बिना ऑफिस गए शख्स को मिले 26 लाख रुपए, UAE की कोर्ट ने क्यों सुनाया ऐसा अनोखा फैसला?
अबू धाबी की अदालत ने एक कंपनी को आदेश दिया है कि वो अपने कर्मचारी को 5 महीने का वेतन देगी। हैरानी की बात तो यह है कि वो कर्मचारी एक भी दिन नौकरी पर नहीं गया था। कोर्ट के आदेश के अनुसार अब कंपनी को 110,400 दिरहम (लगभग 26 लाख) रुपए कर्मचारी को देने होंगे।

डिजिटल डेस्क, अबू धाबी। अबू धाबी की अदालत ने एक अजब-गजब फैसला सुनाया है। अदालत ने एक कंपनी को आदेश दिया है कि वो अपने कर्मचारी को 5 महीने का वेतन देगी, इसके बावजूद कि वो कर्मचारी एक भी दिन नौकरी पर नहीं आया। कोर्ट के आदेश के अनुसार अब कंपनी को 110,400 दिरहम (लगभग 26 लाख) रुपए कर्मचारी को देने होंगे।
कर्मचारी का आरोप है कि कंपनी ने उसे ऑफर लेटर तो दिया, लेकिन कभी काम पर नहीं बुलाया। कंपनी ने कर्मचारी के साथ 5 महीने का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था। ऐसे में अब कर्मचारी को 5 महीने की सैलरी दी जाएगी।
5 महीने की देनी होगी सैलरी
कंपनी के द्वारा काम पर न बुलाने के खिलाफ कर्मचारी ने अदालत में याचिका दायर की थी। कर्मचारी ने दावा किया था कि कंपनी ने उसके साथ 11 नवंबर 2024 से 7 अप्रैल 2025 के बीच काम का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था, मगर उसे काम पर नहीं बुलाया गया।
26 लाख रुपए का करना होगा भुगतान
द खलीज टाइम्स के अनुसार, कर्मचारी ने कंपनी के साथ जो समझौता साइन किया था, उसके मुताबिक कंपनी को 7,200 दिरहम की बेसिक सैलरी देनी होगी। वहीं, मासिक भुगतान पैकेज 24,000 दिरहम का होगा। अदालत ने इसे ध्यान में रखकर कंपनी को आदेश दिया है कि वो कर्मचारी को 26 लाख रुपए अदा करेगी।
कोर्ट ने अपने फैसले में कहा-
वेतन रिपोर्ट, आय अनुबंध समेत सभी दस्तावेजों से साफ है कि कंपनी की तरफ से कर्मचारी की नियुक्ति में देरी की गई है।
कंपनी ने दी दलील
वहीं, कंपनी ने मामले पर सफाई पेश करते हुए कहा कि कर्मचारी ने शुरुआत में ही छुट्टी ले ली थी, जिसके कारण उसे काम पर नहीं बुलाया गया। कर्मचारी ने भी 8 दिन की छुट्टी की बात कबूली है। ऐसे में कोर्ट ने 8 दिन की सैलरी काटने के बाद कंपनी को आदेश दिया है कि वो कर्मचारी को 4 महीने 18 दिन का वेतन अदा करेगी, जो 26 लाख के आसपास होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।