यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 16, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
केजरीवाल के खिलाफ सबूत देने CBI दफ्तर पहुंचे कपिल, बोले- बेपर्दा हो गए 'गुरु'
कभी दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को अपना गुरु मामने वाले कपिल मिश्रा ने उनके खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है।

नई दिल्ली [जेएनएन]। आम आदमी पार्टी के बागी विधायक कपिल मिश्रा मंगलवार को सीबीआइ दफ्तर पहुंचे कपिल ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ जांच एजेंसी को सबूत सौंपने के बाद दावा किया कि उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री और दो AAP विधायकों के खिलाफ अकाट्य सबूत केंद्रीय जांच एजेंसी को दिए हैं।यह सबूत कई फर्जी कंपनियों के साथ उनके कथित संबंधों के सिलसिले में दिए गए। मिश्रा ने उन दो AAP विधायकों के नाम नहीं जाहिर किए जिनके खिलाफ उन्होंने सबूत दिए हैं।
कपिल ने संवाददाताओं को बताया, एक शख्स जो देश की भ्रष्ट राजनीतिक व्यवस्था के खिलाफ जंग के वादे पर सवार होकर आया था, छोटे-छोटे स्रोतों से मिले चंदे से चुनाव लड़ने की बात करता था वह आज बेपर्दा हो गया।
सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद कपिल के तेवर सख्त हो गए हैं। मंगलवार को उन्होंने ट्वीट कर सीधे तौर पर सीएम केजरीवाल पर निशाना साधा। कपिल ने ट्वीट कर कहा कि आज समय के पहिये का एक चक्र पूरा हुआ। अरविंद केजरीवाल क्या करने आये थे और क्या क्या करते पकड़े गए। देश से धोखा करने से पहले एक बार सोच लेते।
आज समय के पहिये का एक चक्र पूरा हुआ। @ArvindKejriwal क्या करने आये थे और क्या क्या करते पकड़े गए। देश से धोखा करने से पहले एक बार सोच लेते pic.twitter.com/JJGAsZNSyv
— Kapil Mishra (@KapilMishraAAP) May 16, 2017
CBDT भी जाएंगे कपिल
कपिल मिश्रा ने अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। अब वो इसकी शिकायत भी करने वाले हैं। इस सिलसिले में आज वो सीबीडीटी (सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेज) जाकर भी केजरीवाल के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराएंगे। कपिल का आरोप है कि केजरीवाल ने पार्टी फंड के नाम पर पैसों का हेर फेर किया है।
यह भी पढ़ें: 'पूरा हुआ काल के पहिये का चक्र, बिन पानी की मछली की तरह तड़प रहे हैं केजरीवाल'
यह है मामला
आम आदमी पार्टी ने 6 मई को कपिल मिश्रा को मंत्री पद से हटा दिया था। जिसके बाद करावल नगर से विधायक कपिल मिश्रा ने केजरीवाल पर सत्येंद्र जैन के हाथों दो करोड़ रुपए लेने का आरोप लगाया था। उन्होंने केजरीवाल पर अपने रिश्तेदार के लिए 50 करेाड़ की लैंड डील का आरोप भी लगाया था।
केजरीवाल ने कपिल को पार्टी से 8 मई को सस्पेंड कर दिया था। इस कार्रवाई के बाद कपिल 10 मई से अनशन पर बैठ गए। कपिल 'आप' के पांच विधायकों के विदेशी दौरों का ब्योरा देने की मांग को लेकर अपने सरकारी बंगले पर अनशन पर बैठे थे। कपिल जिन पांच 'आप' नेताओं के विदेशी दौरों की जानकारी मांग रहे हैं, उनमें संजय सिंह, राघव चड्ढा, आशीष खेतान, सत्येंद्र जैन और दुर्गेश पाठक शामिल हैं।