Liz Truss: ब्रिटेन की तीसरी महिला प्रधानमंत्री बनेंगी ट्रस, छात्र जीवन से रखती थीं सार्वजनिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय
UK New PM Liz Truss कंजरवेटिव पार्टी की लिज ट्रस ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री होंगी। सार्वजनिक जीवन में 1998 से सक्रिय ट्रस की छवि फायरब्रांड नेता की है। खबर में पढ़े ट्रस के जीवन की जुड़ी रोचक बातें-

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। ब्रिटेन को उसका नया प्रधानमंत्री मिल गया है। कंजरवेटिव पार्टी की लिज ट्रस ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री होंगी। उन्होंने भारतीय मूल के ऋषि सुनक को हरा दिया है। बता दें कि ट्रस को 81,326 वोट मिले, जबकि ऋषि सुनक को 60,339 वोट मिले। यानी की ट्रस ने सुनक को 20, 987 मतों से पछाड़ दिया है और प्रधानमंत्री पद की रेस जीत ली है। आइए जानते हैं लिज ट्रस के जीवन की जुड़ी रोचक बातें, जो उन्हें बचपन से ही भीड़ से अलग कर एक नई पहचान दे दी थी-
फायरब्रांड नेता की रही छवि
सार्वजनिक जीवन में 1998 से सक्रिय ट्रस की छवि फायरब्रांड नेता की है। वह पढ़ाई के समय से ही सार्वजनिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखती रही हैं। उनके कड़े रुख की झलक इसी साल मास्को में तब मिली जब वह विदेश मंत्री के तौर पर रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म कराने के प्रयास में गई थीं। वहां पर वार्ता सफल न होने पर उन्होंने मास्को में रूसी विदेश मंत्री के साथ संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस में रूस को खरी-खरी सुना डालीं।
उन्होंने मास्को में खड़े होकर रूस को गलतफहमी दूर करने की ताकीद की। कहा कि यूक्रेन कमजोर नहीं पड़ेगा-पूरी दुनिया उसके साथ है। किसी भी विदेशी राजनेता द्वारा रूस जाकर इस तरह की बात पहली बार कही गई। लिज ट्रस ने सबसे पहले 1998 में स्थानीय परिषद का चुनाव जीता था। उसके बाद से वह सार्वजनिक जीवन में लगातार सक्रिय रहीं।
माता-पिता के राजनीतिक मतभेद के बीच लिज ने जीता चुनाव
ऑक्सफोर्ड में जन्मी ट्रस के पिता गणित के प्रोफेसर और मां नर्स-शिक्षिका थीं। ट्रस स्कॉटलैंड, लीड्स और लंदन समेत ब्रिटेन के अलग-अलग हिस्सों में रही हैं। ट्रस ने अकाउंटेंट हग ओ लीअरी से विवाह किया और उनकी दो बेटियां हैं। माता-पिता के बीच राजनीतिक मतभेद के बावजूद लिज ने 2010 में कंजरवेटिव पार्टी की उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और जीता।
इस चुनाव में मां प्रिस्ला मैरी ट्रस ने उनका प्रचार किया था, जबकि पिता जान केनेथ चुनाव से दूर रहे थे। 2010 में पहली बार संसद के लिए चुनी गईं ट्रस 2016 में ब्रिटेन की पहली महिला लार्ड चांसलर बनीं। इस पद पर एक हजार साल में पहली बार किसी महिला की नियुक्ति हुई थी। वह कैमरन सरकार में पहली बार मंत्री बनी थीं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।