Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Saudi Arabia: सऊदी अरब में पहली बार सिर्फ महिलाओं ने उड़ाया विमान

    By Piyush KumarEdited By:
    Updated: Tue, 24 May 2022 07:17 AM (IST)

    सऊदी अरब के इतिहास में पहली बार एक फ्लाइट रवाना हुई जिसका संचालन पूरी तरह से महिलाओं ने किया। अधिकारियों ने बताया कि सऊदी अरब में सिर्फ महिलाओं के संचालित विमान ने पिछले हफ्ते उड़ान भरी थी। सऊदी अरब की फ्लाइअडील एयरलाइंस की यह बजट फ्लाइट थी।

    Hero Image
    सऊदी अरब में एक फ्लाइट रवाना हुई जिसका संचालन पूरी तरह से महिलाओं ने किया। (फाइल फोटो)

     दुबई, आइएएनएस। सऊदी अरब (Saudi Arabai) में अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए बाजार खुलने से लेकर नित नए बदलाव हो रहे हैं। इस इस्लामिक देश के इतिहास में पहली बार एक फ्लाइट रवाना हुई जिसका संचालन पूरी तरह से महिलाओं ने किया। अधिकारियों ने बताया कि सऊदी अरब में सिर्फ महिलाओं के संचालित विमान ने पिछले हफ्ते उड़ान भरी थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसके साथ ही यह देश की इकलौती ऐसी फ्लाइट बन गई जिसमें क्रू की सभी सदस्य महिलाएं थी। बता दें कि यह एक छोटी घरेलू उड़ान थी जो महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन गई। सऊदी अरब की फ्लाइअडील एयरलाइंस की यह बजट फ्लाइट थी। सऊदी उड्डयन के इतिहास में पहली बार महिलाओं के दल ने विमान को सफलतापूर्वक उड़ाया।

    रियाद से जेद्दा तक का था हवाई सफर

    ए-320 विमान की उड़ान संख्या 117 ने रियाद से उड़ान भरकर जेद्दा तक का हवाई सफर तय किया था। एयरलाइन के प्रवक्ता इमाद इस्कंदरानी ने बताया कि सात सदस्यीय चालक दल में सभी महिलाएं थीं और अधिकांश सऊदी नागरिक थीं। इनमें से यारा जान सऊदी अरब की सबसे युवा महिला पायलट हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ सालों में सऊदी अरब ने अपनी महिलाओं को थोड़ा-थोड़ा करके आजादी देना शुरू किया है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2020 के अंत में सरकारी कर्मचारियों में महिलाओं की भागीदारी बढ़कर 33 फीसद हो गई है।

    इससे पहले सऊदी अरब के शासक क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने महिलाओं के ड्राइविंग पर दशकों से चले आ रहे प्रतिबंध को हटाने और तथाकथित 'संरक्षता' नियमों को आसान बनाने समेत कई सुधार किए हैं।

    यातायात को तिगुना करना है लक्ष्य

    सऊदी अधिकारी विमानन क्षेत्र का तेजी से विस्तार करने की कोशिश कर रहे हैं जो राज्य को वैश्विक यात्रा केंद्र में बदल देगा। अधिकारियों के अनुसार सऊदी की लक्ष्य साल 2030 के अंत तक वार्षिक यातायात को तिगुना करना है। वहीं इस टारगेट को पूरा करने के लिए 2030 तक सऊदी को 100 बिलियन डालर का निवेश करना, एक नया 'मेगा हवाई अड्डा सामिल करना, रियाद में एक नया 'मेगा हवाई अड्डा' बनाना शामिल है।