Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    'यूक्रेन को परमाणु हथियार मिले तो...', भड़के पुतिन ने अमेरिका को दी खुली धमकी

    By Agency Edited By: Sachin Pandey
    Updated: Thu, 28 Nov 2024 11:30 PM (IST)

    Russia Ukraine War अमेरिकी मीडिया में छपी एक रिपोर्ट में चौंकाने वाला दावा किया गया है जिसके बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस पर भड़क गए हैं। उन्होंने सख्त संदेश देते हुए यूक्रेन और अमेरिका को खुली चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा है कि हर गतिविधि पर उनकी नजर है। पढ़ें क्या है पूरा मामला और पुतिन ने क्या-क्या कहा।

    Hero Image
    पुतिन ने कहा है कि उनकी हर गतिविधि पर नजर है और वह शांति वार्ता के लिए तैयार हैं।

    रॉयटर्स, अस्ताना। यूक्रेन को अगर परमाणु हथियार मिलते हैं तो रूस अपने पास उपलब्ध सभी हथियारों का इस्तेमाल उसके खिलाफ करेगा। यह बात रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कजाखस्तान की राजधानी अस्ताना में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही है।

    पुतिन की यह प्रतिक्रिया उस प्रश्न के उत्तर में आई है, जिसमें उनसे न्यूयॉर्क टाइम्स में प्रकाशित उस रिपोर्ट के बारे में पूछा गया था, जिसमें कहा गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन जनवरी में पद छोड़ने से पहले यूक्रेन को परमाणु हथियार दे सकते हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'विध्वंसकारी हथियारों का करेंगे इस्तेमाल'

    पुतिन ने कहा कि अगर हमसे लड़ रहा देश परमाणु शक्ति संपन्न बनता है तो हमें क्या करना चाहिए ? इसका जवाब स्पष्ट है। हम अपने पास उपलब्ध सभी विध्वंसकारी हथियारों का इस्तेमाल उसके खिलाफ करेंगे। पुतिन ने कहा, 'हमारी नजर हर गतिविधि पर है। अगर कोई आधिकारिक रूप से परमाणु हथियार का हस्तांतरण करता है तो वह परमाणु अप्रसार संधि का उल्लंघन होगा।'

    उन्होंने कहा, 'यूक्रेन खुद परमाणु हथियार नहीं बना सकता है। हां, वह कुछ डर्टी बम तैयार कर सकता है, जिनमें रेडियोएक्टिव तत्वों का इस्तेमाल हो सकता है। ऐसे बम विकिरण पैदा कर कुछ लोगों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। अगर यूक्रेन ने ऐसी हरकत की तो हम उसे समुचित जवाब देंगे।'

    1991 में मिले थे यूक्रेन को परमाणु हथियार

    विदित हो कि सोवियत संघ के विघटन के समय 1991 में यूक्रेन को भी परमाणु हथियार मिले थे, लेकिन 1994 में उसने रूस, अमेरिका और ब्रिटेन से मिले सुरक्षा के आश्वासन के बाद उन्हें त्याग दिया था। एक प्रश्न के उत्तर में पुतिन ने कहा कि यूक्रेन के साथ बिना शर्त शांति वार्ता शुरू करने के लिए रूस तैयार है, लेकिन इसके लिए यूक्रेन को इच्छा प्रदर्शित करनी होगी।

    कीव के महत्वपूर्ण भवनों को निशाना बना सकता है रूस

    रूसी राष्ट्रपति ने चेतावनी दी कि रूस कीव के नीतियां बनाने वाले ठिकानों को निशाना बना सकता है। ये भवन पश्चिमी देशों के दिए एयर डिफेंस सिस्टम की सुरक्षा में भी हैं, लेकिन पुतिन ने कहा है कि रूस की नई ओर्शनिक हाइपरसोनिक मिसाइल को रोक पाने में कोई भी डिफेंस सिस्टम सक्षम नहीं है। इसलिए अमेरिका और ब्रिटेन की मिसाइलों के इस्तेमाल से लड़ाई के क्षेत्र को बढ़ाया न जाए।

    ये भी पढ़ें- यूक्रेन में शीत लहर के बीच पुतिन का टॉर्चर! ऊर्जा संयंत्रों पर ताबड़तोड़ हमले, अंधेरे में 10 लाख लोग