विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 14, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ट्रंप ने पुतिन की बात तो जेलेंस्की और ईयू हुए चिंतित, यूरोपीय संघ ने शांति वार्ता में शामिल होने की इच्छा जताई

By Agency Edited By: Jeet Kumar
Published: Fri, 14 Feb 2025 05:30 AM (IST)

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच टेलीफोन पर हुई वार्ता के बाद यूक्रेन और यूरोप सशंकित ...और पढ़ें

ट्रंप ने पुतिन की बात तो जेलेंस्की और ईयू हुए चिंतित (फाइल फोटो)
ट्रंप ने पुतिन की बात तो जेलेंस्की और ईयू हुए चिंतित (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जेलेंस्की ने कहा, वार्ता से बाहर रहने पर समझौता नहीं मानेगा यूक्रेन
  2. यूरोपीय संघ ने भी शांति वार्ता में शामिल होने की इच्छा जताई
  3. ईयू और यूक्रेन को शामिल किए बिना कोई वार्ता सफल नहीं हो सकती

 रॉयटर, कीव। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच टेलीफोन पर हुई वार्ता के बाद यूक्रेन और यूरोप सशंकित हो गए हैं।

जेलेंस्की ने कही ये बात

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेन को वार्ता से बाहर रखकर युद्ध समाप्ति के समझौते को उनका देश स्वीकार नहीं करेगा। जबकि यूरोपीय संघ (ईयू) के विदेशी मामलों की प्रमुख काजा कलास ने कहा है कि अफरातफरी में होने वाले पूर्व नियोजित समझौते को हम नहीं मानेंगे। ईयू और यूक्रेन को शामिल किए बिना कोई वार्ता सफल नहीं हो सकती है।

जेलेंस्की ने कहा, यूक्रेन एक संप्रभु राष्ट्र है। इसलिए हम खुद को शामिल किए बगैर अपने विषय में होने वाले किसी भी समझौते को स्वीकार करने की स्थिति में नहीं हैं। कहा, पुतिन अमेरिका के साथ द्विपक्षीय वार्ता करके यूक्रेन के संबंध समझौता करना चाहते हैं, इसकी उन्हें अनुमति नहीं देनी चाहिए।

ईयू और यूक्रेन को शामिल किए बिना कोई वार्ता सफल नहीं हो सकती

जबकि ईयू की विदेशी मामलों की प्रमुख कलास ने कहा, हम वार्ता से पहले रूस को वह सब देने की बात कैसे मान सकते हैं जो वह चाहता है। यह तुष्टीकरण है जिसे कभी स्वीकार नहीं किया जा सकता है। यूक्रेन युद्ध खत्म करवाने की वार्ता से पहले ही ट्रंप प्रशासन ने साफ कर दिया है कि 2014 की अपनी स्थिति की अपेक्षा करना यूक्रेन की गैर वास्तविक मांग है।

इसी प्रकार से कोई शर्त लेकर उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) में भी शामिल नहीं हुआ जा सकता है और न ही यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी देने के लिए अमेरिका वहां पर अपनी सेना तैनात करेगा। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ट्रंप को पृथ्वी का सबसे अच्छा वार्ताकार बताते हुए कहा कि निश्चित रूप से वह मामले का सम्मानजनक हल निकालते हुए यूक्रेन युद्ध समाप्त करवाएंगे।

रूस ने कहा, ट्रंप की इच्छाशक्ति प्रशंसनीय

रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने कहा है कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की राजनीतिक इच्छाशक्ति की प्रशंसा करता है। वह अपने पूर्ववर्ती जो बाइडन से अलग हैं। बुधवार को राष्ट्रपति पुतिन के साथ हुई अमेरिकी राष्ट्रपति की वार्ता में ट्रंप की यह इच्छाशक्ति प्रदर्शित हुई है।

ट्रंप बातचीत से यूक्रेन युद्ध का समाधान चाहते हैं

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा, राष्ट्रपति ट्रंप बातचीत से यूक्रेन युद्ध का समाधान चाहते हैं। विदित हो कि रूस ने 2014 में यूक्रेन के क्रीमिया प्रायद्वीप पर कब्जा कर लिया था और इसके बाद 2022 से छिड़े युद्ध में यूक्रेन के पूर्व और दक्षिण के बड़े भूभागों पर कब्जा कर लिया है। यूक्रेन शांति समझौते में इन इलाकों की वापसी चाहता है जबकि रूस इसका इच्छुक नहीं है।