Relief Package for Britain: ब्रिटेन के लोगों के लिए आज राहत पैकेज की घोषणा कर सकती हैं ट्रस, तेल कंपनियों पर टैक्स लगाने से इन्कार
ट्रस ने यूरोपीय संघ से ब्रिटेन के बाहर निकलने के कट्टर समर्थक रहे स्टीव बेकर को उत्तरी आयरलैंड कार्यालय में जूनियर मंत्री बनाया है। उनके इस फैसले की आलोचना हो रही है और विनाशकारी संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
लंदन, एजेंसियां। रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते ऊर्जा की बढ़ती कीमतों और ब्रिटेनवासियों को जीवन यापन की बढ़ती लागत से राहत देने के लिए प्रधानमंत्री लिज ट्रस आज एक बड़े पैकेज की घोषणा कर सकती हैं। उन्होंने तेल कंपनियों पर विंडफाल टैक्स लगाने से भी इन्कार कर दिया है। ब्रिटिश संसद के निचले सदन हाउस आफ कामंस में प्रधानमंत्री के सवालों के अपने पहले सत्र को संबोधित करते हुए ट्रस ने तेल कंपनियों पर विंडफाल टैक्स लगाने की विपक्षी की मांग ठुकरा दी। उन्होंने कहा वह विंडफाल टैक्स के खिलाफ हैं। आम लोगों के ऊर्जा बिल पर नियंत्रित करने की योजना लाने के भी संकेत दिए, लेकिन इसके बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी। बता दें कि विंडफाल टैक्स ऐसी कंपनियों या उद्योग पर लगाया जाता है जिन्हें किसी खास तरह के हालात से तत्काल काफी लाभ होता है। रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते ब्रिटेन की तेल कंपनियां लाभ कमा रही हैं।
ट्रस ने यूरोपीय संघ से ब्रिटेन के बाहर निकलने के कट्टर समर्थक रहे स्टीव बेकर को उत्तरी आयरलैंड कार्यालय में जूनियर मंत्री बनाया है। उनके इस फैसले की आलोचना हो रही है और 'विनाशकारी संदेश' के रूप में देखा जा रहा है। ट्रस ने बुधवार सुबह कहा था कि वह ब्रेग्जिट के बाद उत्तरी आयरलैंड के साथ कारोबार से संबंधित नियमों से जु़ड़े मुद्दों को लेकर यूरोपीय संघ के साथ सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाना चाहती हैं।
ट्रस की कैबिनेट में दो भारतवंशियों को जगह, सुनक समर्थकों को नहीं
ट्रस ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए अल्पसंख्यक समुदाय के सांसदों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने भारतीय मूल की सुएला ब्रेवरमैन और आलोक शर्मा को कैबिनेट में शामिल किया है। ब्रेवरमैन गृह मंत्री बनी हैं। शर्मा पहले की तरह पर्यावरण संबंधी मामलों को देखेंगे। हालांकि, पीएम पद के लिए उनके प्रतिद्वंद्वी रहे ऋषि सुनक और उनके समर्थकों को कैबिनेट में जगह नहीं मिली है। इनमें डोमिनिक जाब शामिल हैं।
ब्रिटेन को मजबूत सरकार चाहिए, न कि चुनाव: ट्रस
ट्रस ने बुधवार को विपक्षी लेबर पार्टी की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि फिलहाल ब्रिटेन को मजबूत सरकार की जरूरत है जो समस्याओं का निदान कर सके, न कि नए चुनाव की। लेबर पार्टी ने मंगलवार को ट्रस के प्रधानमंत्री नियुक्त किए जाने पर कहा था कि उन्हें जनता के बीच जाना चाहिए था, ताकि देश नया नेता चुनता।
चीनी आक्रामकता की विरोधी रही हैं ट्रस
ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री चीन की बढ़ती आक्रामकता की कट्टर विरोधी रही हैं। विदेश मंत्री रहते हुए ट्रस चीन की नीतियों की आलोचना कर चुकी हैं। उनका मानना है कि चीन की आक्रामकता नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के लिए घातक है।
बाइडन व ट्रस ने रूस के खिलाफ एकजुट रहने की प्रतिबद्धता जताई
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने प्रधानमंत्री बनने के बाद लिज ट्रस से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने आपसी संबंधों को और मजबूत बनाने तथा रूस के खिलाफ एकजुट रहने की प्रतिबद्धता जताई। ट्रस ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर से बातचीत के दौरान कीव आने के निमंत्रण को स्वीकार किया और रूस के साथ युद्ध में समर्थन जारी रखने का भरोसा दिया।
ट्रस का चुनाव लोकतांत्रिक नहीं: पुतिन
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को कहा कि ब्रिटेन के नेता के रूप में लिज ट्रस का चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि ट्रस का चुनाव उनके पार्टी के नेताओं ने किया है, जनता ने नहीं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।