विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 05, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

प्रगति का अंधविश्वास

By Edited By:
Published: Fri, 05 Dec 2014 05:56 AM (IST)Updated: Fri, 05 Dec 2014 05:54 AM (IST)

विज्ञान और कथित अंधविश्वास की बहस फिर छिड़ गई है। कुछ समय पहले प्रधानमंत्री ने अपने एक संबोधन में गणे

News Article Hero Image

विज्ञान और कथित अंधविश्वास की बहस फिर छिड़ गई है। कुछ समय पहले प्रधानमंत्री ने अपने एक संबोधन में गणेश के गज-मुख और शरीर की कथा को अंग प्रत्यारोपण का प्राचीन उदाहरण बताया था। इस पर कुछ बुद्धिजीवी नाराज हो उठे थे। इसके बाद गत दिवस लोकसभा में एक भाजपा सांसद की ओर से मिलती-जुलती बात कहे जाने का भी विरोध आरंभ हो गया है। एक वरिष्ठ कांग्रेसी मुख्यमंत्री ने भी इसे उठाते हुए प्रधानमंत्री को अंधविश्वास न फैलाने की नसीहत भी दे दी, किंतु नहीं लगता कि ऐसे आलोचकों ने भी अपने विचारों की कभी परीक्षा की है। उन्हें कहां से जानकारी मिली कि प्राचीन भारत में अंग-प्रत्यारोपण की तकनीक का ज्ञान नहीं था? दूसरे, ऐसे विश्वास का क्या प्रमाण है कि हर विषय में प्रगति काल-क्रमानुसार ही होती है? सच तो यह है कि कथित साइंस का भी अंधविश्वास होता है तथा ऐतिहासिक प्रगति की धारणा भी भारी अंधविश्वास है। यह विश्व के बड़े-बड़े आधुनिक विद्वानों, ज्ञानियों ने कहा है। मानव इतिहास में कृत्रिम अंग-प्रत्यारोपण का पहला उल्लेख ऋग्वेद में मिलता है। इसके अनुसार वीरांगना रानी विश्पला का पांव कट जाने पर लोहे का पांव लगाया गया, जिससे वह फिर युद्ध-क्षेत्र में जा सकीं। यह बात हमारे प्रधानमंत्री के भाषण से नहीं, बल्कि प्रसिद्ध अमेरिकी विज्ञान-पत्रिका वायर्ड के संपादक इवान रैटलिफ के लेख से लिया गया है। क्या प्रधानमंत्री के कथन का भी मूल भाव यही नहीं था? बहुत कम लोग जानते हैं कि साठ वर्ष पहले प्रधानमंत्री नेहरू द्वारा योगाभ्यास करने को भी कुछ विदेशी 'ऊटपटांग व्यायाम' कहा करते थे। तब यूरोपीय लोग योग से अधिक परिचित नहीं थे, लेकिन आज सभी मानते हैं। योग का अन्वेषण हजारों वर्ष पहले भारत में ही हुआ था। तब कैसे कहें कि प्राचीन भारत में उत्कृष्ट वैज्ञानिक आविष्कार नहीं हुए थे?

स्वयं लॉर्ड मैकॉले ने कहा था कि वे संस्कृत नहीं जानते, न संस्कृत ग्रंथों के बारे में कुछ पढ़ा, पर उन्हें पूर्ण विश्वास था कि संस्कृत और अरबी में उपलब्ध संपूर्ण ज्ञान यूरोप के किसी स्कूली पुस्तकालय की एक अलमारी के दो खानों से अधिक मूल्य नहीं रखता। हमारे बुद्धिजीवियों की आलोचनाएं ठीक इसी प्रकार के कथन हैं। औपनिवेशिक शासन खत्म होते ही स्वतंत्र भारत में एक नए अंधविश्वास ने मजबूती से स्थान ग्रहण कर लिया। वह था ऐतिहासिक प्रगति का मा‌र्क्सवादी अंधविश्वास। राजकीय समर्थन से समय के साथ यह देश के कोने-कोने में पहुंच गया। उस मा‌र्क्सवादी प्रभाव में ही यह अंधविश्वास फैला कि आदि-काल से प्रगति की गति एकदिश रही है यानी पहले की तुलना में बाद वाला समाज अधिक प्रगतिशील होता है। इसी जड़-विश्वास के तहत माना जाता है कि भारत, चीन या अमेरिका, कहीं भी पिछला समाज पिछड़ा, दकियानूसी, गुलामी भरा आदि ही रहा होगा, लेकिन यह धारणा पूरी तरह गलत है। न तो काल की एक ही दिशा, अवस्था या गति होती है, न उन्नति ऐतिहासिक विकास की अनुगामी होती है। स्वयं भारत इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है।

जो भारत अठारहवीं शताब्दी तक विश्व का सबसे बड़ा उत्पादक, निर्यातक देश था, जिससे व्यापार का अधिकार पाने के लिए यूरोप के देश सदियों तक मार-काट करते रहे, जहां हजारों वर्ष पहले लोक-गणतांत्रिक राज्य-व्यवस्था थी, जहां की शिक्षा-व्यवस्था यूरोप से बहुत उन्नत थी, वही भारत एक अंग्रेज व्यापारिक कंपनी के हाथों पराजित होकर गुलाम बन गया। उसका अर्थ-तंत्र, समाज छिन्न-भिन्न हो गया। बड़े-बड़े अकाल पड़ने लगे। आत्महीनता आ गई। स्वतंत्र होते-होते उसकी अवस्था एक विखंडित, हिंसा-ग्रस्त, भीख मांगने वाले, संकाटाकुल देश की हो चुकी थी। यह प्रमाण है कि ऐतिहासिक प्रगति की बात कोरा अंधविश्वास है। उन्नति-अवनति काल-सापेक्ष नहीं है। चीन और मिस्न सभ्यता की कहानी भी यही दिखाती है। स्वयं ब्रिटेन आज उस गौरव की छाया भी न रहा, जो वह सौ वर्ष पहले महसूस करता था। अत: ऐतिहासिक क्रम में ही समाज की उन्नति होती है, यह मा‌र्क्सवादी अंधविश्वास है। महान रूसी लेखक टॉल्सटॉय ने भी कहा था कि प्रगति और परिष्कार का नियम मनुष्य की आत्मा में निहित है। भ्रमवश ही उसे इतिहास के क्षेत्र में अंतरित किया जाता है। लेकिन तब वह बेकार बकवास बन जाता है, जिसका अंत हर बेतुकेपन को उचित ठहराने में होता है। टॉल्सटॉय के शब्दों में, प्रगति मानवजाति का नियम है, यह कहना वैसे ही निराधार है, जैसे यह कि काले बाल वालों के अलावा और सभी लोग सुनहरे बालों वाले होते हैं। वस्तुत: यह मोटी बात समझने के लिए वोल्तेयर और टॉल्सटॉय जैसी मेधा की जरूरत नहीं है कि मानवीय तथा ज्ञान-विज्ञान, कला-संस्कृति की प्रगति का कोई नियम नहीं है। सभी पहलुओं को निष्पक्ष होकर देखें तो स्पष्ट दिखेगा कि जीवन के एक पहलू की प्रगति का मूल्य किसी दूसरे पहलू की अधोगति भी होती है।

दरअसल, प्राचीन भारत अथवा वैदिक सभ्यता की महानता पर संदेह करना, उसका मजाक उड़ाना पश्चिमी दृष्टि से ही सब कुछ देखने की गलती से होता है। भारतीय इतिहास-बोध अनित्य के बदले नित्य को महत्व देता रहा है। शरीर से अधिक आत्मा को। इसीलिए यहां महान ज्ञानियों, सम्राटों या साम्राज्यों तक के विवरण लिखने-सहेजने, स्मारक बनाने, आदि की परंपरा नहीं रही है। उन सबसे और जीवन से मिली सीख, ज्ञान को सहेजने, गुनने की चिंता भारतवर्ष की रही है। यूरोपीय दृष्टि इससे भिन्न है। वह भौतिक जीवन पर अत्यधिक केंद्रित रही है। इसीलिए भौतिक उन्नति, आकलन, खोज, प्रमाण आदि में उसकी विशेष रुचि रही। ऐतिहासिक अन्वेषण में भी उन्हीं के मानकों से यहां भी बुद्धिजीवी हर चीज के भौतिक प्रमाण ढूंढ़ते रहते हैं। न मिलने पर उसे कपोल-कल्पना कहकर हंसने लगते हैं। वास्तविक समस्या यही है। किसी समाज को ज्ञान अतीत और वर्तमान, दोनों की अपनी ही दृष्टि से होता है। लेकिन डेढ़-दो सौ वर्ष की अंग्रेजी-औपनिवेशिक शिक्षा ने हमें आत्महीन बना डाला है। इसीलिए हम न तो अपनी विरासत ठीक से पहचानते हैं, न यूरोपियनों की तरह निष्ठा और परिश्रम से पूरी खोज-बीन करते हैं। बौद्धिक आलस्य तथा बने-बनाए निष्कषरें पर चलना हमारी आदत हो गई है।

[लेखक एस. शंकर, वरिष्ठ स्तंभकार हैं]

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।