विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 24, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हज यात्रियों का पहला जत्था रवाना, नकवी बोले- जल्द तैयार होगी नई हज नीति 2018

By Amit MishraEdited By:
Published: Mon, 24 Jul 2017 07:10 PM (IST)Updated: Mon, 24 Jul 2017 09:58 PM (IST)

नकवी ने कहा कि जल्द ही नई हज नीति 2018 तैयार कर ली जाएगी और अगले साल इस नई हज पॉलिसी के अनुसार आयोजित की जाएगी।

हज यात्रियों का पहला जत्था रवाना, नकवी बोले- जल्द तैयार होगी नई हज नीति 2018
हज यात्रियों का पहला जत्था रवाना, नकवी बोले- जल्द तैयार होगी नई हज नीति 2018

नई दिल्ली [जेएनएन]। देश की सलामती, सुरक्षा और समृद्धि की दुआओं के साथ सोमवार सुबह केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों एवं संसदीय कार्य राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मुख्तार अब्बास नकवी ने 300 हज यात्रियों के पहले जत्थे को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आइजीआइ) से रवाना किया।

नकवी ने कहा कि इस बार अल्पसंख्यक मंत्रालय ने हज कमेटी ऑफ इंडिया एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर हज 2017 की तैयारियां समय से बहुत पहले ही पूरी कर ली थीं। जल्द ही नई हज नीति 2018 तैयार कर ली जाएगी और अगले साल इस नई हज पॉलिसी के अनुसार आयोजित की जाएगी।

नकवी ने बताया कि हज नीति 2018 तय करने के लिए उच्च स्तरीय कमेटी अपनी रिपोर्ट जल्द ही सौंप देगी। नई पॉलिसी का उद्देश्य संपूर्ण प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाना है। नई हज पॉलिसी में समुद्री मार्ग से भी हज यात्रा को दोबारा शुरू करना शामिल किया गया है। मौके पर मौजूद उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने हज यात्रियों से कहा कि आप भारत की समृद्धि की दुआ करना, जिससे की हम तरक्की की नई ऊंचाइयों को छू सकें।

बता दें कि हज यात्रियों के मुंबई से समुद्री मार्ग के जरिये जेद्दा जाने का सिलसिला 1995 में रुक गया था। हज यात्रियों को समुद्री मार्ग से भेजने पर यात्रा संबंधी खर्च करीब आधा हो जाएगा। नई तकनीक एवं सुविधाओं से युक्त पानी का जहाज एक समय में चार से पांच हजार लोगों को ले जाने में सक्षम है।

हज 2017 के लिए सउदी अरब द्वारा कोटे में की गई वृद्धि के बाद हज कमेटी ऑफ इंडिया के माध्यम से 1,25,025 हज यात्री यात्रा पर जाएंगे, जबकि 45,000 हज यात्री प्राइवेट टूर ऑपरेटरों के माध्यम से हज पर जाएंगे। इस वर्ष 21 केंद्रों से कुल 1,70,025 हज यात्री भारत से हज यात्रा पर जाएंगे। 

यह भी पढ़ें: 'गोला बारूद को लेकर चिंतित न हों, सरकार पूरी तरह से सक्षम'

यह भी पढ़ें: 'सेना के प्रति सम्मान, देश का सम्मान, सर्वश्रेष्ठ हैं जवान'