यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 08, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
IT जांच में खुला राज, AAP-कांग्रेस को चंदा देने वाला हवाला ऑपरेटर एक
सूत्रों ने कहा कि विभाग ने इस मामले में कांग्रेस को भी नोटिस थमाया है। साथ ही कंपनी ने जिन ...और पढ़ें

नई दिल्ली (जेएनएन)। स्वच्छ राजनीति का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी (AAP) ने हवाला कारोबारी से भारी भरकम चंदा लिया है। आयकर विभाग की जांच में यह अहम पर्दाफाश हुआ है। खास बात यह है कि आप को चंदा देने वाले इस हवाला कारोबारी ने कांग्रेस पार्टी को भी चंदा दिया है।
विभाग ने आप को नोटिस भेज कर अपना पक्ष रखने को कहा है। आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार, गोल्डमाइन बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने AAP को 31 मार्च 2014 को 50 लाख रुपये और कांग्रेस को 11 जुलाई 2014 को 10 लाख रुपये चंदा दिया था।
यह भी पढ़ेंः कपिल मिश्रा की नई रणनीति, अब केजरीवाल के जनता दरबार में खोलेंगे पोल
आयकर विभाग की जांच में पता चला है कि दोनों पार्टियों को भारी भरकम चंदा देने वाली कंपनी को मुकेश कुमार नाम का व्यक्ति चलाता है। कुमार कंपनी के निदेशक हैं।
कंपनी का न तो कोई कारोबार है और न ही कोई दफ्तर। आयकर विभाग के सूत्रों का कहना है कि यह कंपनी पूरी तरह हवाला कारोबार में ही लिप्त है।
सूत्रों ने कहा कि विभाग ने इस मामले में कांग्रेस को भी नोटिस थमाया है। साथ ही कंपनी ने जिन लोगों को हवाला एंट्री की सुविधा दी है उनकी जांच भी की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि आयकर विभाग आकलन वर्ष 2014-15 और 2015-16 के लिए AAP का असेसमेंट कर रहा है। इसी प्रक्रिया में एक जून, 2017 को नोटिस जारी किया है।
विभाग का कहना है कि पार्टी ने इस मामले में आयकर कानून की धारा 13ए के प्रावधानों का उल्लंघन किया है। हालांकि AAP के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दीपक वाजपेयी का कहना है कि उनकी पार्टी स्वच्छ फंडिंग के जरिये स्वच्छ राजनीति के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रधानमंत्री सहित भाजपा के नेता लगातार यह मुद्दा उठा रहे हैं और सरकार की एजेंसियां जांच कर रही हैं। इसके बावजूद अभी तक कुछ नहीं निकला है। AAP ने राजनीति के उच्चतम मानदंड स्थापित किए हैं।
हम जांच का स्वागत करते हैं। आयकर विभाग ने पहले भी नोटिस जारी किए जिनका हमने जवाब दिया और आगे भी देते रहेंगे। वाजपेयी ने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस को विदेश से चंदा मिला है।