विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 17, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

क्‍या बिहार में योगी आदित्‍यनाथ को था आतंकी खतरा? सियासत तेज

By Amit AlokEdited By:
Published: Sat, 17 Jun 2017 08:43 AM (GMT+05:30)Updated: Sun, 18 Jun 2017 04:40 PM (GMT+05:30)

यूपी के सीएम योगी आदित्‍यनाथ की दरभंगा में जनसभा के दौरान बुलेटप्रूफ इन्‍क्‍लोजर के इस्‍तेमाल पर सियासत तेज हो गई है। जानिए क्‍या कहते हैं बिहार के पक्ष-विपक्ष के नेता।

क्‍या बिहार में योगी आदित्‍यनाथ को था आतंकी खतरा? सियासत तेज
क्‍या बिहार में योगी आदित्‍यनाथ को था आतंकी खतरा? सियासत तेज

पटना [जेएनएन]। उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री व भाजपा के फायरब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ गुरुवार को बिहार के दरभंगा में थे। वहां उनकी जनसभा के लिए बुलेट प्रूफ इनक्लोजर बनाने पर सियासत तेज हो गई है। बिहार पुलिस ने कहा है कि योगी की 'जेड प्‍लस' सुरक्षा को देखते हुए यह रूटीन व्‍यवस्‍था थी। दूसरी ओर महागठबंधन नेताओं ने कहा है कि बिहार जैसी शांत जगह पर बुलेटप्रूफ इनक्‍लोजर से योगी ने गलत संदेश दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को एक दिन के दौरे पर दरभंगा में थे। वहां जनसभा को संबोधित करने के दौरान मंच पर उनके लिए बुलेटप्रूफ इनक्लोजर लगाया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया कई दौरों के दौरान भी ऐसी व्‍यवस्‍था नहीं की गई थी। इस कारण यह मामला सुर्खियों में आ गया।

कहा गया कि बिहार में योगी पर आतंकी खतरे के मद्देनजर यह व्‍यवस्‍था की गई थी।हालांकि, पुलिस मुख्यालय में अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) संजीव कुमार सिंघल ने इस बात को खारिज कर दिया कि बिहार में योगी को आतंकी खतरे की सूचना थी। उन्‍होंने कहा कि योगी को उनकी 'जेड प्‍लस' सुरक्षा को  देखते हुए यह व्‍यवस्‍था की गई थी। उन्‍होंने यह भी कहा कि यदि योगी बुलेटप्रूफ इनक्लोजर की व्‍यवस्‍था से इन्‍कार कर देते तो उसे हटा दिया जाता, जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीते दिनों के कई दौरों के दौरान हुआ था।

योगी के बुलेटप्रूफ इनक्लोजर पर बिहार में सियासत भी तेज हो गई है। राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, “जो योगी होता है उसे बुलेट प्रूफ की जरूरत नहीं पड़ती है। उनको किस चीज का डर था ये बताना चाहिए।”
जदयू के प्रवक्ता संजय सिंह ने भी कहा कि बिहार जैसी शांत जगह में योगी आदित्‍यनाथ ने बुलेट प्रूफ इनक्लोजर का इस्तेमाल कर अच्छा संदेश नहीं दिया। यह देश का दुर्भाग्य है कि योगी जैसे जनप्रतिनिधि इस तरह आम लोगों से मिलते हैं।

यह भी पढ़ें: लालू की बेटी को की थी जमीन दान, मीडिया ने की बात तो सुरक्षाकर्मियों को नोटिस

महागठबंधन नेताओं के बयानों के बीच भाजपा योगी आदित्‍यनाथ के समर्थन में खड़ी हो गई है। विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रेम कुमार ने कहा, “बिहार पुलिस ने ही यह व्यवस्था की। इससे पता चलता है कि बिहार में कानून और व्यवस्था की स्थिति कितनी खराब हो चुकी है।” प्रेम कुमार ने सुरक्षा पर सियासत नह करने की नसीहत दी है।

यह भी पढ़ें: नई मुश्किल में फंसे लालू के लाल, तेजप्रताप के पेट्रोल पंप का लाइसेंस रद