संविधान का उल्लंघन करते हैं केजरीवाल, कभी नहीं किया 'जंग' का सम्मान: भाजपा
भाजपा नेता मनोज तिवारी ने कहा कि जंग के पूरे कार्यकाल के दौरान केजरीवाल ने कभी भी उन्हें सम्मान नहीं दिया।
नई दिल्ली [जेएनएन]। नजीब जंग के उपराज्यपाल पद से इस्तीफे के बाद दिल्ली की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने भाजपा और 'आप' के बीच डील होने का आरोप लगाया तो भाजपा ने पलटवार करते हुए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर वार किया।
भाजपा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की उपराज्यपाल के बीच हुई मुलाकात को ड्रामा करार दिया है। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली को कुटिल राजनीति का अखाड़ा बना दिया है। तिवारी ने कहा खुद को अराजक कहने वाले मुख्यमंत्री बार-बार संविधान का उल्लंघन करते हैं जिस वजह से उपराज्यपाल के साथ उनकी लड़ाई होती थी। जब तक मुख्यमंत्री संविधान का सम्मान करना नहीं सीखेंगे तब तक दिल्ली सरकार और राजनिवास के बीच रिश्ते नहीं सुधरेंगे।
पीएम मोदी से मिले नजीब जंग, कहा- किसी के दबाव में नहीं दिया इस्तीफा
भाजपा नेता ने कहा कि जंग के पूरे कार्यकाल के दौरान केजरीवाल ने कभी भी उन्हें सम्मान नहीं दिया, लेकिन उनके त्यागपत्र के बाद शुक्रवार को अचानक उनसे मिलने पहुंचकर शिष्टाचारी होने का दिखावा किया। जंग का इस्तीफा उनका निजी फैसला है, जिसका भाजपा सम्मान करती है। अन्य पार्टियों को भी उनके फैसले का सम्मान करते हुए इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।
मनोज ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने 2004 से 2014 तक कोयला एव 2जी से लेकर प्रशासनिक नियुक्तियों में डील ही डील की है और अब उन्हें हर निर्णय के पीछे डील नजर आती है। कांग्रेस नेता समझ लें कि भाजपा शासन में डील नहीं सिर्फ सेवा होती है। कांग्रेस को अपनी सोच बदलकर सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।