यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 02, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बिहार के इस पुल पर सेल्फी लेना पड़ेगा महंगा, पकड़े जाने पर लगेगा 600 जुर्माना
राजधानी पटना और सोनपुर के बीच नविनिर्मित जेपी सेतु पर हादसों को रोकने के लिए पुल पर सेल्फी न लेने ...और पढ़ें

पटना [जेएनएन]। जेपी सेतु के उद्घाटन के साथ ही इस पर हादसों की भी शुुरुआत हो गई है। दीघा एवं सोनपुर की तरफ लिंक रोड एवं पुल पर आधा दर्जन हादसों में इतनी ही संख्या में लोगों की मौत हो चुकी है। अबतक हुए हादसों में एक प्रमुख कारण पुल पर सेल्फी लेना भी रहा है। हादसों के बाद जागे प्रशासन ने शनिवार से पुल पर कम्युनिटी पुलिस की तैनाती कर दी।
शनिवार को कम्युनिटी ट्रैफिक पुलिस पटना, कम्युनिटी ट्रैफिक पुलिस सोनपुर, पटना यातायात पुलिस के सहयोग से मोटरसाइकिल चलाने वालों एवं सेल्फी लेने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। एनसीसी के ब्रिगेडियर आरबी सिंह, एसपी यातायात पटना के नेतृत्व में इसकी शुरुआत हुई। यह अभियान अगले दस दिनों तक सुबह 8:00 से रात 8:00 बजे तक चलेगा।
हेलमेट पहन या जुर्माना देकर ही पुल पार करने की अनुमति
बिना हेलमेट के वाहन चलाने वालों या इसमें पीछे बैठने वालों को पुल पार करने की अनुमति नहीं दी गई। 600 रुपये का न्यूनतम जुर्माना लेने के बाद पुल से जाने दिया गया। शनिवार शाम 4:30 बजे तक 71 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। सैकड़ों बिना हेलमेट वाले वाहनों को पुल पार नहीं करने दिया गया।
सेतु के बीच में भी सादे लिबास में पुलिस की तैनाती की गई थी। वे सारी गतिविधियों पर ध्यान रख रहे थे। अगर पुल के बीच में कोई सेल्फी ले रहा था तो उसकी जानकारी पुल के छोर पर तैनात पुलिस बल को कर रहे थे।
पुल पर एहतियातन कई जगहों पर 'नो सेल्फी जोन' के होर्डिंग के बोर्ड भी लगाए गए थे। जो व्यक्ति सेल्फी लेते हुए पकड़े गए उनसे 600 रुपया जुर्माना लिया गया।
जांच के दौरान कई बार पब्लिक और पुलिस के बीच कहासुनी भी हुई। लोगों का कहना था कि जांच सिर्फ दोपहिया वाहनों की क्यों? चार पहिया वाहनों की भी जांच होनी चाहिए। सघन जांच के कारण सड़कों पर भीड़ जैसी स्थिति बन गई थी। लोगों से जुर्माना वसूलने के बाद चालान देकर उन्हें छोड़ दिया गया।
यह भी पढ़ें: केंद्र की उजाला योजना पर GST का ये असर, पंखे महंगे तो ट्यूब-बल्ब होंगे सस्ते
सेल्फी लेने वालों पर भी जुर्माना किया गया। गाड़ी के सारे कागजातों की सख्ती से जांच की गई। आये दिन यहां से गुजरने वाले राहगीर सेतु के किनारे गाड़ी खड़ी करके सेल्फी खींचते रहते हैं। उनके बगल से बहुत सारी गाडिय़ां तेज गति से गुजरती रहती हैं। इसके कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
यह भी पढ़ें: थाने को बताया था कि घर खाली है, चोर उड़ा ले गए सामान