निर्भया दुष्कर्मः सजायाफ्ता विनय ने तिहाड़ जेल में जान देने की कोशिश की, हालत गंभीर
दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद निर्भया रेप कांड के दोषी विनय शर्मा ने खुदकुशी की कोशिश की। पूरा घटना कल देर रात की है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद निर्भया रेप कांड के दोषी विनय शर्मा ने खुदकुशी की कोशिश की। पूरा घटना कल देर रात की है। कहा जा रहा है कि उसने पहले कुछ दवाइयां खाईं और फिर गमछा गले में बांध कर फांसी लगाने की कोशिश की। विनय शर्मा तिहाड़ के जेल नंबर-8 में बंद है. फिलहाल उसे दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल के वार्ड नंबर-9 में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि विनय ने रात करीब 11.30 बजे जान देने की कोशिश की। जब उसकी बैरक के अन्य कैदी सो गए, तब उसने पहले गोलियां खाईं और फिर गमछे से खुद को फांसी लगाने का प्रयास किया। रात करीब 12.00 बजे उसे अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उसकी जान पर अभी खतरा बना हुआ है।
खुदकुशी की कोशिश को वकील ने बताया साजिश
वहीं, विनय शर्मा की खुदकुशी की कोशिश पर सवाल खड़े होने शुरू हो गए हैं। विनय शर्मा के वकील एपी सिंह ने आरोप लगाया है कि जेल अधिकारी उसकी हत्या की कोशिश को सूइसाइड अटेम्ट का नाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा, 'जो आदमी बीए सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहा है।
हर परीक्षा में पास होता आया है और जेल में रहते हुए भी बहन की शादी करने की योजना बना रहा है, वह खुदकुशी कैसे कर सकता है। एपी सिंह ने कहा वह उससे पिछले शुक्रवार को ही मिले थे, वह उस समय बेहद सकारात्मक लग रहा था, ऐसे में वह खुदकुशी कैसे कर सकता है।
तिहाड़ में कैदियों ने निर्भया रेप कांड के दोषी को धुना, हड्डी टूटी
उल्लेखनीय है कि पिछले साल विनय ने जेल में अन्य कैदियों द्वारा पीटे जाने का आरोप लगाते हुए अधिक सुरक्षा की थी। 16 दिसंबर 2012 को हुए निर्भया सामूहिक दुष्कर्म एवं हत्या के मामले में अदालत ने छह लोगों को दोषी ठहराया था, जिसमें एक नाबालिग शामिल है।
मार्च 2013 में मामले के एक आरोपी राम सिंह, जोकि घटना के वक्त बस चला रहा था, ने तिहाड़ जेल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
निर्भया कांड के दो दोषियों ने CJI को लिखा पत्र, अमीकस क्यूरी बदलने को कहा
निर्भया केस के पांच दोषियों में से एक जिम ट्रेनर रहे विनय शर्मा को निर्भया केस में अपहरण, दुष्कर्म और हत्या का दोषी करार देते हुए कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई थी, जिसके बाद से वह तिहाड़ जेल में बंद है।
16 दिसंबर 2012 को दिल्ली में हुए गैंगरेप के एक मामले ने पूरे देश को दहला कर रख दिया था। चलती बस में फिजियोथेरेपी की पढ़ाई कर रही छात्रा के साथ गैंगरेप के बाद उसे बस से फेंक दिया गया था और उसके साथी के साथ बी मारपीट की गई।
छात्रा को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, परंतु बाद में छात्रा की मौत हो गई। इस मामले में 6 लोगों को पकड़ा गया जिसमें से एक मुख्य आरोपी ने जेल में ही आत्महत्या कर ली, जबकि एक आरोपी को नाबालिग होने के चलते 3 साल की सजा हुई।