यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 09, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बेगूसराय में निकली तालाब की बारात, धूमधाम से हुई शादी
बेगूसराय में अनूठी शादी देखने को मिली, जी हां, यहां के छौड़ाही गांव में पूरे विधि-विधान से एक तालाब की ...और पढ़ें

बेगूसराय [जेएनएन]। शादियां तो होती ही रहती हैं, लेकिन यह शादी जरा हटकर थी। जिला के छौड़ाही प्रखंड स्थित वनपतला कुरसाहा के मिथिलेश कुमार ने गांव के तालाब का विवाह कराया। तिलक-मटकोर से लेकर कन्यादान तक हर अनुष्ठान पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न कराए गए।
गाजे-बाजे के साथ निकली बरात को देखने हजारों की भीड़ गांव से तालाब तक जमी थी। महिलाएं मंगलगान व हंसी-ठिठोली के साथ बरातियों का आवभगत कर रही थीं। गांव में 70 साल बाद किसी तालाब की शादी कराई गई।
पिछले कई वर्षों से प्रदेश में तालाब उपेक्षित पड़े हैं। गत वर्ष दैनिक जागरण के तालाब बचाने व पेड़ लगाने के अभियान से प्रभावित होकर मिथिलेश कुमार ने तालाब विवाह कराने का निर्णय लिया। उद्देश्य था प्रकृति सरंक्षण का संदेश देना। मिथिलेश के अनुसार प्रकृति प्रदत्त तमाम अनमोल धरोहरों में तालाब का अलग महत्व है।
एक सप्ताह से चल रही थी विवाह की तैयारी
वनपतला कुरसाहा में 55 साल पुराना तालाब है। धार्मिक मान्यता है कि शादी-विवाह के अनुष्ठान उसी तालाब के किनारे हो सकते हैं, जिनका विवाह हुआ हो। इस तालाब का विवाह नहीं होने से लोगों को शादी व अन्य आयोजनों के लिए तीन किलोमीटर दूर दूसरे गांव के तालाब पर जाना पड़ता था।
कार्यक्रम के आयोजक के पिता राजकिशोर महतो कहते हैं कि एक सप्ताह से विवाह की तैयारियां चल रहीं थीं। विवाह के अनुष्ठान पूरे विधि-विधान से संपन्न हुए। बुधवार देर रात तालाब का विवाह भी हो गया।
उन्होंने कहा, 70 वर्ष बाद इलाके के किसी तालाब का विवाह हो रहा है। इसलिए दूर-दूर से भी हजारों लोग इस अनूठी शादी को देखने आ रहे हैं।
तालाब के बीच स्थापित किया गया कठबोगना
तालाब की शादी करा रहे पंडित फुलेश्वर झा कहते हैं कि वर पक्ष के अभिभावक वरुण देवता व कन्या पक्ष कमला के अभिभावक राजकिशोर महतो हैं। मंत्रोच्चारण के बीच काष्ठ निर्मित कठबोगना के साथ कमला तालाब का विवाह हुआ।
वर कठबोगना को तालाब के बीच विवाह के बाद स्थापित कर दिया गया। वे हमेशा कमला तालाब की रक्षा करेंगे। धोती-कुर्ता आदि वस्त्र वरुण देव को विदाई में दिए गए। यह समझिए कि जैसे मनुष्य की शादी होती है, वैसा ही विवाह तालाब व कठबोगना का हुआ।
70 के दशक में आम था तालाब का विवाह
पर्यावरणविद फुलेंद्र विद्यार्थी बताते हैं कि वैदिक काल से ही तालाब के विवाह की परंपरा रही है। पश्चिमी सभ्यता हावी होने के बाद इसे फिजूलखर्ची मान बंद कर दिया था। यह तो प्रकृति प्रेम का अनुपम उदाहरण है। 70 वर्ष पूर्व तक तालाब का विवाह आम बात थी। ग्रामीण सामूहिक चंदा कर या जमींदार अपने खर्च पर तालाब का विवाह कराते थे। इसका प्रमाण है पुराने तालाबों के बीच में लगे लकड़ी के खंभे (जाईठ) हैं। इन्हें आज भी देखा जा सकता है।
जागरण अभियान से मिली प्रेरणा
कार्यक्रम के आयोजक मिथिलेश कुमार ने कहा कि पिछले वर्ष दैनिक जागरण के तालाब बचाने व पेड़ लगाने के अभियान में उन्होंने गांववालों के सहयोग से आधा दर्जन तालाब साफ कराए। अब अपने गांव में तालाब का विवाह कर रहे हैं। इसमें लगभग दो लाख रुपये खर्च हो रहे है। कहा, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है कि लोग प्रकृति से जुड़ें, उसको प्यार करें। तालाब हमारे लिए बहुत उपयोगी है।