उत्तर कोरिया के सैनिकों की पहचान छुपा रहा रूस? यूक्रेन ने लगाया आरोप, फर्जी डॉक्यूमेट मिलने का दावा
Russia Ukraine War यूक्रेन लगातार आरोप लगाता रहा है कि रूस ने युद्ध में उत्तर कोरियाई सैनिकों को शामिल किया है। हालांकि रूस ने यह बात कभी स्वीकारी नहीं है। अब यूक्रेन ने पूरे मामले को लेकर रूस पर नए और गंभीर आरोप लगाए हैं। यूक्रेन का दावा है कि रूस उत्तर कोरियाई सैनिकों की पहचान छुपा रहा है और इसके लिए फर्जी दस्तावेजों का उपयोग कर रहा है।
एएनआई, कीव। पश्चिमी देशों और यूक्रेन की ओर से दावा किया गया है रूस की ओर से उत्तर कोरियाई सैनिक युद्ध लड़ रहे हैं। यूक्रेन ने दावा किया है कि उन्हें फर्जी रूसी दस्तावेज मुहैया कराया गया है। इनमें फर्जी रूसी नाम, उम्र और जन्म स्थान जैसी जानकारियां शामिल हैं।
यह जानकारी उन दावों के बीच सामने आई है कि रूस संघर्ष में विदेशी लड़ाकों की मौजूदगी को छिपाने की कोशिश कर रहा है। यूक्रेन के विशेष बल ने रविवार को एक बयान में कहा है कि उन्होंने रूस के कुर्स्क क्षेत्र में तीन उत्तर कोरियाई सैनिकों को मार गिराया और उनके दस्तावजे जब्त कर लिए गए।
फर्जी दस्तावेज मिलने का दावा
उनके सैन्य पहचान दस्तावेजों पर सभी जरूरी स्टांप और तस्वीरों का अभाव था। साथ ही उनकी पहचान छिपाने के लिए रूसी नाम दिए गए थे। जन्म स्थान पर तुवा गणराज्य लिखा था। यह मंगोलिया की सीमा से लगे दक्षिणी साइबेरिया में एक रूसी क्षेत्र है।
बयान में कहा गया है कि दस्तावेज पर किए गए हस्ताक्षर कोरियन में हैं, जो उन सैनिकों की सच्चाई उजागर करते हैं। अमेरिका, यूक्रेन और दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसियों के एक अनुमान के अनुसार, रूस में 12 हजार के करीब उत्तर कोरियाई सैनिक मौजूद हैं और इनमें से कुछ रूस के कुर्स्क क्षेत्र में संघर्षरत हैं। 17 दिसंबर को एक्स पर जेलेंस्की ने लिखा था कि रूसी युद्ध में मारे गए उत्तर कोरियाई सैनिकों के चेहरों को जलाने की कोशिश कर रहे हैं। बयान के साथ उन्होंने एक वीडियो भी साझा किया था।
रूस ने यूक्रेन के दो गांवों पर किया कब्जा
रूसी रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा कि सैनिकों ने यूक्रेन के दो गांवों पर कब्जा कर लिया है। इनमें से एक खार्कीव और दूसरा डोनेट्स्क क्षेत्र में मौजूद है। वहीं दोनों ओर से ड्रोन से हमले जारी हैं। यूक्रेन की वायु सेना ने सोमवार को कहा कि रूसी की ओर से भेजे गए 72 में 47 ड्रोन नष्ट कर दिए गए।
नौ क्षेत्रों में हमले को विफल कर दिया गया। एक शख्स घायल हुआ, जबकि कीव क्षेत्र में पावर लाइन को क्षति पहुंची है। यूक्रेन ने आरोप लगाया है कि रूसी जनरल ने अगस्त में मिसाइल हमले में जानबूझकर रॉयटर्स स्टाफ को निशाना बनाया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।