Russia-Ukraine War: रूस के चार विमान तो यूक्रेन के विदेशी हथियार हुए तबाह, मारे गए दो कमांडर
यूक्रेन युद्ध में रविवार को दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को बड़ा नुकसान पहुंचाया। यूक्रेनी सेना ने रूसी सेना के दो अत्याधुनिक लड़ाकू विमान और दो सैन्य हेलीकाप्टर मार गिराए। जवाब में रूसी सेना ने मिसाइल हमले में यूक्रेन के विदेशी हथियारों व गोला-बारूद का बड़ा गोदाम बर्बाद कर दिया है।

कीव, रायटर। Russia Ukraine War: यूक्रेन युद्ध में रविवार को दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को बड़ा नुकसान पहुंचाया। यूक्रेनी सेना ने रूसी सेना के दो अत्याधुनिक लड़ाकू विमान और दो सैन्य हेलीकाप्टर मार गिराए। जवाब में रूसी सेना ने मिसाइल हमले में यूक्रेन के विदेशी हथियारों व गोला-बारूद का बड़ा गोदाम बर्बाद कर दिया है।
सुखोई-34 और सुखोई-35 लड़ाकू विमान को मार गिराया
रूसी न्यूज वेबसाइट कोमरसेंट के अनुसार, यूक्रेनी सीमा के नजदीक रूसी आकाश में सुखोई-34 बमवर्षक और सुखोई-35 लड़ाकू विमान को यूक्रेनी हमले में मार गिराया गया। इसी के नजदीक रूसी सेना के दो एमआइ अटैक हेलीकाप्टर भी मार गिराए गए। बताया गया है कि रूसी विमानों और हेलीकाप्टरों को मिसाइलों और गाइडेड बमों से मार गिराया गया। ये घटनाएं रूस के ब्रियांस्क इलाके में हुईं जो यूक्रेन के नजदीक रूस का सीमावर्ती इलाका है।
पश्चिमी देशों से मिले हथियारों का गोदाम हुआ नष्ट
पश्चिमी देशों से मिले हथियारों और गोला-बारूद के यूक्रेनी सेना के गोदाम पर हमला कर रूस ने उसे बर्बाद कर दिया है। यह हमला निप्रोपेट्रोव्स्क के यूक्रेनी सेना के अड्डे पर हुआ है। यह जानकारी रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल इगोर कोनाशेंकोव ने दी है। उन्होंने बताया कि यूक्रेनी सैन्य ठिकाने पर क्रूज मिसाइलों से हमला कर उसे बर्बाद किया गया। इस हमले में पश्चिमी देशों से मिले हथियारों और वाहनों को नष्ट किया गया है।
रूसी सेना के दो कमांडर मारे गए
पूर्वी यूक्रेन की लड़ाई में बाखमुट क्षेत्र में रूस के दो सैन्य कमांडर मारे गए हैं। मारे गए कमांडर फोर्थ मोटराइज्ड राइफल ब्रिगेड के प्रमुख व्याचेस्लाव माकरोव और एक अन्य सैन्य इकाई के उप प्रमुख येवगेनी ब्रोव्को थे। माकरोव की मौत युद्ध के मोर्चे पर हुई जबकि घायल ब्रोव्को ने अस्पताल में दम तोड़ा। यूक्रेनी सेना के तेज हुए हमलों के चलते युद्ध मोर्चे पर यह स्थिति बनी। यह जानकारी रूसी रक्षा मंत्रालय ने दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।