पत्रकार हत्याकांड : पोस्टमॉर्टम से खुलासा, करीब से मारी थीं पांच गोलियां
सिवान में शुक्रवार की शाम हिंदुस्तान दैनिक समाचारपत्र के ब्यूरो हेड राजदेव रंजन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार उन्हें करीब से पांच गोलियां मारी गईं थीं।
पटना। सिवान में शुक्रवार की शाम में हिंदुस्तान दैनिक समाचारपत्र के ब्यूरो हेड राजदेव रंजन की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना टाउन थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज के समीप करीब 07.30 बजे हुई। इस मामले में पुलिस ने शनिवार की सुबह चार संदिग्धों को हिरासत में लिया, जिनमें दो को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। इस बीच शनिवार सुबह उनका अंतिम संस्कार संपन्न हो गया।
घटना के कारण अज्ञात, दो गिरफ्तार
पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या क्यों और किस उद्देश्य से की गई, घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस यह नहीं पता कर सकी है। हालांकि, पुलिस ने शुक्रवार की देर रात जीरादेई थाना क्षेत्र से दो बदमाशों उपेन्द्र सिंह और जितेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों से पुलिस ने गहन पूछताछ की है। इस बीच पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार पत्रकार को करीब से पांच गोलियां मारी गई हैं। पेट में तीन गोली मिली हैं, एक गोली गर्दन और एक सिर में मारी गईं।
कांड के विरोध में सिवान शहर में पत्रकारों ने कैंडल मार्च निकाला। राजधानी पटना में भी पत्रकारों ने आक्रोश मार्च निकाला।
थाने में बदमाशों से पूछताछ
राजेदव हत्याकांड में जीरादेई थाना क्षेत्र से गिरफ्तार उपेन्द्र सिंह और जितेन्द्र सिंह को पचरुखी थाने में लाकर महाराजगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में पूछताछ की गई। एसपी सौरव कुमार शाह ने बताया कि दोनों अपराधियों पर अवैध शराब बिक्री का भी आरोप है। पुलिस को संदेह है कि ये राजदेव रंजन की हत्या में शामिल हैं। उपेन्द्र सिंह ईंट भट्टा संचालक है।
सीसीटीवी व मोबाइल डिटेल्स से खुलेंगे राज
एसडीपीओ ने बताया कि रात तक सीसीटीवी फुटेज के सारे डिटेल्स मिल जाएंगे। मोबाइल कॉल डिटेल्स भी रात तक मिल जाने की संभावना है। मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर शुक्रवार को राजदेव के फोन पर कितने लोगों का कॉल आया है, सभी से पूछताछ की जाएगी। शनिवार की सुबह घटनास्थल पर एसपी ने फिर जांच की।
करीब से मारीं थीं पांच गोलियां
पत्रकार राजदेव रंजन को एक के बाद पांच गोलियां मारी गई थीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह सच सामने आया है। राजदेव को अपराधियों ने करीब से सटाकर गोली मारी। अपराधियों ने पेट में तीन गोली, एक गर्दन और एक उनके सिर में मारी थी। मिली पांचों गोलियां 7.6 एमएम की हैं।
राजदेव रंजन सिवान के आंदर ढाला स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। तभी पीछे से घात लगाए दो अपराधियों ने फलमंडी के समीप उन्हें रोककर गोली मार दी। पहली गोली गर्दन में, दूसरी उनके सिर में मारी गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पढ़ें : कइयों की आंखों में खटक चुके थे पत्रकार राजदेव
पढ़ें : राजदेव हत्याकांड पर बोला विपक्ष, बिहार में आ गया महाजंगलराज
गम में डूबे परिजन
बता दें कि राजदेव रंजन पिछले 10 वर्षों से हिन्दी दैनिक हिंदुस्तान के जिला ब्यूरो हेड थे। वे सिवान के महादेवा ओपी अंतर्गत हकाम गांव के निवासी थे। वे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। घटना के बाद उनके घर में मातमी माहौल है। परिजनों के रूदन से पूरा इलाका गम में डूब गया है।