'रिफाइनरियों पर हमले रोकने हैं, तो पैट्रियट मिसाइलें दें', जेलेंस्की ने ट्रंप के सामने रखी शर्त
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूसी तेल रिफाइनरियों पर हमले रोकने के लिए अमेरिका से तुरंत पैट्रियट मिसाइलें उपलब्ध कराने की शर्त रखी है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि उनका देश रूसी तेल रिफाइनरियों पर अपने हमले रोकने के लिए तैयार है, बशर्ते अमेरिका कीव को शक्तिशाली पैट्रियट एयर डिफेंस इंटरसेप्टर मिसाइलें तुरंत उपलब्ध कराए।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप लगातार दोनों देशों से एक-दूसरे के ऊर्जा ढांचों पर हमले रोकने का दबाव बना रहे हैं, ताकि वैश्विक स्तर पर ऊर्जा की बढ़ती कीमतों और अमेरिका में महंगाई पर काबू पाया जा सके।
जेलेंस्की ने ट्रंप के सामने क्यों रखी पैट्रियट मिसाइलें की मांग?
अमेरिकी समाचार चैनल फॉक्स न्यूज के अनुसार, जेलेंस्की ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे पर राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और उनकी टीम से कई बार विस्तार से चर्चा की है। उन्होंने कहा कि रूस यूक्रेन के बिजली ग्रिड, गैस आपूर्ति और रिफाइनरियों पर लगातार हमले कर नागरिकों की जान ले रहा है, ऐसे में यूक्रेन का जवाबी कार्रवाई न करना नामुमकिन है।
जेलेंस्की ने ट्रंप प्रशासन के सामने विकल्प रखते हुए कहा कि अगर अमेरिका चाहता है कि रूसी तेल शोधन संयंत्रों पर हमले बंद हों, तो या तो रूस यूक्रेनी ऊर्जा ग्रिड पर बमबारी रोके, या फिर अमेरिका यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइलें मुहैया कराए।
जेलेंस्की ने साफ किया कि अगर वॉशिंगटन एक महीने के लिए ये मिसाइल प्रणालियां उपलब्ध कराता है, तो यूक्रेन भी उतने समय के लिए रूसी रिफाइनरियों पर हमले पूरी तरह रोक देगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यूक्रेन इसके लिए धन जुटाने को तैयार है और वह केवल मुफ्त सहायता पर निर्भर नहीं रहना चाहता।
ट्रंप पर दबाव बनाने के आरोपों को नकारा
जब जेलेंस्की से पूछा गया कि क्या उनकी इस मांग को राष्ट्रपति ट्रंप पर दबाव बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा सकता है, तो उन्होंने इससे साफ इनकार किया। उन्होंने कहा कि साझेदारों के बीच सच साझा करने में उन्हें किसी भी प्रकार की झिझक या चिंता नहीं है।
रूसी ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही मार गिराने के लिए पैट्रियट मिसाइलें यूक्रेन के सबसे अहम रक्षा हथियारों में से एक हैं। हालांकि ट्रंप प्रशासन ने शुक्रवार को यूक्रेन को 500 पैट्रियट मिसाइलों की बिक्री को मंजूरी दे दी है, लेकिन जेलेंस्की ने आगाह किया कि इन हथियारों की वास्तविक डिलीवरी पूरी होने में कई साल लग सकते हैं।
यूक्रेन में इंटरसेप्टर मिसाइलों की कमी
यूक्रेनी अधिकारी पिछले कई हफ्तों से चेतावनी दे रहे हैं कि उनके पास मिसाइलों को रोकने वाले इंटरसेप्टर का स्टॉक तेजी से खत्म हो रहा है। जेलेंस्की ने सुझाव दिया कि अमेरिका और यूरोपीय सहयोगी अपने मौजूदा स्टॉक में से तुरंत यूक्रेन को मिसाइलें दे सकते हैं, जिसे बाद में शुक्रवार को मंजूर किए गए नए सौदे के जरिए वापस भरा जा सकता है।
इस बीच, यूक्रेन युद्ध का सबसे लंबा संघर्ष विराम, जो केवल पूर्वी खेरसॉन क्षेत्र तक सीमित था, रविवार को समाप्त हो गया क्योंकि रूस ने इसे आगे बढ़ाने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया।
दूसरी ओर, अमेरिका की मध्यस्थता में रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता इसी महीने फिर से शुरू होने की संभावना है। यह वार्ता फरवरी में अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए संयुक्त हमलों के बाद से व्यावहारिक रूप से रुकी हुई थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।