Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Pakistan: छह अधिकारियों ने लीक की थी जनरल असीम मुनीर के परिवार की निजी जानकारी, पाक सेना ने की कड़ी कार्रवाई

    By AgencyEdited By: Nidhi Avinash
    Updated: Sat, 06 May 2023 02:46 PM (IST)

    पाकिस्तान के अधिकारियों ने सेना प्रमुख असीम मुनीर के परिवार की निजी जानकारी तक पहुंचने के लिए छह अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की। सभी पर सरकारी कर्मचारी (दक्षता और अनुशासन) नियम 1973 के तहत सेवा समाप्ति का बड़ा जुर्माना लगाया है।

    Hero Image
    छह अधिकारियों ने लीक की थी जनरल असीम मुनीर के परिवार की निजी जानकारी, पाक सेना ने की कड़ी कार्रवाई

    इस्लामाबाद, एजेंसी। पाकिस्तान के अधिकारियों ने सेना प्रमुख असीम मुनीर के परिवार की निजी जानकारी तक पहुंचने के लिए छह अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की।

    एक मीडिया रिपोर्ट में शनिवार को यह जानकारी दी गई। राष्ट्रीय संस्था नेशनल डेटाबेस एंड रजिस्ट्रेशन अथॉरिटी (Nadra) ने जांच के बाद अपने कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की। बता दें कि नादरा नागरिकों के डेटा को संग्रहीत करके राष्ट्रीय पहचान पत्र और पासपोर्ट जारी करने का काम करती है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नादरा के छह कर्मचारियों को किया सस्पेंड

    एक जानकार सूत्र ने डॉन अखबार को बताया कि जिसके भी इशारे पर यह उल्लंघन किया गया, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। चार अलग-अलग पूछताछ के बाद सेनाध्यक्ष के परिवार के रिकॉर्ड को अवैध रूप से एक्सेस करने के लिए नादरा के छह कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

    बता दें कि नादरा के अध्यक्ष तारिक मलिक ने 23 दिसंबर, 2022 और 2 मार्च, 2023 को जांच के आदेश दिए थे। पिछले साल दिसंबर में नादरा और एक संवेदनशील सुरक्षा एजेंसी की एक संयुक्त जांच में बड़ा खुलासा हुआ था। इसमें दावा किया गया था कि बेनजीर आय सहायता कार्यक्रम की एक परियोजना पर काम करने वाले एक कनिष्ठ कार्यकारी कर्मचारी फारूक अहमद पहले व्यक्ति थे, जिन्होंने अवैध रूप से संबंधित डेटा तक पहुंच बनाई थी।

    लगाया गया बड़ा जुर्माना

    मौजूदा अध्यक्ष के निर्देश पर उच्चाधिकार प्राप्त जांच समिति ने लॉगिन, उपयोगकर्ता आईडी, सिस्टम लॉग और आईपी पते का तकनीकी रूप से जांच किया था, जिसमें कुल 10 कर्मचारियों की पहचान हुई थी। इन 10 कर्मचारियों ने अवैध रूप से सेना प्रमुख के परिवार के रिकॉर्ड तक पहुंच बनाई थी।

    6 जनवरी को आरोपी कर्मचारियों को अनधिकृत और अवैध रूप से सीओएएस परिवार के डेटा तक पहुंचने के आरोप में चार्जशीट जारी की गई थी। दो जांचो में समिति ने 6 अधिकारियों को जिम्मेदार पाया और सरकारी कर्मचारी (दक्षता और अनुशासन) नियम 1973 के तहत सेवा समाप्ति का बड़ा जुर्माना लगाया है। इसमें एक जूनियर कार्यकारी से लेकर निदेशक तक के स्तर के छह अधिकारी शामिल है।

    दो पाकिस्तानी पत्रकारों ने किया था दावा

    कथित डेटा उल्लंघन के समय मुनीर शीर्ष पद पर नियुक्त होने के लिए लेफ्टिनेंट जनरल के रूप में कार्यरत थे। डॉन अखबार के मुताबिक, दो पाकिस्तानी पत्रकारों ने एक व्लॉग में बड़ा दावा किया था। इसमें कहा गया था कि अक्टूबर 2022 में, जनरल मुनीर के परिवार के व्यक्तिगत डेटा को कथित तौर पर नादरा के अधिकारियों द्वारा सेना प्रमुख के रूप में उनकी नियुक्ति को रोकने के लिए एक्सेस किया गया था।