विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 18, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Russia-Ukraine War: रूस ने पश्चिमी यूक्रेन में किए कई धमाके, ऊर्जा नेटवर्क को बनाया निशाना; दो घायल

By AgencyEdited By: Mahen Khanna
Published: Sat, 18 Feb 2023 11:59 PM (IST)

Russia-Ukraine War रूस द्वारा काले सागर से दागी गई मिसाइलों से पश्चिमी यूक्रेन के खमेलनित्सकी शहर में दो नागरिक घायल ...और पढ़ें

Russia-Ukraine War: यूक्रेन पर रूसी हमले जारी।
Russia-Ukraine War: यूक्रेन पर रूसी हमले जारी।

कीव (रायटर)। रूस और यूक्रेन में युद्ध का करीब एक वर्ष बीतने के बाद भी हमलों और बमबारी का दौर जारी है। यूक्रेन के सरकारी अधिकारियों ने जानकारी दी है कि रूस द्वारा शनिवार को काले सागर से दागी गई मिसाइलों से हुए विस्फोटों में पश्चिमी यूक्रेन के खमेलनित्सकी शहर में दो नागरिक घायल हो गए। इसके अलावा कई घरों की खिड़कियां टूट गईं। यूक्रेन की वायु सेना ने इस बारे में जानकारी दी है कि रूस ने काले सागर से चार कैलिब्र मिसाइल लॉन्च कीं। हालांकि, इनमें से दो को हवाई सुरक्षा ने मार गिराया। मिसाइल से  ऊर्जा नेटवर्क को निशाना बनाया गया है।

शिक्षण संस्थान और घर क्षतिग्रस्त

कीव से 274 किलोमीटर पश्चिम में स्थित ख्मेलनित्सकी शहर के मेयर ने बताया कि इन विस्फोटों से दो लोग घायल हुए हैं। हालांकि, उनकी चोटें ज्यादा गंभीर नहीं हैं। इसके अलावा विस्फोटों से तीन शिक्षण संस्थानों को नुकसान पहुंचा है, करीब दस बहुमंजिला अपार्टमेंट ब्लॉक क्षतिग्रस्त हुए हैं, वहीं कई घर नष्ट हो गए हैं।

यूक्रेन के बिजली नेटवर्क को निशाना बना रहा रूस

इससे पहले हवाई हमलों की चेतावनी जारी किए जाने के तुरंत बाद, यूक्रेन के कई दक्षिणी और पूर्वी क्षेत्रों में बिजली कटौती की चेतावनी दी गई। पिछले अक्तूबर से रूस मिसाइल हमलों से यूक्रेन के ऊर्जा नेटवर्क को निशाना बना रहा है। यूक्रेन की राज्य परमाणु कंपनी ने बताया कि दो रूसी क्रूज मिसाइलों ने दक्षिणी यूक्रेन में परमाणु संयंत्र के करीब उड़ान भरी। मिसाइल हमलों पर रूस ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

रूस ने पिछले कुछ महीनों से यूक्रेन की ऊर्जा सुविधाओं पर बार-बार हमले किए हैं जिससे ठंड के मौसम में लाखों लोगों को प्रकाश, हीटिंग या पानी की आपूर्ति से वंचित रहना पड़ा। हालांकि, यूक्रेन पश्चिमी देशों पर लगातार दबाव बना रहा है कि रूस का सामना करने के लिए पश्चिमी देश उसे आधुनिक हथियार उपलब्ध करवाएं। बता दें कि रूस ने पिछले वर्ष 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमला किया था।