विमान हादसे में ही मारा गया वैगनर ग्रुप का प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन, रूस ने कहा- जेनेटिक टेस्ट से हुई पुष्टि
Wagner Chief Yevgeny Prigozhin Died रूस में बीते 23 अगस्त को एक निजी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में विमान में सवार सभी लोग मारे गए थे। इस दौरान यह भी बताया गया कि इस विमान में वैगनर ग्रुप का प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन भी सवार था। हालांकि अब रूस ने येवगेनी प्रिगोझिन की मौत की पुष्टि कर दी है।

मॉस्को, एजेंसी। रूस में 23 अगस्त को एक निजी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में विमान में सवार सभी लोग मारे गए थे। इस दौरान यह भी बताया गया कि इस विमान में वैगनर ग्रुप का प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन भी सवार था।
विमान हादसे में मारा गया येवगेनी प्रिगोझिन
हालांकि, अब रूस ने येवगेनी प्रिगोझिन की मौत की पुष्टि कर दी है। रूस ने बताया है कि विमान हादसे में ही वैगनर ग्रुप का प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन मारा गया है, जिसकी पुष्टि जेनेटिक टेस्ट से हुई है।
रूसी जांचकर्ताओं ने रविवार को बताया कि जेनेटिक टेस्ट से पुष्टि हुई है कि वैगनर ग्रुप का प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन पिछले सप्ताह हुए एक विमान दुर्घटना में ही मारा गया है। बता दें कि इस विमान में 10 लोग सवार थे, जो हादसे में मारे गए थे।
विमान में सवार था येवगेनी प्रिगोझिन
इससे पहले रूस की विमानन एजेंसी ने निजी जेट में सवार सभी लोगों के नाम साझा किए थे। विमानन एजेंसी ने बताया कि इस विमान में येवगेनी प्रिगोझिन भी सवार था।
जांच समिति ने बयान में क्या कहा?
रूस की जांच समिति ने एक बयान में कहा कि टेवर क्षेत्र में हुए विमान हादसे का जेनेटिक टेस्ट पूरा हो चुका है। इसमें कहा गया कि जेनेटिक टेस्ट के परिणामों के अनुसार सभी 10 मृतकों की पहचान हो गई है। उन्होंने आगे कहा कि इस टेस्ट से यह पता चला है कि विमान में येवगेनी प्रिगोझिन भी सवार था, जिनकी इस हादसे में मौत हुई है।
विमान गिरने की वजह का नहीं किया खुलासा
हालांकि, रूसी अधिकारियों ने यह नहीं बताया है कि विमान गिरने का क्या कारण था। बता दें कि दो महीने पहले ही येवगेनी प्रिगोझिन ने पुतिन से बगावत कर दी थी। यह हादसा इस बगावत के दो महीने बाद हुआ है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 23-24 जून को हुई बगावत की तुलना पीठ में छुरा घोंपने से की थी। हालांकि, बाद में उन्होंने क्रेमलिन में प्रिगोझिन से मुलाकात की थी।
क्रेमलिन के प्रवक्ता ने आरोपों को किया खारिज
साथ ही पुतिन ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। वहीं पश्चिमी देशों के नेताओं ने दावा किया है कि पुतिन के आदेश पर ही प्रिगोझिन को मारा गया है। वहीं, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने पश्चिमी देशों के नेताओं के आरोपों को झूठा बताया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।