जेल में बंद रूसी राष्ट्रपति पुतिन के आलोचक Alexi Navalny की बढ़ी मुसीबत, रूसी अदालत ने सुनाई 19 साल की सजा
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के कटु आलोचक एलक्सी नवलनी को उग्रवादी गतिविधि के एक नए मामले में 19 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। वो फिलहाल रूस के जेल में बंद हैं। अभियोजन पक्ष ने कोर्ट से 20 साल की जेल की सजा की मांग की थी। 47 वर्षीय नवलनी पहले से ही धोखाधड़ी और अदालत की अवमानना के लिए नौ साल की सजा काट रहे हैं।

मॉस्को, एपी। जेल में बंद रूस के विपक्षी नेता और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के कटु आलोचक एलक्सी नवलनी को उग्रवादी गतिविधि के एक नए मामले में 19 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। शुक्रवार को रूस की एक अदालत ने इस मामले में सजा सुनाई है।
नौ साल की सजा काट रहे हैं नवलनी
अभियोजन पक्ष ने कोर्ट से 20 साल की जेल की सजा की मांग की थी। 47 वर्षीय नवलनी पहले से ही धोखाधड़ी और अदालत की अवमानना के लिए नौ साल की सजा काट रहे हैं। उन्हें पेरोल उल्लंघन के लिए 2021 में ढाई साल जेल की सजा भी सुनाई गई थी। नवलनी के खिलाफ नए आरोप भ्रष्टाचार विरोधी फाउंडेशन की गतिविधियों और उनके शीर्ष सहयोगियों के बयानों से संबंधित हैं।
जर्मनी से लौटने के बाद नवलनी की हुई थी गिरफ्तारी
2021 में रूसी अधिकारियों ने उनके भ्रष्टाचार विरोधी फाउंडेशन को उग्रवादी संगठन कहते हुए गैरकानूनी घोषित कर दिया था। रूसी राष्ट्रपति पुतिन के आलोचक नवलनी को जनवरी 2021 में जर्मनी से लौटने पर गिरफ्तार कर लिया गया था। पिछले साल उन्हें घातक नोविचोक नर्व एजेंट जहर देकर मारने का प्रयास भी किया गया था। इस हमले के लिए उन्होंने क्रेमलिन को जिम्मेदार ठहराया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।