सिडनी में भारी बारिश से बाढ़ का खतरा बढ़ा, 30 हजार से अधिक को घर छोड़ने को कहा गया
आस्ट्रेलिया के सबसे बड़े शहर सिडनी में भारी बारिश से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न् हो गई है। इसके बाद करीब 30 लोगों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा गया है। आस्ट्रेलिया पहली बार इस तरह की बाढ़ का सामना नहीं कर रहा है।
सिडनी (एपी)। आस्ट्रेलिया के सबसे बड़े शहर सिडनी और इसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। इसके चलते 30 हजार से ज्यादा लोगों को अपने घरों को छोड़ने के लिए कहा गया है।आस्ट्रेलियाई मौसम विभाग के प्रबंधक जेन गोल्डिंग ने बताया कि सिडनी के कुछ इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान एक मीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।
भारी बारिश के चलते डेढ़ वर्ष में चौथी बार शहर के करीब 50 लाख लोगों को बाढ़ का सामना करना पड़ रहा है। आपातकाल प्रबंधन मंत्री मुर्रे वाट ने बताया कि बाढ़ से स्थिति बिगड़ सकती है। पिछले 18 महीनों में तीन बार आई बाढ़ की तुलना में इस बार स्थिति ज्यादा गंभीर है।न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर डोमिनिक पेरोटेट ने बताया की बाढ़ के कारण 32 हजार लोगों को अपने घरों को छोड़ने का निर्देश दिया गया है। सोमवार सुबह तक सैकड़ों लोगों ने मदद की गुहार लगाई।
आस्ट्रेलिया इस तरह की बाढ़ का सामना पहली बार नहीं कर रहा है। इससे पहले वर्ष 2010-11 में आई बाढ़ ने आस्ट्रेलिया के तीन पूर्वी राज्यों को अपनी चपेट में ले लिया था। इसको आस्ट्रेलिया के इतिहास की सबसे बड़ी बाढ़ माना जाता है। इसी तरह से पिछले वर्ष 2021 में आई बाढ़ से भी आस्ट्रेलिया में एक बड़ा हिस्सा जलमग्न हो गया था। इसकी वजह तस्मानिया सागर और न्यूजीलैंड के बीच बना कम दबाव का क्षेत्र बताया जाता है। इससे न्यू साउथ वेल्स को काफी नुकसान उठाना पड़ा था।
आस्ट्रेलिया में आई कुछ भयंकर बाढ़ की बात की जाए तो 1953 में आई बाढ़ से यहां पर दो हजार से अधिक लोगों की जान चली गई थी। 1988 में आई बाढ़ ने 2379 लोगों की जान ले ली थी। वर्ष 2016 में आई बाढ़ से हजारों लोग प्रभावित हुए थे। इसमें जान गंवाने वालों की स्पष्ट संख्या तो कभी सामने नहीं आ सकी लेकिन अनुमानित तौर पर इनकी संख्या 1000-8000 तक बताई जाती है।