यूपी चुनाव 2017: अमर सिंह ने आखिर ऐसा क्या कहा कि SP में मच गई खलबली
मुलायम के बेहद करीबी माने जाने वाले अमर सिंह ने इशारों-इशारों में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर एक बार फिर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि जनता सब जानती है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। यूपी चुनाव के पहले चरण में मतदान के लिए निकले राज्यसभा सांसद अमर सिंह एक बार फिर ऐसा बोल गए कि समाजवादी पार्टी में खलबली मच गई। गाजियाबाद के अमर सिंह सूर्यनगर स्थित विद्या भारती स्कूल में बने मतदान केंद्र पर पत्रकारों से रूबरू होते हुए वह अपने मन की बात को नहीं रोक सके।
मुलायम के बेहद करीबी माने जाने वाले अमर सिंह ने इशारों-इशारों में एक बार फिर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर हमला किया। उन्होंने कहा कि जनता से कुछ भी नहीं छिपा है, वह सब जानती है। इसी क्रम में उन्होंने मुलायम से अपनी नजदीकी होने की बात भी कही।
यह भी पढ़ेंः सपा नेत्री पर अभद्र टिप्पणी में घिरे BJP प्रवक्ता
अखिलेश यादव के सपा अध्यक्ष बनने के साथ ही संरक्षक बनाए गए मुलायम से बनते-बिगड़ते संबंधों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि जो बुजुर्गों का सम्मान नहीं करता वह पनप नहीं सकता। अमर सिंह यह भी कहा कि उनकी मुलायम सिंह से कोई दूरी नहीं है। समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने कहा है कि सपा में उनकी स्थिति इधर कुआं, उधर खाई वाली हो गई है।
अमर से जब पूछा गया कि आजकल मुलायम से उनकी दूरी हो गई है, तो उन्होंने कहा कि मैं मुलायम से नहीं मिलता तो आप कहते हैं दूरी हो गई है, मिलता हूं तो अखिलेश कहते हैं कि मैंने नेताजी को भड़का दिया। इसलिए मैं कहना चाहता हूं कि अगर मुलायम सिंह जी को मुझसे मिलना हो तो वो अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष (अखिलेश यादव) से इजाजत लेकर मिलें। खुद अखिलेश भी अपने दूत को मुलाकात के वक्त मौजूद रखें ताकि मीटिंग के बाद कोई बतंगड़ न बने।
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए अमर सिंह ने कहा कि मुझे खलनायक की तरह पेश किया गया। मां-बहन की गालियां दी गईं। बुजुर्गों का अपमान भारत की परंपरा नहीं है। अखिलेश याद करें कि राम का सम्मान इसलिए होता है क्योंकि उन्होंने पिता के कहने पर सत्ता छोड़ वनवास जाना मंजूर किया। श्रवण कुमार ने माता-पिता की सेवा की। भीष्म ने पिता के वचन के लिए विवाह नहीं किया।
अखिलेश पर हमला करते रहे हैं अमर सिंह
पिछले कुछ महीनों से समाजवादी पार्टी में मचे घमासान पर लंदन से अमर सिंह ने बयान जारी कर अखिलेश यादव पर हमला किया था। पहली बार पिता पुत्र के विवाद में अमर सिंह का बयान सामने आया था। अमर सिंह ने बयान जारी कर खुलकर अखिलेश का विरोध किया था। उन्होंने कहा था कि वो पूरी तरह मुलायम के साथ हैं।उन्होंने दोहा पढ़ाकर कहा था कि कलयुग में पिता वनवास जाएगा और बेटा राज करेगा। वो इसे कतई स्वीकार नहीं करेंगे।
यह भी पढ़ेंः आम आदमी पार्टी पर BJP का हमला-'केजरीवाल से AAP विधायक असंतुष्ट'
रामगोपाल पर लगाया था थमकी देने का आरोप
यहां पर बता दें कि पार्टी से निकाले जाने के बाद से अमर सिंह सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से खफा हैं। पिछले दिनों समाजवादी पार्टी से निष्कासित अमर सिंह ने दावा किया था कि रामगोपाल यादव उन्हें मारने की धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह रामगोपाल के निशाने पर हैं। वे खुलेआम उन्हें मारने की धमकियां दे रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।