Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मास्को आतंकी हमले के बाद अब भी प्रियजनों को तलाश रहे लोग, राष्ट्रपति पुतिन ने पीड़ितों के लिए चर्च में जलाई मोमबत्ती

    By Agency Edited By: Sonu Gupta
    Updated: Mon, 25 Mar 2024 06:00 AM (IST)

    रूस की राजधानी मास्को के एक कंसर्ट हाल में हुए आतंकी हमले के बाद अब भी लापता लोगों के परिवार और दोस्त अपने प्रियजनों के बारे में जानकारी पाने का इंतजार कर रहे हैं। वे इस उम्मीद में भटक रहे हैं कि क्या उनके स्वजन अब भी जीवित हैं या नहीं? इस आतंकी हमले में 143 लोग मारे गए हैं।

    Hero Image
    राष्ट्रपति पुतिन ने पीड़ितों के लिए चर्च में जलाई मोमबत्ती। फोटोः एपी।

    एपी, मास्को। रूस की राजधानी मास्को के एक कंसर्ट हाल में हुए आतंकी हमले के बाद अब भी लापता लोगों के परिवार और दोस्त अपने प्रियजनों के बारे में जानकारी पाने का इंतजार कर रहे हैं। वे इस उम्मीद में भटक रहे हैं कि क्या उनके स्वजन अब भी जीवित हैं या नहीं? इस आतंकी हमले में 143 लोग मारे गए हैं। मरने वालों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। 100 से ज्यादा लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं और उनमें से कुछ की हालत गंभीर है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पीड़ितों के लिए जलाई मोमबत्ती

    वहीं, हमले के संदिग्धों को रविवार को मास्को स्थित जांच समिति के मुख्यालय लाया गया। मास्को की अदालत ने दो संदिग्धों पर आतंकी घटना को अंजाम देने का आरोप तय किया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आतंकी हमले के पीड़ितों के लिए चर्च में मोमबत्ती जलाई।

    रूसी विदेश मंत्रालय ने जारी की वीडियो

    रूसी विदेश मंत्रालय द्वारा एक्स पर साझा किए गए वीडियो में पुतिन को मोमबत्ती जलाते हुए दिखाया गया है। एक वीडियो साझा करते हुए रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन ने परंपरा के अनुसार आतंकी हमले में मारे गए सभी लोगों की स्मृति का सम्मान किया। इससे पहले शनिवार को पुतिन ने आतंकी हमला करने वालों को दंडित करने का संकल्प लिया था।

    यह भी पढ़ेंः Moscow Terrorist Attack: अपार्टमेंट ब्लास्ट से लेकर हवाईअड्डे पर हमले तक…, रूस ने कई बार झेला है आतंकी हमलों का दंश

    आइएस ने ली है हमले की जिम्मेदारी

    आतंकी संगठन आइएस ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। रूस में रविवार को राष्ट्रीय शोक मनाया गया। सरकारी समाचार एजेंसी आरआइए नोवोस्ती ने बताया कि सांस्कृतिक संस्थानों में कार्यक्रम रद कर दिए गए, झंडे आधे झुकाए गए और टेलीविजन पर मनोरंजन और विज्ञापन निलंबित कर दिए गए। घटनास्थल के पास एक अस्थायी स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे।

    पुष्पांजलि अर्पित करने आए एंड्रे कोंडाकोव ने कहा, लोग संगीत कार्यक्रम में आए थे। कुछ लोग अपने परिवारों के साथ अच्छा समय बिताने आए थे। हममे से कोई भी उस स्थिति में हो सकता था। मैं यहां प्रभावित हुए सभी परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करना चाहता हूं और मृतकों को श्रद्धांजलि देना चाहता हूं।

    स्मारक पहुंचीं मरीना कोरशुनोवा ने कहा, यह एक त्रासदी है, जिसने हमारे पूरे देश को प्रभावित किया है। इसका तो मतलब ही नहीं बनता कि इस घटना से छोटे बच्चे भी प्रभावित हुए हैं। जांच समिति ने एक बयान में कहा कि मृतकों के शवों की पहचान जारी है। अब तक 62 शवों की पहचान की जा चुकी है। इसके साथ ही आतंकी हमले के दिन कंसर्ट परिसर में मौजूद लोगों को निजी सामान, दस्तावेज और कारें सौंपने का काम शुरू हो गया है।