लंदन में राहुल का नाम लिए बगैर भारतीयों से बोले धनखड़, भारत के खिलाफ दुष्प्रचार का कोई महत्व नहीं; करें विरोध
ब्रिटेन के महाराजा के राज्याभिषेक समारोह में भारत की ओर से उप राष्ट्रपति धनखड़ और उनकी पत्नी डा. सुदीप धनखड़ ने हिस्सा लिया। समारोह में कैंटरबरी के आर्चबिशप ने अपने सहयोगी जस्टिन वेल्बी हिंदू सिख बौद्ध मुस्लिम और यहूदी धर्मगुरुओं के सहयोग से राज्याभिषेक की प्रक्रिया पूरी कराई।
लंदन, पीटीआई। भारत अपने सवा तीन करोड़ मूलवासियों की प्रतिभा और कौशल से गौरवान्वित है। भारतीय मूल के ये लोग पूरे विश्व में भारत के राजदूत हैं जो हर दिन और हर क्षण अपना शानदार प्रभाव छोड़ रहे हैं और भारत भी ऐसे कार्य कर रहा है जिससे विदेश में बसे भारतीयों को गौरव का अनुभव हो। ऐसे में भारत को लेकर दुष्प्रचार और आधारहीन बातों का कोई महत्व नहीं है, उनका विरोध करना चाहिए। यह बात ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स तृतीय के राज्याभिषेक समारोह में भाग लेने लंदन पहुंचे उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भारतीय समुदाय के लोगों के बीच कही है।
माना जा रहा है कि धनखड़ ने यह बात कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा बीते मार्च में ब्रिटेन में भारत और भारतीय लोकतंत्र के खिलाफ बोली बातों के जवाब में कही है। धनखड़ ने भारत में तेजी से हो रहे विकास कार्यों की जानकारी देने के साथ ही लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के आगे बढ़ने का भी जिक्र किया।
''अमृत काल में चहुंमुखी विकास कर रहा भारत''
उन्होंने कहा कि भारत अमृत काल में चहुंमुखी विकास कर रहा है। शनिवार को महाराजा के राज्याभिषेक समारोह में भारत की ओर से उप राष्ट्रपति धनखड़ और उनकी पत्नी डा. सुदीप धनखड़ ने हिस्सा लिया।
समारोह में कैंटरबरी के आर्चबिशप ने अपने सहयोगी जस्टिन वेल्बी, हिंदू, सिख, बौद्ध, मुस्लिम और यहूदी धर्मगुरुओं के सहयोग से राज्याभिषेक की प्रक्रिया पूरी कराई। इसके जरिये ब्रिटिश राजपरिवार की सर्वधर्म सम्भाव वाली सोच को प्रदर्शित करने की कोशिश की गई।
इस दौरान ब्रिटेन में सिख संत लार्ड इंद्रजीत सिंह (90) ने महाराजा को राज्याभिषेक के समय पहनने के लिए दस्ताने भेंट किए। उप राष्ट्रपति धनखड़ और उनकी पत्नी वेस्टमिंस्टर एबी के विशाल हाल में राष्ट्रमंडल देशों के नेताओं के साथ बैठे। इससे पहले धनखड़ और राष्ट्रमंडल देशों के नेताओं ने शुक्रवार को महाराजा चार्ल्स से लंदन के मार्लबोरो हाउस में मुलाकात की थी और उन्हें शुभकामना दी थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।