Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    10 साल पहले गायब हुए विमान की फिर खोज शुरू करेगा मलेशिया, हिंद महासागर में चलाया जाएगा सर्च ऑपरेशन

    By Agency Edited By: Sachin Pandey
    Updated: Fri, 20 Dec 2024 11:00 PM (IST)

    Malaysia to begin search for Flight MH370 मलेशिया में 10 साल पहले आठ मार्च 2014 को लापता हुए विमान की खोज फिर से शुरू की जाएगी। मलेशियाई सरकार लापता लोगों के परिजनों के अनुरोध पर फिर से खोज कराने पर सहमत हो गई है। इसके लिए दक्षिणी हिंद महासागर में 15000 वर्ग किलोमीटर के नए क्षेत्र में विमान का पता लगाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।

    Hero Image
    लापता फ्लाइट MH370 में सवार यात्रियों के लिए बोर्ड पर संदेश लिखता एक व्यक्ति। (Photo- Reuters)

    आईएएनएस, क्वालालंपुर। मलेशियाई सरकार लापता विमान की खोज फिर से शुरू करने पर सहमत हो गई है। विमान संख्या एमएच 370 आठ मार्च 2014 को लापता हो गया था। विमान ने क्वालालंपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बीजिंग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरी थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बोइंग 777 का विमान 239 यात्रियों के साथ रडार स्क्रीन से गायब हो गया था। विमान में सवार लोगों के परिवार सरकार से नए सिरे से खोज शुरू करने का आग्रह कर रहे थे। मलेशियाई परिवहन मंत्री एंथनी लोके सियु फूक ने शुक्रवार को कहा कि कैबिनेट ने जांच फर्म ओशन इन्फिनिटी के प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए सहमति व्यक्त की है।

    हिंद महासागर में चलाया जाएगा सर्च ऑपरेशन

    दक्षिणी हिंद महासागर में 15,000 वर्ग किलोमीटर के नए क्षेत्र में विमान का पता लगाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। यह जांच अभियान नहीं मिला तो कोई शुल्क नहीं सिद्धांत पर काम करेगा। इसके तहत मलेशियाई सरकार को तब तक ओशन इन्फिनिटी को भुगतान की आवश्यकता नहीं होगी, जब तक कि विमान का मलबा नहीं मिल जाता।

    सरकार पहले भी चला चुकी है ऑपरेशन

    मलेशियाई सरकार ने पहले भी दक्षिणी हिंद महासागर में विमान की खोज के लिए अमेरिकी समुद्री तल अन्वेषण फर्म ओशन इनफिनिटी को नियुक्त किया था और विमान मिलने पर 70 मिलियन डॉलर तक का भुगतान करने की पेशकश की थी, लेकिन, उसका अभियान असफल रहा।

    मंत्री ने खाई थी खोज बंद न करने की कसम

    कुछ साल पहले एक स्मारक समारोह में, मलेशियाई परिवहन मंत्री ने MH370 पर खोज बंद नहीं करने की कसम खाई थी और कहा था कि अगर विमान के संभावित स्थान पर नई और विश्वसनीय जानकारी मिलती है तो भविष्य की खोजों पर उचित विचार किया जाएगा।

    कहां गया MH370?

    रॉयटर्स के अनुसार सैटेलाइट डेटा एनालिटिक्स से पता चला कि विमान संभवतः पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के तट से दूर दक्षिणी हिंद महासागर में कहीं दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। हालांकि, दो प्रमुख खोजों से कोई महत्वपूर्ण निष्कर्ष नहीं निकल पाया। विमान से अंतिम प्रसारण कुआलालंपुर से बीजिंग के लिए उड़ान भरने के लगभग 40 मिनट बाद हुआ था। विमान के वियतनामी हवाई क्षेत्र में प्रवेश करते ही कैप्टन ज़हारी अहमद शाह ने "गुड नाइट, मलेशियाई तीन सात शून्य" कहकर संदेश को समाप्त किया। इसके तुरंत बाद, इसका ट्रांसपोंडर बंद कर दिया गया, जिसका मतलब था कि इसे आसानी से ट्रैक नहीं किया जा सकता था।