Move to Jagran APP

बैलेस्टिक मिसाइल के साथ रूस की न्यूक्लियर एक्सरसाइज, पुतिन ने कहा- सोचने पर मजबूर होंगे दुश्‍मन

Russia Launches Ballistic Missile क्रेमलिन ने एक बयान में कहा व्लादिमीर पुतिन के नेतृत्व में जमीन समुद्र और हवाई रणनीतिक निरोध बलों के साथ एक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया जिसके दौरान बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों का व्यावहारिक प्रक्षेपण हुआ।

By AgencyEdited By: Shashank MishraPublished: Wed, 26 Oct 2022 09:42 PM (IST)Updated: Thu, 27 Oct 2022 12:15 AM (IST)
सरकारी टेलीविजन ने व्लादिमीर पुतिन को नियंत्रण कक्ष से अभ्यास की निगरानी करते हुए दिखाया (Photo- AP)

मॉस्को। मास्को, एपी। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को देश के सामरिक परमाणु बलों के अभ्यास को देखा जिनमें बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के प्रक्षेपणों के विभिन्न अभ्यास शामिल थे। ताकत का यह प्रदर्शन यूक्रेन को लेकर पश्चिमी देशों के साथ तनाव के बीच किया गया है। रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगू ने पुतिन को बताया कि अभ्यास का मकसद देश पर परमाणु हमला होने की स्थिति में बड़ा जवाबी परमाणु हमला करना है।

loksabha election banner

इस अभ्यास से पहले पुतिन ने चेतावनी दी थी कि रूसी क्षेत्र पर हमले को रोकने के लिए वह सभी उपलब्ध साधनों का इस्तेमाल करने के लिए तैयार हैं। उनका इशारा साफ तौर पर देश के परमाणु आयुधों की ओर था।

बुधवार को रूसी अभ्यास के दौरान उत्तरी प्लेसेत्स्क प्रक्षेपण स्थल से अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया गया। बैरेंट्स सागर में एक रूसी परमाणु पनडुब्बी ने सुदूर पूर्व कामचटका प्रायद्वीप पर कुरा फायरिंग रेंज में एक सिनेवा अंतरमहाद्वीपीय मिसाइल प्रक्षेपित की। टीयू-95 बमवर्षकों ने लक्ष्यों पर क्रूज मिसाइलें दागीं। क्रेमलिन ने एक बयान में कहा कि अभ्यास के लिए तय किए गए सभी कार्यों को पूरा किया गया और प्रक्षेपित की गईं सभी मिसाइलों ने अपने लक्ष्यों को भेदा।

रूस ने यह अभ्यास ऐसे समय किया है जब नाटो भी उत्तर-पश्चिम यूरोप में अपना वार्षिक परमाणु अभ्यास कर रहा है जो 30 अक्टूबर तक जारी रहेगा। 'स्टिडफास्ट नून' नामक इस अभ्यास में अमेरिका के लंबी दूरी के बी-52 बमवर्षक और परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम लड़ाकू विमानों समेत लगभग 60 विमान शामिल हैं। इसमें किसी सक्रिय बम का इस्तेमाल नहीं किया गया है।

रूस ने पिछला अभ्यास यूक्रेन में अपने सैनिकों को भेजने से कुछ दिन पहले किया था। बाइडन प्रशासन ने मंगलवार को कहा था कि रूस ने इस बात का नोटिस दिया था कि वह अपनी परमाणु क्षमताओं का नियमित अभ्यास करने जा रहा है। अमेरिकी रक्षा और विदेश मंत्रालय ने कहा कि रूस ने आगामी अभ्यास की सूचना देकर पिछले अमेरिका-रूस शस्त्र नियंत्रण समझौते की शर्तों का पालन किया।

मास्को ने लगाया गैर जिम्मेदाराना व्यवहार का आरोप

रूस का यह परमाणु अभ्यास इसलिए भी अहम है क्योंकि पिछले दिनों उसने चेतावनी दी थी कि रूस को बदनाम करने के लिए यूक्रेन एक रेडियोएक्टिव उपकरण का विस्फोट करने की साजिश रच रहा है जिसे आम बोलचाल की भाषा में डर्टी बम कहते हैं। पुतिन ने बुधवार को भी यह दावा दोहराया। उन्होंने कहा, 'उकसावेपूर्ण कार्रवाई के तहत तथाकथित डर्टी बम के इस्तेमाल की योजना के बारे में हमें पता है।' रूसी रक्षा मंत्री ने बुधवार को इस संदर्भ में भारत और चीन के रक्षा मंत्रियों से बात भी की। हालांकि यूक्रेन और उसके पश्चिमी सहयोगियों ने रूस के इस आरोप का खंडन किया है। यूक्रेन सरकार ने रूस पर ही ऐसे विस्फोट की योजना बनाने का आरोप लगाया है।

यूक्रेन के पश्चिमी पड़ोसी पोलैंड का कहना है कि परमाणु या रासायनिक हथियारों के संभावित इस्तेमाल की तैयारी के मद्देनजर वह रूस की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रख रहा है। पोलैंड के उप रक्षा मंत्री ने आरोप लगाया कि यूक्रेन में सैन्य विफलता के मद्देनजर रूस परमाणु या रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है।

Video: Russia Ukraine War: रूस ने रातभर यूक्रेन पर बरसाए रॉकेट, 10 लाख घरों में अंधेरा

रूस ने यूक्रेन के 40 से ज्यादा गांवों को बनाया निशाना

पिछले लगभग 24 घंटों में रूस ने यूक्रेन के 40 से ज्यादा गांवों को निशाना बनाया है। यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया कि डिनिप्रो में एक गैस स्टेशन भी रूसी हमले का निशाना बना जिसमें एक गर्भवती महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। दक्षिणी बंदरगाह शहर माइकोलेव और आसपास के इलाकों में मंगलवार को कई इमारतों पर मिसाइलों से हमला हुआ था, लेकिन यह पता नहीं चल सका कि इसमें किसी की मौत हुई है या नहीं। इस शहर में बुधवार को भी हमले होने की खबर है।

ये भी पढ़ें: Russia-Ukraine War: इजरायल ने फिर दिया यूक्रेन को झटका, दूसरी बार ठुकराई एयर डिफेंस सिस्‍टम की मांग

Russia-Ukraine War: यूक्रेन में और तबाही मचा सकती है रूसी सेना, जानें- इसके 5 प्रमुख कारण


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.