म अंबाला में हुआ था। प्रियंका चोपड़ा और परिणीति चोपड़ा बहनें हैं और अंबाला छावनी से जुड़ी हैं। इन दोनों बहनों का परिवार आज भी अंबाला में रहता है। नामी गिरामी अभिनेत्री मल्लिका शेरावत भी हरियाणा के हरियाणा के हिसार के मोठ गांव की हैं।
' हमें गर्व है अपनी बेटियों पर'
'' हमारी बेटियां किसी से कम नहीं हैं। कोई भी फील्ड हो, हमारे प्रदेश की बेटियों ने देश और दुनिया में नाम रोशन किया है। हमें इस बात की खुशी है कि राज्य के लिंग अनुपात, सामाजिक भेदभाव और जागरूकता में लगातार सुधार हो रहा है। इसके लिए सभी के मिले जुले प्रयास हुए हैं। हमें अपने प्रदेश की बेटियों पर गर्व है।
- मनोहर लाल, मुख्यमंत्री, हरियाणा।
यह भी पढें: हत्यारा चाचा बोला-बच्चों वो देखो पहाड़ी... , और मार दी गोली

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।