राजनाथ सिंह के बयान पर तिलमिलाया पाकिस्तान, कहा- 'हम आक्रामकता के खिलाफ अपनी रक्षा करने में सक्षम'
राजनाथ सिंह ने कहा हम देश का सम्मान और प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। अगर इसके लिए एलओसी पार करना हो तो हम वह भी करने के लिए तैयार हैं। अगर हमें उकसाया गया और जरूरत पड़ी तो हम एलओसी को पार कर जाएंगे। उन्होंने कहा कि सशस्त्र बलों को राष्ट्र के दुश्मनों का खात्मा करने के लिए खुली छूट दी गई है।

इस्लामाबाद, पीटीआई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भारत के मान और प्रतिष्ठा के लिए नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार करने की तैयारी के बयान पर पाकिस्तान तिलमिला गया है। पड़ोसी देश ने राजनाथ सिंह की उस टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा, 'युद्ध भड़काने वाली बयानबाजी' क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता के लिए खतरा है।
राजनाथ सिंह के बयान पर पाक की गीदड़ भभकी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए गुरुवार को इस्लामाबाद में विदेश कार्यालय ने कहा कि पाकिस्तान किसी भी आक्रामकता के खिलाफ अपनी रक्षा करने में पूरी तरह सक्षम है। एक बयान में कहा गया, 'हम भारत को अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह देते हैं क्योंकि उसकी आक्रामक बयानबाजी क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए खतरा है और दक्षिण एशिया में रणनीतिक माहौल को अस्थिर करने वाली है।'
पाक ने रक्षा मंत्री के ब्यान को बताया अत्यधिक गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी
इसमें कहा गया है कि यह पहली बार नहीं है कि भारत के नेताओं और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने कश्मीर और गिलगित-बाल्टिस्तान के बारे में 'अत्यधिक गैर-जिम्मेदाराना' टिप्पणी की है। लद्दाख के द्रास में बुधवार को 24वें करगिल विजय दिवस के अवसर पर करगिल युद्ध स्मारक में अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने कहा था कि देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
राजनाथ सिंह ने कहा, 'हम देश का सम्मान और प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। अगर इसके लिए एलओसी पार करना हो, तो हम वह भी करने के लिए तैयार हैं। अगर हमें उकसाया गया और जरूरत पड़ी तो हम एलओसी को पार कर जाएंगे।' उन्होंने कहा कि सशस्त्र बलों को 'राष्ट्र के दुश्मनों' का खात्मा करने के लिए खुली छूट दी गई है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।