Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'लोकतंत्र सिर्फ एक मॉडल नहीं, जीवन जीने का तरीका', त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद में बोले पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 5 देशों की आधिकारिक यात्रा के दौरान वह त्रिनिदाद और टोबैगो पहुंचे जहा उनका भव्य स्वागत हुआ। उन्हें त्रिनिदाद एवं टोबैगो के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ से सम्मानित किया गया। पीएम मोदी ने संसद को संबोधित करते हुए लोकतंत्र को जीवन जीने का तरीका बताया।

    By Digital Desk Edited By: Abhinav Tripathi Updated: Fri, 04 Jul 2025 09:56 PM (IST)
    Hero Image
    पीएम मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद को किया संबोधित। (फोटो- पीटीआई)

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय 5 देशों की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस कड़ी में वह त्रिनिदाद और टोबैगो की यात्रा पर पोर्ट ऑफ स्‍पेन पहुंचे। यहां पर पीएम मोदी का पारंपरिक अंदाज में शानदार और बेहद अलग तरीके से स्वागत हुआ।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को त्रिनिदाद एवं टोबैगो के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ से सम्मानित किया गया। इसके बाद पीएम मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद को भी संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र सिर्फ एक राजनीतिक मॉडल नहीं बल्कि जीवन जीने का तरीका है।

    पीएम मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद को किया संबोधित

    त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं इस प्रतिष्ठित रेड हाउस में बोलने वाला भारत का पहला प्रधानमंत्री बनकर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।

    अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि इस महान राष्ट्र के लोगों ने दो उल्लेखनीय महिला नेताओं को चुना है जिनमें राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री शामिल हैं। उन्होंने गर्व से खुद को भारतीय प्रवासियों की बेटियां कहा। उन्हें अपनी भारतीय विरासत पर गर्व है, हमारे दोनों राष्ट्र औपनिवेशिक शासन की छाया से उठकर साहस के साथ अपनी कहानियां लिखने के लिए आगे आए।

    'लोकतंत्र मॉडल नहीं, जीवन जीने का एक तरीका'

    पीएम मोदी ने आगे कहा कि हम भारतीयों के लिए लोकतंत्र सिर्फ एक राजनीतिक मॉडल नहीं बल्कि जीवन जीने का एक तरीका है। हमारे पास हज़ारों सालों की समृद्ध विरासत है। यहां के कई सांसदों के पूर्वज बिहार से हैं, जो महाजनपदों, प्राचीन गणराज्यों का घर था।

    उन्होंने त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद की संयुक्त सभा को संबोधित करते हुए कि मुझे कहना होगा कि भारतीय वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के सबसे उत्साही प्रशंसकों में से हैं। हम पूरे दिल से उनका उत्साहवर्धन करते हैं, सिवाय उस समय के जब वे भारत के खिलाफ खेल रहे हों।

    उन्होंने आगे कहा कि 180 साल पहले, पहले भारतीय समुद्र पार एक लंबी और कठिन यात्रा के बाद इस भूमि पर पहुंचे थे। भारतीय धड़कनें कैरेबियाई लय के साथ खूबसूरती से घुलमिल गईं, राजनीति से लेकर कविता तक, क्रिकेट से लेकर वाणिज्य तक वे हर क्षेत्र में योगदान देते हैं।

    एक बेटी दस बेटों के बराबर खुशी लाती है: पीएम मोदी

    त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद की संयुक्त सभा को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मैं इस सदन में इतनी सारी महिला सदस्यों को देखकर प्रसन्न हूं। महिलाओं के प्रति सम्मान भारतीय संस्कृति में गहराई से निहित है। हमारे महत्वपूर्ण पवित्र ग्रंथों में से एक, स्कंद पुराण में कहा गया है कि एक बेटी दस बेटों के बराबर खुशी लाती है।"

    उन्होंने कहा कि हम अपने आधुनिक भारत के निर्माण के लिए महिलाओं के हाथों को मजबूत कर रहे हैं। अंतरिक्ष से लेकर खेल तक, स्टार्टअप से लेकर विज्ञान, शिक्षा से लेकर उद्यम, विमानन से लेकर सशस्त्र बलों तक वे विभिन्न क्षेत्रों में भारत को एक नए भविष्य की ओर ले जा रही हैं।