विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 24, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Russia Ukraine War: यूक्रेन के राजदूत ने PM मोदी से लगाई मदद की गुहार, कहा- दुनिया में भारत ही कम कर सकता है तनाव

By Mohd FaisalEdited By:
Published: Thu, 24 Feb 2022 08:33 AM (IST)Updated: Thu, 24 Feb 2022 03:34 PM (IST)

Russia Ukraine War रूसी हमलों के बीच यूक्रेन ने रूस के पांच रूसी विमानों और एक रूसी हेलीकाप्टर को मार ...और पढ़ें

रूस के हमलों के बाद ‘यूक्रेन में लगाया गया मार्शल ला’ फोटो; एएनआई
रूस के हमलों के बाद ‘यूक्रेन में लगाया गया मार्शल ला’ फोटो; एएनआई

मास्को, एजेंसी: रूस के ऐलान के बाद यूक्रेन में लगातार स्थिति बिगड़ती जा रही है। यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई जगह हुए धमाकों के बाद यूक्रेन में मार्शल ला लगा दिया गया है। इतना ही नहीं यूक्रेन ने दावा किया है कि उन्होंने पांच रूसी विमानों और एक रूसी हेलीकाप्टर को मार गिराया है। साथ ही यूक्रेन ने दावा किया है कि उनके हमले में 50 रूसी सैनिक भी मारे गए हैं। वहीं भारत में यूक्रेन के राजदूत ने प्रधानमंत्री मोदी से पूरे मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।

दरअसल, रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान' की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा युद्ध को टाला नहीं जा सकता। राष्ट्रपति ने आदेश जारी करते हुए कहा कि अगर यूक्रेन पीछे नहीं हटता है तो जंग होकर रहेगी। पुतिन ने यूक्रेनी सेना को धमकी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द हथियार डाल दें नहीं तो युद्ध को टाला नहीं जा सकता है। वहीं यूक्रेन से लगातार धमाकों की आवाज सुने जाने की खबर आ रही है। सोशल मीडिया पर भी कई लोग अलग-अलग जगहों पर ब्लास्ट का दावा कर रहे हैं।

यूक्रेन का दावा- रूस के 50 सैनिक मारे गए

रूस के हमले की बीच यूक्रेन ने बड़ा दावा किया है। रायटर्स के मुताबिक, यूक्रेन का कहना है कि उनके हमले में लगभग 50 रूसी सैनिक मारे गए हैं।

रूस और यूक्रेन के राष्ट्रपति से बात करें पीएम मोदी- यूक्रेन के राजदूत

यूक्रेन के राजदूत ने कहा यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे तनाव में भारत अहम भूमिका अदा कर सकता है। उन्होंने पीएम मोदी से अपील करते हुए कहा कि वो तुरंत यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से इस बारे में बात करें। मोदी जी इस समय बहुत बड़े नेता हैं, हम उनसे मदद की अपील करते हैं, दुनिया में तनाव को भारत ही कम कर सकता है।

पीएम मोदी करें हस्तक्षेप- यूक्रेन के राजदूत

भारत में यूक्रेन के राजदूत डा इगोर पोलिखा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हस्तक्षेप की गुजारिश की है। यूक्रेन के राजदूत ने कहा कि भारत के संबंध रूस से अच्छे हैं, पीएम मोदी से गुजारिश है कि वे रूस के साथ बात कर इस तबाही को रोकें।

भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर किया जारी

रूस के हमले के बाद यूक्रेन के हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया गया है। कीव में स्थित भारतीय दूतावासा ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। दूतावासा ने बताया कि यूक्रेन पर हमले के बाद हवाई क्षेत्र को बंद करने के मद्देनजर विशेष फ्लाइटों को रद्द कर दिया गया है। भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। दूतावास की वेबसाइट, सोशल मीडिया पोस्ट और नीचे दिए गए नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

जो हथियार उठा सकता है, वो सेना में शामिल हो- यूक्रेन के रक्षा मंत्री

रायटर्स के अनुसार यूक्रेन के रक्षा मंत्री ओलेक्सी रेजनिकोव ने कहा कि जो कोई भी हथियार उठाने के लिए तैयार और सक्षम हो, वह टेरिटोरियल डिफेंस फोर्स के रैंक में शामिल हो सकता है।

यूक्रेन अपनी संप्रभुता की रक्षा करेगा और इस युद्ध को जीतेगा- भारत में यूक्रेन के राजदूत

भारत में यूक्रेन के राजदूत डा इगोर पोलिखा ने रूस के हमले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध का ऐलान कर दिया है। यह जबरदस्त आक्रामकता का मामला है, जो सुबह 5 बजे शुरू हुआ। यूक्रेन अपनी संप्रभुता की रक्षा करेगा और इस युद्ध को जीतेगा।

विदेश मंत्रालय की हाई लेवल मीटिंग

यूक्रेन के हालात पर विदेश मंत्रालय की हाई लेवल मीटिंग चल रही है। भारतीयों को निकालने के लिए आकस्मिक योजनाओं को क्रियान्वित किया जा रहा है। हवाई क्षेत्र बंद होने के चलते वैकल्पिक निकासी मार्गों को सक्रिय किया जा रहा है।

बाइडन ने की यूक्रेन के राष्ट्रपति से बात

रूस के हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से बात की। राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि मैं G7 के नेताओं के साथ कल बैठक करूंगा और संयुक्त राज्य अमेरिका और हमारे सहयोगी एक साथ मिलकर रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाएंगे। हम यूक्रेन और उनके लोगों को समर्थन और सहायता देना जारी रखेंगे।

रूसी हमले में 7 लोगों की मौत

यूक्रेन का कहना है कि रूसी हमले में कम से कम 7 लोग मारे गए हैं, जबकि 9 लोग घायल हुए हैं। समाचार एजेंसी रायटर्स ने इसकी जानकारी दी है।

एक व्यक्ति की मौत, एक घायल

रायटर्स के मुताबिक यूक्रेन के आंतरिक मंत्रालय का कहना है ब्रोवरी और कीव में 1 व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि एक के घायल होने की खबर मिली है और पूरे यूक्रेन में गोलाबारी हो रही है।

डेनमार्क ने कीव में बंद किया दूतावास

रूस और यूक्रेन के बीच हालात को देखते हुए डेनमार्क के विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन की राजधानी कीव में स्थित अपने दूतावास को बंद कर दिया है। रायटर्स के अनुसार, डेनमार्क ने

सुरक्षा का हवाला देते हुए दूतावास को बंद किया है।

यूक्रेन के दो शहरों पर कब्जा

रायटर्स के मुताबिक रूस समर्थित अलगाववादियों ने दावा किया है कि उन्होंने यूक्रेन के लुहान्स्क क्षेत्र में दो शहरों पर कब्जा कर लिया है।

भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

यूक्रेन में बिगड़ते हालातों के बीच भारतीय दूतावास ने नई एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि स्थिति अभी खराब है, ऐसे में जहां हैं, वहीं रहें। लोगों से अपने घरों, हास्टल में ही रुकने को कहा गया है। जो लोग यूक्रेन की राजधानी कीव या वेस्टर्न कीव की तरफ गए हैं वे वापस अपने घरों की तरफ लौट जाएं।

यूक्रेन-रूस हालात पर भारत सरकार की नजर-सूत्र

रूस और यूक्रेन के बीच हालात पर भारत सरकार पल-पल के हालात पर नजर रख रही है। सूत्रों के अनुसार, भारत सरकार दोनों देशों के बीच तेजी से बदल रहे हालात पर करीब से नजर रख रही हैं। भारतीयों और छात्रों की सुरक्षा पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा विदेश मंत्रालय के नियंत्रण कक्ष का विस्तार किया जा रहा है और इसे 24x7 आधार पर चालू किया जाएगा।

यूक्रेन के सैन्य और हवाई अड्डों को किया तबाह

समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक रूस का कहना है कि उसने यूक्रेन के सैन्य और हवाई अड्डों को निशाना बनाकर तबाह कर दिया है।

यूक्रेन का दावा- रूस के पांच विमानों को मार गिराया

यूक्रेन ने रूस के पांच रूसी विमानों और एक रूसी हेलीकाप्टर को मार गिराया है। रायटर्स के मुताबिक यूक्रेन की सेना का कहना है कि उन्होंने लुहान्स्क क्षेत्र में पांच रूसी लड़ाकू विमान और एक रूसी हेलीकाप्टर को मार गिराया है।

सुरक्षित स्थानों पर जा रहे नागिरक

रूस द्वारा यूक्रेन में सैन्य अभियान की घोषणा के बाद यूक्रेन के शहरों में विस्फोटों की आवाज सुनी गई है और हवाई हमले के बचने के लिए सायरन भी बजाए जा रहे हैं। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, यूक्रेन में मार्शल ला का ऐलान कर दिया गया है। रूसी हमलों से बचने के लिए कीव में नागरिक शरण लेने के लिए भूमिगत मेट्रो स्टेशनों की ओर जा रहे हैं।

वापस दिल्ली लौटी एयर इंडिया की फ्लाइट

एयर इंडिया की फ्लाइट (AI1947) यूक्रेन के कीव में NOTAM (नोटिस टू एयर मिशन) के कारण दिल्ली वापस आ गई है।

यूक्रेन में 'मार्शल ला' का एलान

रूसी राष्ट्रपति के ऐलान के बाद यूक्रेन में मार्शल लॉ का एलान कर दिया गया है। साथ ही रूस के हवाई हमले को देखते हुए कीव में सायरन बज रहे हैं।

रूस पर लगे कड़े प्रतिबंध- यूक्रेन के विदेश मंत्री

यूक्रेन के विदेश मंत्री ने कहा कि अब रूस के खिलाफ कड़े प्रतिबंध लगाते हुए दुनिया को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा दुनिया भर के देश रूस को हर तरह से अलग-थलग कर दें और यूक्रेन के लिए हथियार, उपकरण वित्तीय और मानवीय सहायता प्रदान करें। अब यूरोप और दुनिया का भविष्य दांव पर है।

100 डालर के पार पहुंची कच्चे तेल की कीमत

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा यूक्रेन में 'सैन्य अभियान' की घोषणा के बाद यूक्रेन में कच्चे तेल की कीमत 100 डालर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है।

मारियुपोल में शक्तिशाली विस्फोट

रूसी राष्ट्रपति पुतिन के यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान' की घोषणा के तुरंत बाद यूक्रेन में कई जगह धमाकों की आवाज सुनी गई है। एएफपी के अनुसार, यूक्रेन के पूर्वी बंदरगाह शहर मारियुपोल में शक्तिशाली विस्फोट की आवाज सुनी गई है।

182 भारतीय नागरिकों को लेकर कीव से दिल्ली पहुंचा विशेष विमान

भारत में यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस के एक अधिकारी ने बताया कि यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस (UIA) का एक विशेष विमान 182 भारतीय नागरिकों के साथ आज सुबह 7:45 बजे कीव से दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचा है।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में रूस का बयान

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की बैठक में रूस के प्रतिनिधि ने कहा कि पुतिन ने जिस स्पेशल आपरेशन का ऐलान किया है वह यूक्रेन के लोगों को बचाने के लिए है जो सालों से प्रताड़ित थे, हम यूक्रेन में नरसंहार बंद करना चाहते हैं। जो भी फैसले हुए हैं वे यूएन चार्टर के आर्टिकल 51 के हिसाब से हैं, हम हालातों पर नजर रखे हुए हैं।

कोई देश बीच में आया तो अंजाम बुरा होगा: पुतिन

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा है कि जो कोई भी हमारे देश और हमारे लोगों के लिए खतरे पैदा करने की कोशिश करता है, उसे पता होना चाहिए कि रूस की प्रतिक्रिया तत्काल होगी और आपको ऐसे परिणामों की ओर ले जाएगी जैसा आपने अपने इतिहास में पहले कभी अनुभव नहीं किया है।

यूक्रेन अपना बचाव करेगा और जीतेगा- यूक्रेन के विदेश मंत्री

रूसी राष्ट्रपति के ऐलान के बाद यूक्रेन के विदेश मंत्री की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा यूक्रेन अपना बचाव करेगा और जीतेगा। पुतिन ने अभी-अभी यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू किया है। यूक्रेन के शांतिपूर्ण शहरों पर हमले हो रहे हैं, यह आक्रामकता का युद्ध है। दुनिया पुतिन को रोक सकती है और अब कार्रवाई करने का समय है।

रूस-यूक्रेन संकट के बीच यूक्रेन में कई जगह धमाके

रूस के साथ युद्ध की आशंका के बीच कीव में धमाके की आवाज सुनी गई है। समाचार एजेंसी के अनुसार, कीव में एक जोरदार धमाका हुआ है। राजधानी कीव के अलावा खार्किव, पूर्वी यूक्रेन के मारियुपोल में धमाकों की आवाज सुनी गई है।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का बयान

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने संबोधन में कहा यूक्रेन में (विशेष सैन्य अभियान की) हमारी योजनाओं में यूक्रेनी क्षेत्र पर कब्जा शामिल नहीं है। हमारा लक्ष्य यूक्रेन का गैरफौजीकरण हैं।

रूस होगा हमले के लिए जिम्मेदार- जो बाइडेन

रूसी राष्ट्रपति के ऐलान के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा इस हमले से होने वाली मौत और तबाही के लिए रूस अकेला जिम्मेदार होगा। अमेरिका और उसके सहयोगी एकजुट और निर्णायक तरीके से जवाब देंगे। पूरी दुनिया की प्रार्थनाएं आज रात यूक्रेन के लोगों के साथ हैं, क्योंकि वे रूसी सैन्य बलों द्वारा एक अनुचित हमले का शिकार हुए हैं। राष्ट्रपति पुतिन ने एक पूर्व नियोजित युद्ध चुना है जो जीवन और मानव जाति के लिए एक विनाशकारी नुकसान लाएगा।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने लिया संकल्प

समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के रूसी आपरेशन में हस्तक्षेप करने वाले देश के खिलाफ भी जवाबी कार्रवाई का संकल्प लिया है।

पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान की घोषणा

रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान' की घोषणा कर दी है, उन्होंने कहा युद्ध को टाला नहीं जा सकता। समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार रूस के राष्ट्रपति ने आदेश जारी करते हुए कहा कि अगर यूक्रेन पीछे नहीं हटता है तो जंग होकर रहेगी। पुतिन ने यूक्रेनी सेना को धमकी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द हथियार डाल दें नहीं तो युद्ध को टाला नहीं जा सकता है।

UN में बोले टीएस तिरुमूर्ति

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने कहा कि हम तत्काल डी-एस्केलेशन का आह्वान करते हैं और आगे की किसी भी कार्रवाई से परहेज करते हैं जो स्थिति को बिगड़ने में योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि स्थिति एक बड़े संकट में तब्दील होने के कगार पर है। अगर इसे सावधानी से नहीं संभाला जाता तो यह सुरक्षा को कमजोर कर सकता है। सभी पक्षों की सुरक्षा को ध्यान में रखा जाना चाहिए।

यूक्रेन में फंसे 20 हजार छात्र

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने कहा यूक्रेन में भारत के 20 हजार से अधिक छात्र फंसे हैं। हम छात्रों सहित सभी भारतीय नागरिकों की वापसी की सुविधा प्रदान कर रहे हैं।

क्या बोले संयुक्त राष्ट्र महासचिव

रूस और यूक्रेन के हालात पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा दरअसल (रूस द्वारा) एक आपरेशन तैयार किया जा रहा है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपने सैनिकों को यूक्रेन पर हमला करने से रोकें और शांति का एक मौका दें।

UN की आपात बैठक शुरु

वहीं, यूक्रेन संकट पर चर्चा के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारतीय समयानुसार गुरुवार सुबह 8:00 बजे (21:30 EST) से बैठक शुरु हो गई है।

रूस की नार्ड स्ट्रीम 2 गैस पाइपलाइन पर लगाया प्रतिबंध

इससे पहले आज राष्ट्रपति जो बाइडेन ने राष्ट्रीय सुरक्षा छूट का उपयोग करके रूस की नार्ड स्ट्रीम 2 गैस पाइपलाइन के निर्माण के प्रभारी कंपनी पर प्रतिबंधों को लगा दिया है। बाइडन ने कहा कि ये कदम यूक्रेन में रूस की कार्रवाइयों के जवाब में प्रतिबंधों की हमारी प्रारंभिक किश्त का एक और हिस्सा हैं। जैसा कि मैंने स्पष्ट किया है, यदि रूस आगे बढ़ना जारी रखता है तो हम और कदम उठाने में संकोच नहीं करेंगे।

अमेरिका की पाकिस्तान को नसीहत

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की मास्को यात्रा पर संयुक्त राज्य अमेरिका ने नसीहत दी है। अमेरिका ने कहा कि रूस द्वारा यूक्रेन पर लिए गए फैसलों पर आपत्ति जताना हर जिम्मेदार देश की जिम्मेदारी है। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने बुधवार को कहा कि अमेरिका ने यूक्रेन के हालात पर पाकिस्तान को अपनी स्थिति से अवगत करा दिया है।

आपको बता दें कि पूर्वी यूक्रेन के विद्रोहियों के कब्जे वाले दो इलाकों को रूस द्वारा स्वतंत्र घोषित किए जाने के विरोध में अमेरिका ने रूसी संस्थाओं और व्यक्तियों पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं। इन प्रतिबंधों के दायरे में रूसी बैंक, कर्ज, सहायता और निवेश आए हैं। अमेरिका और पश्चिमी देशों ने चेतावनी दी है कि रूस ने अगर यूक्रेन के खिलाफ युद्ध छेड़ा तो उस पर बर्बाद करने वाले प्रतिबंध लगाए जाएंगे। जबकि चीन ने कहा है कि प्रतिबंध किसी समस्या का समाधान नहीं होते। यूक्रेन मसले को संयम बरतते हुए बातचीत के जरिये सुलझाया जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें: Russia-Ukraine Conflict: क्या रूस को रोक सकेगी आर्थिक सख्ती? चीन पर गड़ी पूरे विश्व की निगाहें

Koo App

Russia-Ukraine situation in danger of spiralling into major crisis, says India at UNSC #TSTirumurti #UNSC #UkraineRussiaCrisis #NewYork Watch Video: https://youtu.be/v8-eGY8YB0U

View attached media content

- ANI Multimedia (@ANI_Multimedia) 24 Feb 2022

Koo App

IMPORTANT ADVISORY TO ALL INDIAN NATIONALS IN UKRAINE AS ON 24 FEBRUARY 2022.

View attached media content

- V Muraleedharan (@vmbjp) 24 Feb 2022

Koo App

Emergency Helpline and Control room Numbers

View attached media content

- V Muraleedharan (@vmbjp) 24 Feb 2022

Koo App

IMPORTANT ADVISORY TO ALL INDIAN NATIONALS IN UKRAINE AS ON 24 FEBRUARY 2022.

View attached media content

- V Muraleedharan (@vmbjp) 24 Feb 2022