Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अफगानिस्‍तान में बम हमले में प्रमुख तालिबान नेता रहीमुल्ला हक्कानी की मौत, इस्‍लामिक अमीरात को बड़ा झटका

    By Krishna Bihari SinghEdited By:
    Updated: Thu, 11 Aug 2022 07:49 PM (IST)

    अधिकारियों ने बताया कि अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में गुरुवार को हुए एक बम धमाके में प्रमुख तालिबानी नेता रहीमुल्ला हक्कानी की मौत हो गई। तालिबान के सत्ता में आने के बाद का यह बेहद घातक हमला था।

    Hero Image
    काबुल में हुए बम धमाके में एक प्रमुख तालिबानी नेता मारा गया है।

    इस्‍लामाबाद, एजेंसी। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में गुरुवार को हुए एक बम धमाके में प्रमुख तालिबानी नेता की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि तालिबान के सत्ता में आने के बाद का यह बेहद घातक हमला था। अधिकारियों ने मारे गए तालिबानी नेता की पहचान रहीमुल्ला हक्कानी के रूप में की है। रहीमुल्ला हक्कानी ने पाकिस्तान में दारुल उलूम हक्कानिया से स्नातक किया था, जो लंबे समय से तालिबान से जुड़ा एक इस्लामी विश्वविद्यालय है।  

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तालिबान के उप प्रवक्ता बिलाल करीमी (Bilal Karimi) ने रहीमुल्ला हक्कानी (Rahimullah Haqqani) की मौत को स्वीकार करते हुए उन्हें 'महान व्यक्तित्व' का धनी बताया। उन्‍होंने कहा कि हक्कानी 'दुश्मन के क्रूर हमले' का शिकार हुए हैं। फ‍िलहाल इस हमले की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है। अभी तक अफगानिस्‍तान में इस्लामिक स्टेट समूह के आतंकी तालिबान और नागरिकों को निशाना बना रहे हैं। तालिबान के आने के बाद इन हमलों में बढ़ोतरी आई है।

    समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक इस हमले के बाद तालिबान लड़ाकों ने काबुल में पत्रकारों को घटनास्‍थल, जो एक मस्जिद बताई जा रही है, उसमें प्रवेश करने से रोक दिया। तालिबान के अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि किस तरह के बम हमले में मौलवी को निशाना बनाया गया। हमले में रहीमुल्ला हक्कानी (Rahimullah Haqqani) के अलावा कितने लोग मारे गए या घायल हुए हैं, इसको लेकर अभी तक जानकारी सामने नहीं आई है।

    हक्कानी तालिबान में एक प्रमुख मौलवी था जो पूर्व में हुए हमलों से बच गया था। तालिबान का कहना है कि लगभग एक साल पहले विदेशी सेना के हटने के बाद से उन्होंने सुरक्षा बहाल कर दी है। हालांकि, देश में लगातार हो रहे आतंकी हमलों ने दुनिया का ध्‍यान खींचा है। हाल के महीनों में हुए हमलों में धार्मिक व जातीय अल्पसंख्यकों के साथ साथ तालिबान नेताओं को भी निशाना बनाया गया है।